नई दिल्ली। Stock Market Update 01:10 PM: शेयर बाजार की शुरुआत गुरुवार 22 अक्टूबर को गिरावट के साथ हुई। दोपहर को सेंसेक्स 280 अंक नीचे 73429 पर आ गया है। एक समय यह 73720 पर था और इसके बाद 73005 तक को टच किया। निफ्टी भी 114 अंक नीचे 22696 पर आ गया है।
अल्ट्राटेक में 1.35, बजाज फिनसर्व में 1.35, एलएंडटी में 1.24 और ICICI बैंक में 1.04 प्रतिशत की बढ़त है। टेक महिंद्रा, एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस, आईटीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे स्टॉक्स आज रेड जोन में हैं।
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स 642.51 अंक गिरकर 73,067.18 पर आ गया। निफ्टी 241.35 अंक गिरकर 22,570.90 पर आ गया। शुरुआती कारोबार में रुपया डॉलर के मुकाबले 12 पैसे गिरकर 94.50 पर आ गया।
बीएसई का सेंसेक्स 366 अंक नीचे 73343 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई का निफ्टी ने 123 अंकों के नुकसान के साथ आज के कारोबार की शुरुआत 22688 के लेवल से की। चंद मिनट बाद ही सेंसेक्स 600 अंक लुढ़क गया और 73,005 तक आ गया। निफ्टी गिरावट का दोहरा शतक लगा दिया।
बुधवार को लाल निशान पर बंद हुआ था बाजार
भारतीय शेयर बाजार में बुधवार को बीएसई सेंसेक्स 143.21 अंक यानी 0.19% गिरकर 73,709.69 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स 74,682.19 के ऊपरी स्तर तक पहुंचा था, लेकिन बाद में बिकवाली बढ़ने से यह 73,229.45 तक फिसल गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 में 77.60 अंक यानी 0.34% की गिरावट आई और यह 22,811.35 पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान निफ्टी 23,120.90 तक पहुंचा, लेकिन बाद में गिरकर 22,702.85 के निचले स्तर तक आ गया।
जियो IPO का आज दूसरा दिन
जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO का आज दूसरा दिन है। पहले दिन इश्यू को धमाकेदार रिस्पांस मिला। IPO पहले दिन कुल 2.8 गुना भरा। QIB हिस्सा 8.4 गुना और गैर-संस्थागत निवेशकों का हिस्सा 1.4 गुना सब्सक्राइब हुआ। रिटेल हिस्सा 60 फीसदी भरा। कर्मचारियों की कैटेगरी 1.2 गुना और पात्र शेयरधारकों का हिस्सा 1.3 गुना सब्सक्राइब हुआ।
वैश्विक बाजार के संकेत
- गिफ्ट निफ्टी : गुरुवार को गिफ्ट निफ्टी करीब 22,682 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। यह पिछले बंद स्तर से लगभग 46.50 अंक यानी 0.20% नीचे था। इससे घरेलू शेयर बाजार में कमजोर शुरुआत के संकेत मिल रहे थे। हालांकि, बाजार की शुरुआत का संकेत देने वाला गिफ्ट निफ्टी पूरे दिन के कारोबार की दिशा तय नहीं करता। घरेलू और वैश्विक घटनाक्रम के आधार पर बाजार में उतार-चढ़ाव हो सकता है।
- एशियाई बाजार: एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी गिरावट में रहा, जबकि जापान और ताइवान के बाजारों में तेजी दर्ज की गई। अमेरिकी शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन बढ़त रही, लेकिन मेटा, टेस्ला और आईबीएम के नतीजों के बाद अमेरिकी शेयर वायदा दबाव में आ गए।
- दक्षिण कोरिया: कोस्पी इंडेक्स शुरुआती कारोबार में 1.14% गिरकर 5,670.11 पर आ गया। इससे पहले पिछले सत्र में इसमें 3.29% की तेजी आई थी।जापान का निक्केई 225 शुरुआत में 0.13% गिरा, लेकिन बाद में संभलकर 0.22% बढ़कर 64,764.54 पर कारोबार करने लगा। ताइवान का ताइएक्स इंडेक्स भी शुरुआती कारोबार में 0.61% बढ़कर 47,175.33 पर पहुंच गया।
- कच्चे तेल की कीमतें: एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर के मुताबिक, भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत सतर्कता के साथ हो सकती है और दबाव बना रह सकता है। कच्चे तेल की कीमतों में तेजी बाजार के लिए चिंता का विषय है। डब्ल्यूटीआई क्रूड करीब 98 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा है, जबकि ब्रेंट क्रूड 110 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गया है।

