नई दिल्ली। भारतीय रिफाइनरों ने अगस्त में रिकॉर्ड मात्रा में सोयाबीन तेल का आयात किया। इसी तरह पाम तेल इंपोर्ट छह महीनों में सबसे ज्यादा रहा। इसकी वजह रिफाइनरों की ओर से फेस्टिव सीजन से पहले स्टॉक जमा करने की होड़ है। पांच डीलरों के हवाले से यह जानकारी दी।
भारत वेजिटेबल ऑयल का दुनिया में सबसे बड़ा इंपोर्टर है। उसके पाम तेल और सोयाबीन तेल की ज्यादा खरीद से इंडोनेशिया, मलेशिया और अर्जेंटीना जैसे बड़े उत्पादकों को अपना स्टॉक कम करने और बेंचमार्क पाम तेल और सोयाबीन तेल के वायदा भाव को सहारा देने में मदद मिल सकती है। डीलरों के औसत अनुमानों के अनुसार, अगस्त में भारत का पाम तेल आयात पिछले महीने के मुकाबले 7% बढ़ा। यह बढ़कर 7,80,000 टन हो गया।
सूरजमुखी तेल का शिपमेंट लुढ़का: इसी तरह सोयाबीन तेल का आयात महीने-दर-महीने 21% बढ़कर रिकॉर्ड 6,01,000 टन हो गया। जबकि सूरजमुखी तेल का शिपमेंट 38% गिरा। यह लुढ़ककर छह महीने के निचले स्तर 1,57,000 टन पर आ गया। पाम तेल और सोयाबीन तेल के ज्यादा शिपमेंट के कारण खाद्य तेल का आयात 4% बढ़कर 11 महीने के सबसे ऊंचे 15.4 लाख टन पर पहुंच गया।
नेपाल से इतना हुआ तेल आयात: डीलरों ने कहा कि इन आंकड़ों में पड़ोसी देश नेपाल से जमीन के रास्ते आने वाले ड्यूटी-फ्री शिपमेंट शामिल नहीं हैं।उन्होंने बताया कि अगस्त में नेपाल से लगभग 1,00,000 टन खाद्य तेल का आयात किया गया। इसमें 90,000 टन सोयाबीन तेल शामिल था।
रिफाइनरों ने इसलिए बढ़ाई खरीद: सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया सितंबर के मध्य तक अगस्त के आयात के आंकड़े जारी करने वाला है। गुजरात राज्य के राजकोट शहर में ट्रेडर GGN रिसर्च के मैनेजिंग पार्टनर राजेश पटेल ने कहा कि रिफाइनरों ने त्योहारों की मांग को पूरा करने के लिए और इसलिए भी खरीद बढ़ाई क्योंकि बाद के महीनों के शिपमेंट की तुलना में तुरंत डिलीवरी सस्ती थी। भारत में अगस्त और नवंबर के बीच कई त्योहार मनाए जाते हैं। तब आमतौर पर खाद्य तेल की मांग सबसे ज्यादा होती है।
कहां-कहां से आता है सोयाबीन और पाम ऑयल: वेजिटेबल ऑयल ब्रोकरेज फर्म सनविन ग्रुप के चीफ एग्जीक्यूटिव संदीप बजोरिया ने कहा कि सोयाबीन तेल का आयात इसलिए बढ़ा क्योंकि तिलहन की कीमत पाम तेल की तुलना में ज्यादा प्रतिस्पर्धी थी। जबकि रूस-यूक्रेन युद्ध के बढ़ने से ब्लैक सी से सूरजमुखी तेल का शिपमेंट बाधित हुआ।
भारत अपना ज्यादातर पाम तेल इंडोनेशिया और मलेशिया से मंगाता है। वहीं, सोयाबीन तेल और सूरजमुखी तेल मुख्य रूप से अर्जेंटीना, ब्राजील, रूस और यूक्रेन से आयात किए जाते हैं। बजोरिया ने कहा, ‘सितंबर में भी भारत में सोयाबीन तेल और पाम ऑयल का आयात बहुत ज्यादा रहेगा।’

