SET-2026: राज्य पात्रता परीक्षा में 429 केंद्रों पर 1.38 लाख अभ्यर्थी हुए शामिल

0
10

कोटा। कोटा विश्वविद्यालय की ओर से SET-2026 प्रदेश के सात संभाग मुख्यालयों के 429 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित हुई। परीक्षा के लिए 1,77,901 अभ्यर्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें से 1,38,618 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। इस तरह लगभग 78 प्रतिशत उपस्थिति रही। 37 विषयों की परीक्षा एक ही पारी में सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित की गई।

कोटा विश्वविद्यालय के कुलगुरू प्रो. बी.पी. सारस्वत ने बताया कि राजस्थान में सहायक आचार्य पद के लिए पात्रता निर्धारित करने वाली राज्य पात्रता परीक्षा (SET)-2026 कड़े सुरक्षा बंदोबस्त के साथ पूरी पारदर्शिता बरती गई। इसलिए कहीं से पेपर लीक जैसी कोई शिकायत नहीं मिली। प्रदेशभर में परीक्षा के दौरान नकल, अनुचित साधन अथवा प्रश्न-पत्र से जुड़ी किसी शिकायत का मामला सामने नहीं आया।

SET-2026 की तैयारियां मई 2026 से ही शुरू कर दी गई थीं। प्रश्न-पत्र तैयार करने, मॉडरेशन और परीक्षा की गोपनीयता को लेकर बहुस्तरीय व्यवस्था बनाई गई। परीक्षा के लिए 38 प्रश्न-पत्र तैयार किए गए और प्रत्येक प्रश्न-पत्र तैयार करने की प्रक्रिया में 4 से 5 विशेषज्ञों को शामिल किया गया। परीक्षा की तकनीकी व्यवस्था और सुरक्षा के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गईं।

कैमरे की निगरानी में खोला गया सीलबंद पैकेट
परीक्षा की सबसे महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं में प्रश्न-पत्रों की सुरक्षित आपूर्ति और वितरण शामिल रहा। एजेंसी से प्राप्त प्रश्न-पत्र सील पैकेट में परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाए गए। केंद्र पर निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार ही सील खोली गई और प्रश्न-पत्र अभ्यर्थियों तक पहुंचाए गए। परीक्षा समाप्त होने के बाद विद्यार्थियों की ओएमआर शीट भी सील बंद पैकेट में जमा कराई गई। इस व्यवस्था से परीक्षा सामग्री के साथ अनधिकृत हस्तक्षेप अथवा छेड़छाड़ की आशंका को समाप्त करने का प्रयास किया गया।

429 परीक्षा केंद्र की लाइव मॉनिटरिंग
SET-2026 में तकनीक को निगरानी का मजबूत आधार बनाया गया। प्रदेश के परीक्षा केंद्रों पर इलेक्ट्रॉनिक एवं अन्य जांच व्यवस्थाओं के लिए 1800 से अधिक कार्मिकों को तैनात किया गया। वहीं कोटा विश्वविद्यालय परिसर में विशेष लाइव मॉनिटरिंग सेंटर स्थापित किया गया, जहां से प्रदेश के सभी 429 परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर लाइव नजर रखी गई।

डमी अभ्यर्थी और पेपर लीक पर कसा शिकंजा
समन्वयक सेट -2026 प्रो.घनश्याम शर्मा ने बताया कि परीक्षा के लिए किए गए व्यापक सुरक्षा प्रबंधों के कारण डमी अभ्यर्थी के परीक्षा में बैठने, प्रश्न-पत्र लीक होने और परीक्षा सामग्री से छेड़छाड़ की किसी भी संभावना को रोकने के लिए बहुस्तरीय व्यवस्था की गई थी। परीक्षा के दौरान नकल अथवा अनुचित साधनों के इस्तेमाल का कोई प्रकरण सामने नहीं आया। प्रश्न-पत्रों के संबंध में भी कोई परिवेदना प्राप्त नहीं हुई।

दो केंद्रों पर तकनीकी कारणों से परीक्षा स्थगित
उन्होंने बताया कि जयपुर संभाग के दो परीक्षा केंद्रों पर प्रश्न-पत्र एवं परीक्षा सामग्री पहुंचने में तकनीकी कारणों से विलंब हुआ। विश्वविद्यालय को जानकारी मिलने के बाद अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए बंसल इंटरनेशनल स्कूल, चौमू, जयपुर और पिंकसिटी एकेडमी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, खोराबीसल, जयपुर की परीक्षा स्थगित करने का निर्णय लिया गया। इन केंद्रों पर पंजीकृत अभ्यर्थियों के लिए पुनः परीक्षा की तिथि और केंद्र की सूचना विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर जारी की जाएगी।