Stock Market: सेंसेक्स 374 अंक टूटकर 76570 पर, निफ्टी 24 हजार से नीचे बंद

0
7

नई दिल्ली। Stock Market Closed : भारतीय शेयर बाजारों में बुधवार का दिन काफी उतार-चढ़ाव वाला रहा। यूएस-ईरान के बीच बढ़ते तनाव, कच्चे तेल की कीमतों में उछाल और ग्लोबल बॉन्ड यील्ड में रैली से बाजारों में भारी बिकवाली दर्ज की गई।

बेंचमार्क इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 373.93 अंकों की गिरावट के साथ 76,570.35 पर बंद हुआ, जो सेशन के दौरान 76,135.72 तक भी फिसला था।

इसी तरह निफ्टी में भी तेज बिकवाली दर्ज की गई। 50 शेयरों वाला इंडेक्स अंत में 141 अंकों की कमजोरी के साथ 23,914.45 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 23,786.80 तक भी फिसला था।

इंडेक्स में शामिल 36 शेयर गिरकर और 14 शेयर चढ़कर बंद हुए। सबसे ज्यादा गिरने वाले शेयरों में आयशर मोटर 3.24 फीसदी के साथ आगे रहा। विप्रो और महिंद्रा एंड महिंद्रा भी 2-2 फीसदी से ज्यादा टूटे। जबकि कोल इंडिया का शेयर 4 फीसदी से ज्यादा उछला।

बाजार में सबसे ज्यादा बिकवाली ऑटो, मीडिया समेत आईटी सेक्टर में दर्ज की गई। निफ्टी ऑटो इंडेक्स 1.8 फीसदी टूटा। इसी तरह मीडिया और आईटी इंडेक्स भी 1-1 फीसदी से ज्यादा टूटे। जबकि सरकारी बैंक, एनर्जी और रियल्टी सेक्टर में हल्की खरीदारी देखने को मिली।

शेयर बाजार में गिरावट के कारण

  • एसबीआई सिक्योरिटीज के टेक्निकल और डेरिवेटिव रिसर्च प्रमुख सुदीप शाह के मुताबिक,अमेरिका और जापान में बढ़ती बॉन्ड यील्ड, महंगा कच्चा तेल, अमेरिका-ईरान तनाव और विदेशी निवेशकों की कमजोर खरीदारी से बाजार पर दबाव रहा।
  • निचले स्तरों पर खरीदारी लौटने के बावजूद टेक्निकल संकेत कमजोर हैं। RSI 40 से नीचे फिसल गया है, जबकि एमएसीडी भी गिरावट का संकेत दे रहा है। निफ्टी 500 के 339 शेयर लाल निशान में बंद हुए।