जयपुर। बॉलीवुड फिल्म भारत भाग्य विधाता दिल्ली में टैक्स फ्री हो चुकी है। अब राजस्थान में भी टैक्स फ्री करने की मांग उठी है। यह फिल्म वर्ष 2008 में मुंबई के 26/11 आतंकी हमले के दौरान कामा हॉस्पिटल के कर्मचारियों की बहादुरी पर आधारित है।
लोकसभा सांसद कंगना रनौत ने इस फिल्म में मुख्य किरदार निभाया है। रनौत ने एक नर्स की भूमिका अदा की। फिल्म में बताया गया कि देश की सेवा के लिए केवल खाकी वर्दी में नहीं बल्कि स्वास्थ्य कर्मियों का व्हाइट कोट पहनना भी गर्व की बात है।
शुक्रवार को फिल्म भारत भाग्य विधाता रिलीज हुई। जयपुर के ईपी सिनेमा में स्पेशल स्क्रीनिंग की गई। इस स्पेशल स्क्रीनिंग में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा भी फिल्म देखने पहुंचे।
साथ में डिप्टी सीएम दिया कुमारी, जयपुर सांसद मंजू शर्मा और प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ सहित कई जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे। इस स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान कंगना रनौत ने भी मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से इस फिल्म को टैक्स फ्री करने का आग्रह किया।
इस बात की पुष्टि खुद कंगना रनौत ने मीडिया से बात करते समय की। रनौत ने कहा कि मुख्यमंत्री जी ने उनके आग्रह पर फिल्म को टैक्स फ्री करने का आश्वासन दिया। डिप्टी सीएम दिया कुमारी ने भी कहा था कि वे भी मुख्यमंत्री से मिलकर इस फिल्म को टैक्स फ्री करने की बात कहेंगी।
फिल्म भारत भाग्य विधाता की स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान कई नर्सिंग कॉलेजों के स्टूडेंट्स को फिल्म देखने के लिए आमंत्रित किया गया था। सैकड़ों की संख्या में मेडिकल स्टूडेंट्स ने मुख्यमंत्री, उप मुख्यमंत्री, सांसद और फिल्म अभिनेत्री कंगना के साथ बैठकर फिल्म देखी।
इंडियन नर्सिंग काउंसलिंग के वाइस प्रेसिडेंट और टीएनएआई राजस्थान के प्रदेशाध्यक्ष डॉ. जोगेंद्र शर्मा ने भी इस फिल्म को टैक्स फ्री करने की मांग की। डॉ. शर्मा ने कहा कि यह फिल्म सेवा को समर्पित है।
इस प्रेरणादायी फिल्म को टैक्स फ्री किया जाना चाहिए। स्पेशल स्क्रीनिंग के दौरान मरीजों की सेवा में अपना योगदान देने वाले नर्सेस को स्टेज पर बुलाकर टैग लगाकर सम्मानित किया गया।
असली हीरोज का सम्मान करना जरूरी: कंगना
फिल्म भारत भाग्य विधाता के रिलीज होने के साथ ही कंगना रनौत अपनी पूरी टीम के साथ देशभर के अलग-अलग शहरों में दौरा कर रही हैं। उनका कहना है कि इस फिल्म में देश के असली हीरोज की स्टोरी दिखाई गई है। हेल्थ वर्क वे असली हीरो हैं जो मुश्किल वक्त में चुपचाप भारत को संभालकर रखते हैं। फिल्म के स्पेशल स्क्रीनिंग में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के शामिल होने पर लोकसभा सांसद और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने मुख्यमंत्री का आभार जताया।

