नई दिल्ली। टोयोटा कंपनी ने ग्राहकों के इंतजार को खत्म करते हुए आज भारत में ग्लैंजा फेसलिफ्ट (Glanza Facelift) को लॉन्च कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 6.99 लाख रुपये है। अपडेटेड ग्लैंजा को टोटल पांच ट्रिम – E, S, G, V और V (O) में लाया गया है। इसमें नया फ्रंट डिजाइन, 1.2-लीटर 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन और कई नए फीचर्स दिए गए हैं। खास बात यह है कि अब इसमें वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, वायरलेस चार्जर और लेवल-2 ADAS जैसे फीचर्स भी मिलते हैं। आइए जानते हैं डीटेल।
वेरिएंट और कीमत
नई ग्लैंजा के E वेरिएंट की शुरुआती कीमत 6.99 लाख रुपये है। S वेरिएंट 7.71 लाख रुपये, G वेरिएंट 8.73 लाख रुपये, V वेरिएंट 9.99 लाख रुपये और टॉप V (O) वेरिएंट 10.49 लाख रुपये से शुरू होता है। ये सभी एक्स-शोरूम कीमतें हैं। फिलहाल टोयोटा ने सभी वेरिएंट की शुरुआती कीमतें ही बताई हैं।
माइलेज
ग्लैंजा फेसलिफ्ट में पुराना 4-सिलेंडर इंजन हटाकर नया 1.2-लीटर Z12E 3-सिलेंडर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन दिया गया है। पेट्रोल मोड में यह 83hp की ताकत और 112Nm का टॉर्क जेनरेट करता है। इसके साथ 5-स्पीड मैन्युअल और 5-स्पीड AMT गियरबॉक्स मिलते हैं। पावर पहले से 7hp और टॉर्क 1Nm कम है, लेकिन कार का माइलेज बढ़ गया है। मैन्युअल वेरिएंट का क्लेम्ड माइलेज 23.80kmpl और AMT का 24.77kmpl है। इंजन में आइडल स्टार्ट-स्टॉप फीचर भी मिलता है, जो जरूरत न होने पर इंजन बंद करके फ्यूल सेव करने में मदद करता है। सीएनजी मोड में यही इंजन 70hp की पावर और 102Nm का टॉर्क ऑफर करता है। इसमें भी मैन्युअल और AMT दोनों गियरबॉक्स के ऑप्शन हैं। कंपनी के मुताबिक, सीएनजी मैन्युअल का माइलेज 33.61km/kg और AMT का माइलेज 34.47km/kg है।
फ्रंट डिजाइन
नई ग्लैंजा के फ्रंट में बड़ा ग्रिल दिया गया है, जिसके दोनों तरफ सैटिन फिनिश वाली ट्रिम दी गई है। ग्रिल में रडार मॉड्यूल भी है, जो ADAS के लिए काम करता है। हेडलैंप पहले जैसे हैं, लेकिन LED फॉग लैंप का डिजाइन कंपनी ने बदल दिया है। टोयोटा लोगो को बोनट के नीचे प्लास्टिक ट्रिम पर प्लेस कर दिया गया है। इसके अलावा नई शार्क-फिन एंटीना और डिजिटल टील ग्रीन के साथ ब्लूइश ब्लैक जैसे दो नए कलर भी ऐड किए गए हैं। साइड में 16-इंच अलॉय व्हील, क्रोम डोर हैंडल और विंडो लाइन पर क्रोम ट्रिम पहले जैसी ही है। कार के रियर में भी बड़े बदलाव नहीं हुए हैं। इसमें रैपअराउंड LED टेललैंप, रूफ स्पॉयलर, रियर वाइपर और वॉशर मिलते हैं।
नए फीचर्स
केबिन में नई लेदरेट सीट अपहोल्स्ट्री, वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स और कूलिंग वेंट के साथ वायरलेस फोन चार्जर दिया गया है। इसके अलावा क्लेरियन का 4-स्पीकर और 2-ट्वीटर साउंड सिस्टम, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) और लेवल-2 ADAS भी मिलता है। बाकी फीचर्स पहले जैसे हैं। इसमें 9-इंच टचस्क्रीन, मोनोक्रोम हेड-अप डिस्प्ले, एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर के साथ कलर MID और रियर एसी वेंट के साथ ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल मिलता है। सेफ्टी के लिए 6 एयरबैग, 360-डिग्री कैमरा, हिल होल्ड कंट्रोळ और ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट भी दिए गए हैं।
इनसे होगा मुकाबला
टोयोटा ग्लैंजा फेसलिफ्ट का मुकाबला मारुति सुजुकी बलेनो, हुंडई i20 और i20 N Line के साथ टाटा अल्ट्रोज से रहेगा। बलेनो की कीमत 5.99 लाख से 9.99 लाख रुपये, हुंडई i20 और i20 N Line की कीमत 6 लाख से 11.64 लाख रुपये और टाटा अल्ट्रोज की कीमत 6 लाख से 10.90 लाख रुपये तक है। सभी कीमतें एक्स-शोरूम हैं।

