मुंबई। Jio IPO : जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO ने निवेशकों की भागीदारी के मामले में नया रिकॉर्ड बना दिया है। कंपनी के इश्यू को 1 करोड़ से ज्यादा आवेदन मिले हैं। इसके साथ ही यह दुनिया का ऐसा पहला IPO बन गया है, जिसे 1 करोड़ से ज्यादा आवेदन मिले हैं।
30213 करोड़ रुपये का मेगा IPO साइज के लिहाज से यह देश का सबसे बड़ा पब्लिक इश्यू भी है। शाम 3 बजे तक के आंकड़ों पर नजर डालें तो इश्यू 11.52 गुना सब्सक्राइब हो चुका है।
जियो IPO में अब तक कुल 1.22 करोड़ आवेदन मिल चुके हैं। इससे पहले आवेदन के मामले में सबसे बड़ा रिकॉर्ड वारी एनर्जीज के नाम था, जिसके IPO को करीब 97 लाख आवेदन मिले थे। बजाज हाउसिंग फाइनेंस और भारत कोकिंग कोल के IPO को भी करीब 90-90 लाख आवेदन मिले थे।
जियो प्लेटफॉर्म्स के IPO में संस्थागत निवेशकों की मांग सबसे ज्यादा रही। क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (QIB) के लिए रिजर्व हिस्सा 29.11 गुना सब्सक्राइब हुआ। इस कैटेगरी में 4.9 करोड़ शेयरों के मुकाबले 1.42 करोड़ शेयरों के लिए बोली मिली।
गैर-संस्थागत निवेशकों (NII) का हिस्सा 13.20 गुना सब्सक्राइब हुआ, जबकि रिटेल निवेशकों के लिए रिजर्व हिस्सा 2.48 गुना भरा है। रिटेल निवेशकों ने 8.5 करोड़ आरक्षित शेयरों के मुकाबले 21.04 करोड़ शेयरों के लिए बोली लगाई थी।
जियो प्लेटफॉर्म्स का IPO 21 अक्टूबर को खुला था। इश्यू पहले ही दिन महज 100 मिनट में पूरा सब्सक्राइब हो गया था। इस लिहाज से यह भारत में सबसे तेजी से पूरा सब्सक्राइब होने वाला बड़ा सार्वजनिक इश्यू बना।
कंपनी ने एंकर निवेशकों से भी मजबूत मांग हासिल की। जियो प्लेटफॉर्म्स के इश्यू के लिए 212 एंकर निवेशकों ने हिस्सा लिया, जिनको 8,109.85 करोड़ रुपये के शेयर अलॉट किए। शेयरों का अलॉटमेंट 1,119 रुपये प्रति शेयर के अपर प्राइस बैंड पर किया गया था। बता दें कि एंकर बुक के लिए संस्थागत निवेशकों की डिमांड ₹2.5 लाख करोड़ से ज्यादा रही थी।
जियो IPO की कब होगी लिस्टिंग?
एक्सचेंज पर शेयरों की लिस्टिंग 28 अक्टूबर को होने की उम्मीद है। जिन निवेशकों ने IPO में बोली लगाए हैं। उनके खाते में 26 अक्टूबर को शेयर आ सकते हैं। जबकि 27 अक्टूबर को रिफंड मिलेगा। IPO के लिए लॉट साइज 12 शेयरों का है।

