रेनॉल्ट डस्टर हाइब्रिड भारत में लॉन्च; जानिए कितना है माइलेज और कीमत

0
3

नई दिल्ली। रेनॉल्ट ने अपनी नई डस्टर के स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड मॉडल की कीमत का ऐलान कर दिया है। इसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 16.99 लाख रुपये रखी गई है। कंपनी ने मार्च, 2026 में थर्ड जनरेशन की डस्टर पेश करते समय इसके हाइब्रिड वर्जन की भी जानकारी दी थी। उस समय कुछ समय के लिए बुकिंग शुरू हुई थी।

ग्राहकों के बीच इसकी मांग इतनी ज्यादा रही कि 2026 के लिए इसकी बुकिंग जल्द ही पूरी हो गई। इसके बाद कंपनी ने प्री-ऑर्डर लेना रोक दिया था। अब रेनॉल्ट ने दोबारा बुकिंग शुरू कर दी है। ग्राहक 21,000 रुपये देकर इसे बुक कर सकते हैं। आइए जानते हैं कार की पूरी डिटेल्स के बारे में विस्तार से।

नई डस्टर हाइब्रिड में 1.8-लीटर का 4-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है। इसके साथ दो इलेक्ट्रिक मोटर और 1.4kWh की बैटरी मिलती है। इसका पूरा सिस्टम 160bhp की पावर और 208Nm का टॉर्क जनरेट करता है। कंपनी के अनुसार, यह SUV 0 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार सिर्फ 9.6 सेकेंड में पकड़ सकती है।

पेट्रोल इंजन अकेले 110bhp की पावर देता है। इसमें मल्टी-मोड DHT ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है। खास बात यह है कि इसकी बैटरी चार्ज करने के लिए अलग से चार्जिंग पॉइंट की जरूरत नहीं पड़ती। गाड़ी चलने के दौरान और ब्रेक लगाने पर बैटरी अपने आप चार्ज होती रहती है।

रेनॉल्ट का दावा है कि डस्टर हाइब्रिड शहर में 80 पर्सेंट तक ड्राइविंग इलेक्ट्रिक मोड में कर सकती है। कम रफ्तार पर इलेक्ट्रिक मोटर पहियों को चलाती है और जरूरत पड़ने पर पेट्रोल इंजन शुरू होता है।

इससे ट्रैफिक में बार-बार गाड़ी रोकने और चलाने के दौरान पेट्रोल की बचत हो सकती है। इसमें कुल छह ड्राइविंग मोड मिलते हैं, जिनमें प्योर EV और दो हाइब्रिड मोड शामिल हैं। ड्राइविंग की स्थिति के हिसाब से सिस्टम खुद मोड बदलता है।

डस्टर हाइब्रिड के माइलेज को इसकी सबसे बड़ी खासियत माना जा रहा है। कंपनी का दावा है कि यह 29 किलोमीटर प्रति लीटर तक का माइलेज दे सकती है। इसकी तुलना में डस्टर के 1.0-लीटर टर्बो पेट्रोल मैनुअल वर्जन का माइलेज 19.41 kmpl है।

वहीं, 1.3-लीटर टर्बो पेट्रोल मैनुअल और DCT ऑटोमैटिक वर्जन क्रमशः 17.75 kmpl और 18.45 kmpl का माइलेज देते हैं। ये कंपनी के बताए आंकड़े हैं। असल इस्तेमाल में माइलेज ड्राइविंग स्टाइल, ट्रैफिक और सड़क की स्थिति के हिसाब से अलग हो सकता है।

रेनॉल्ट डस्टर हाइब्रिड का मुकाबला मारुति ग्रैंड विटारा, मारुति विक्टोरिस और टोयोटा अर्बन क्रूजर हाइराइडर के स्ट्रॉन्ग हाइब्रिड मॉडल से होगा। कंपनी के अनुसार, ग्रैंड विटारा और हाइराइडर का दावा किया गया माइलेज 27.97 kmpl, जबकि विक्टोरिस का 28.65 kmpl है। डस्टर का 160bhp का पावर आउटपुट भी इन दोनों कंपनियों के हाइब्रिड मॉडल के मुकाबले ज्यादा है। रेनॉल्ट का यह मॉडल उन ग्राहकों को ध्यान में रखकर लाया गया है, जो डीजल इंजन के बिना बेहतर माइलेज वाली SUV चाहते हैं।