Saturday, July 4, 2026
Home Blog Page 5696

लोन नहीं लेंगे तो भी घर खरीदने पर मिलेंगे 1.5 लाख

अगर कोई इन मकानों को खरीदने के लिए बैंक से कर्ज नहीं लेता है तो भी उसे डेढ़ लाख रुपये तक की सहायता राशि दी जाएगी,  यह राशि भी सरकार की ओर से ही मिलेगी

नई दिल्ली। रियल एस्टेट मार्केट बुरी तरह टूटने के बाद सरकार ने किफायती घरों के निर्माण को बढ़ावा देने के इरादे से इसमें पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) स्कीम लाने का फैसला किया है। इस स्कीम के तहत अगर प्राइवेट जमीन पर भी मकान बनाया जाता है, तो उस स्थिति में भी सरकार सहायता राशि प्रदान करेगी।

आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की इस पॉलिसी के तहत अगर प्राइवेट जमीन पर बिल्डर मकान बनाता है, तो उसे खरीदने को लिए लोन के ब्याज में केंद्र सरकार अधिकतम ढाई लाख रुपये तक की छूट देगी।

हालांकि, अगर कोई इन मकानों को खरीदने के लिए बैंक से कर्ज नहीं लेता है तो भी उसे डेढ़ लाख रुपये तक की सहायता राशि दी जाएगी। यह राशि भी सरकार की ओर से ही मिलेगी।

हाउजिंग मिनिस्ट्री के सूत्रों का कहना है कि केंद्र सरकार यह पॉलिसी इसलिए लेकर आई है क्योंकि अधिकांश बिल्डर महंगे और आलीशान मकानों का ही निर्माण करते हैं, जबकि इस वक्त ऐसे मकानों की जरूरत है जो किफायती और सस्ती दर पर मिलनेवाले हों।

सेंसेक्स 163 अंक से ज्यादा टूटा , निफ्टी 10100 के नीचे खुला

नई दिल्ली। एशियाई बाजारों के कमजोर प्रदर्शन का असर भारतीय शेयर बाजारों पर भी पड़ा और शुक्रवार को मार्केट तेज गिरावट के साथ खुला। 30 शेयरों का बीएसई सेंसेक्स 163.54 अंक टूटकर 32,206.50 जबकि 50 शेयरों का एनएसई निफ्टी 58.25 अंक टूटकर 10,063.65 अंक पर आ गिरा।

दक्षिण कोरिया ने कहा कि वह प्रशांत महासागर में परमाणु हथियार का परीक्षण करने पर विचार कर रहा है। इसका एशियाई मार्केट्स पर बुरा असर पड़ा। शुक्रवार के शुरुआती कारोबार में सभी सेक्टर्स के सूचकांक लाल रंग में दिखे और निफ्टी ऑटो, एफएमसीजी, मेटल और पीएसयू बैंक तथा प्राइवेट बैंक के शेयर 0.4 से 1 प्रतिशत तक गिर गए।

इधर, बीएसई मिडकैप और स्मॉल कैप शेयरों में भी 0.7 प्रतिशत की गिरावट देखी गई। शुरुआती कारोबार में एक्साइड इंडस्ट्रीज, ग्रैफाइट इंडिया, जेपी असोसिएट्स, पीटीसी इंडिया और मैट्रिमनी.कॉम के शेयर 4 प्रतिशत तक गिर गए जबकि आईपीसीए लैब्स के शेयर 2.5 प्रतिशत मजबूती के साथ कारोबर कर रहे थे।

प्राइवेट सेक्टर बैंकों की बाजार हिस्सेदारी 40 फीसद तक संभव

“ तमाम चुनौतियों के बावजूद, प्राइवेट सेक्टर के बैंक अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की 2.5 फीसद के मुकाबले 17.8 फीसद की 3-वर्षीय चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर के साथ क्रेडिट ग्रोथ देकर अवसरों का फायदा उठाया है।”

नई दिल्ली । बैंकिंग सेक्टर में निजी क्षेत्र के बैंकों की बाजार हिस्सेदारी के साल 2019-20 तक 38 से 40 फीसद तक बढ़ने का अनुमान है। यह अनुमान क्रेडिट रेटिंग एजेंसी इक्रा ने लगाया है। इक्रा के मुताबिक 31 मार्च 2014 तक प्राइवेट सेक्टर के बैंकों का मार्केट शेयर (बाजार हिस्सेदारी) 19.9 फीसद थी और साल 2016-17 तक यह 27.5 फीसद पर आ गई।

बाजार हिस्सेदारी में यह अनुमानित वृद्धि, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की पूंजीगत बाधाओं और निजी क्षेत्र के उधारदाताओं के लिए 80 फीसद की वृद्धिशील बाजार हिस्सेदारी के साथ-साथ चालू वित्त वर्ष और 2019-20 के बीच बैंकिंग क्षेत्र के लिए 7 से 9 फीसद क्रेडिट ग्रोथ पर आधारित है।

इक्रा के ग्रुप हैड (फाइनेंशियल सेक्टर रेटिंग) कार्थिक श्रीनिवासन ने कहा प्राइवेट सेक्टर के बैंक कमजोर क्रेडिट डिमांड के कारण तेजी से बढ़ती प्रतिस्पर्धा के कारण चुनौतियों का सामना कर रहे हैं। जबकि बैंकों को लाभ और ग्रोथ के बीच समन्वय लाने के लिए भी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने आगे कहा, “इन तमाम चुनौतियों के बावजूद, प्राइवेट सेक्टर के बैंक अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और उन्होंने सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों की 2.5 फीसद के मुकाबले 17.8 फीसद की 3-वर्षीय चक्रवृद्धि वार्षिक वृद्धि दर के साथ क्रेडिट ग्रोथ देकर अवसरों का फायदा उठाया है।”

इस रिपोर्ट में कहा गया कि डिपाजिट के मामले में प्राइवेट सेक्टर के बैंकों की बाजार हिस्सेदारी 30 जून 2017 को बढ़कर 23.5 फीसद हो गई थी, जबकि 30 जून 2014 को यह 19 फीसद रही थी।

विवाह योग्य युवक -युवती परिचय सम्मेलन के ब्रोशर का विमोचन

  • परिचय सम्मेलन के लिए युवक-युवती 10 रुपये में पंजीयन करवा सकते हैं

  • परिचय सम्मेलन को सफल बनाने के लिए 10 समितियां बनाई गई 

कोटा। अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन, जिला कोटा के बैनर तले वैश्य समाज के 18 घटकों की संयुक्त बैठक बसंत विहार स्थित विजयवर्गीय मांगलिक भवन में हुई, जिसमें आगामी 29 अक्टूबर को कोटा के सीएडी ग्राउंड में होने वाले विवाह योग्य युवक – युवती परिचय सम्मेलन-2017 के परिपत्र एवम परिचय फॉर्म का विमोचन किया गया।

अध्यक्ष डॉ.वेदप्रकाश गुप्ता एवम महामंत्री इंजीनियर पीसी मित्तल ने बताया कि इस वर्ष वैश्य समाज के विराट अन्नकूट महोत्सव एवम परिचय सम्मेलन को सफल बनाने के लिए 10 समितियां बनाई गई। 

इस अवसर पर समस्त वैश्य समाज की प्रतिभाओं का सम्मान किया जाएगा, इनमे 10वीं व 12वीं बोर्ड में मेरिट प्राप्त करने वाले छात्र, सिविल सेवाओं, आईआईएम, आईआईटी, मेडिकल, एम्स, गेट, सीए आदि में चयनित विध्यार्थियों को सम्मानित किया जाएगा। शाम को भजन प्रतियोगिता होगी।

परिचय सम्मेलन के संयोजक राम विलास जैन ने बताया कि परिचय सम्मेलन के लिए युवक-युवती 10 रुपये में पंजीयन करवा सकते हैं। शहर के 40 स्थानों पर गुरुवार से परिचय फार्म  व अन्नकूट कूपन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। कार्यक्रम में परिचय स्मारिका सशुल्क वितरित की जाएगी।

बैठक में मौजूद सभी 18 वैश्य समाजों के प्रतिनिधियो, युवा समिति व महिला समिति ने परिचय सम्मेलन की वेबसाइट का विमोचन किया। उन्होंने बताया कि समारोह में ऐसे दम्पतियों को भी सम्मानित किया जाएगा जिन्होंने वैश्य समाज में ही अंतरजातीय विवाह को प्राथमिकता दी।

वैश्य युवा महासम्मेलन के प्रदेश अध्यक्ष मुकेश विजय तथा कोटा जिला अध्यक्ष रामबाबू गुप्ता ने कहा कि वैश्य समाज के परिचय सम्मेलन में भाग लेने के लिए देश-विदेश में बिजनेस, इंडस्ट्री, सर्विस सेक्टर, प्रशासनिक एवम प्रोफेशनल सेवाओ से जुड़े सभी घटकों  के युवक-युवतियों में उत्साह है।

युवा वर्ग प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन उद्योग स्थापित करें -सैनी

कृषि विश्वविद्यालय कोटा में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबन्धन एवं गुणवत्ता सुधार केन्द्र का शिलान्यास व मॉडल डेयरी का शुभारम्भ

कोटा । कृषि पशुपालन मंत्री एवं जिला प्रभारी मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी ने कहा कि युवा स्वरोजगार हेतु प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन आधारित लघु उद्योगों की स्थापना कर सफल उद्यमी बने यही कृषि का मूलमंत्र है। उन्होंने कहा कि आनेवाला समय खेती का है नवाचार अपनाकर कृषि प्रसंस्करण एवं दुग्ध व्यवसाय के क्षेत्र में नया मुकाम हासिल किया जा सकता है। 
कृषि मंत्री शनिवार को कृषि विश्वविद्यालय कोटा में 292.70 लाख की लागत से बनने आले कृषि प्रौद्योगिकी प्रबन्धन एवं गुणवत्ता सुधार केन्द्र के शिलान्यास, नव निर्मित मॉडल डेयरी इकाई के उद्घाटन के बाद कृषि विज्ञान केन्द्र में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे युवा उद्यमियों को सम्बोधित कर रहे थे। 

उन्होंने कहा कि खेती में नवाचार अपनाने की आवश्यकता है, प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन के द्वारा अधिक मुनाफा कमाया जा सकता है। औषधीय फसलों, जैतुन, क्युनिवा, लहसुन, सोयाबीन के अनेक उपयोगी उत्पाद प्रसंस्करण के द्वारा सामने आ रहे हैं।  उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा युवाओं को खाद्य प्रसंस्करण, डेयरी स्थापना के लिए अनुदान दिया जा रहा है इसका फायदा लेने के लिए जागरूक होना होगा तथा जनप्रतिनिधियों को भी पात्र लोगों को प्रेरित करना होगा।

उन्होंने केन्द्र की खाद्य प्रसंस्करण इकाई के सोयाबीन प्रसंस्करण प्लान्ट का भी अवलोकन किया तथा सोयाबीन से सोयामिल्क व पनीर बनाने की मशीन से बनते हुए देखा तथा सोयाबीन के अन्य उत्पादों के बारें में वैज्ञानिकों से जानकारी ली। उन्होनें खाद्य प्रसंस्करण के प्रशिक्षार्थियों एवं सफल उद्यमियों से भी चर्चा की तथा सफल उद्यमियों को उनके द्वारा प्रशंसा पत्र प्रदान किये गये। इस अवसर पर उन्होनें कृषि विश्वविद्यालय, कोटा के न्यूज लेटर का विमोचन किया।

मॉडल डेयरी से मिलेगी युवाओं को प्रेरणा ( देखिए वीडियो )

राष्ट्रीय कृषि योजना के अन्तर्गत कृषि विज्ञान केन्द्र पर निर्मित मॉडल डेयरी इकाई का उद्घाटन भी डॉ. सैनी द्वारा किया गया। उन्होंने बताया कि ए-2 दूध की भारी मांग को देखते हुए देशी गायों की उत्पादकता बढाकर किसानों की आय में बढोतरी की जा सकती है। ए-2 दूध मुम्बई एवं दिल्ली में 100 से 200 रूपये प्रति लीटर तक बिक रहा है।

परियोजना के प्रभारी डॉ. महेन्द्र गर्ग ने बताया कि मॉडल डेयरी में 16 गिर नस्ल की गायें खरीदी गई। इसके माध्यम से ग्रामीण युवाओं को डेयरी प्रबन्धन का कौशल उन्नयन प्रशिक्षण दिया जाता है। इससे प्रेरित होकर कोटा जिले में 40 युवाओं द्वारा स्वयं की डेयरी स्थापित की गई है।

इस योजना के अन्तर्गत 132 बायोगैस संयत्र 2 क्यूबिक मीटर के किसानों के यहाँ लगाये गये है तथा पशुओं को दूध बढ़ाने के लिए दाना व मिनरल मिक्चर भी लगभग 2000 पशुपालकों को दिया गया। हाडौती सम्भाग में पानी व हरा चारा प्रर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने से डेयरी उद्योग का अच्छा भविष्य है।

हाडौती के लिए वरदान होगी सोयाबीन की नई किस्म
कृषि मंत्री द्वारा कृषि विज्ञान केन्द्र के फार्म की फसलों का अवलोकन कर सोयाबीन की नवीन किस्म जे.एस. 20-29, मूंग की किस्म आई.पी.एम. 02-03 एवं उडद की किस्म पी.यू.-31 की सराहना की और इन किस्मों का बीज अधिक से अधिक कृषकों को उपलब्ध कराने के निर्देश दिये।

उन्होंने कि सोयाबीन की किस्म जे.एस. 20-29 की अधिक उत्पादन क्षमता हाडौती के लिए वरदान साबित होगी। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. जी.एल. केशवा ने बताया कि गत वर्ष लगभग 16034 क्विंटल बीज का उत्पादन विश्वविद्यालय द्वारा किया गया तथा किसानों को लगभग 2000 क्विंटल विभिन्न फसलों की नवीन किस्मों का बीज किसानों को उपलब्ध कराया जाता है  

ध्वजारोहण के साथ कोटा के ऐतिहासिक दशहरा मेले का शुभारंभ

शहनाई वादन व कोटावासियों की करतल ध्वनि के बीच श्रीराम रंगमंच उदघाटन समारोह की बेला में गूंजता रहा

कोटा। नगर निगम की ओर से आयोजित राष्ट्रीय दषहरा मेला 2017 का गुरूवार शाम श्रीराम रंगमंच परिसर में झंडारोहण के साथ आगाज हुआ। इस दौरान राजस्थानी संस्कृति की छटा बिखरी। बड़ी संख्या में नागरिक इस उद्घाटन समारोह के साक्षी बने।

इससे पहले दोपहर को किशोरपुरा स्थित रियासतकालीन आशापुरा माता मंदिर में दुर्गापूजन कर माता को चुनरी चढ़ाई गई। 16 अक्टूबर तक चलने वाले इस मेले की मुख्य अतिथि कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने विधिवत घोषणा की। शहनाई वादन व कोटावासियों की करतल ध्वनि के बीच श्रीराम रंगमंच उदघाटन समारोह की इस बेला में गूंजता रहा।

मंत्री प्रभु लाल सैनी, सांसद ओम बिरला, विशिष्ट अतिथि विधायक भवानी सिंह राजावत, चंद्रकांता मेघवाल, हीरालाल नागर, विद्याशंकर नंदवाना, भाजपा अध्यक्ष हेमंत कृष्ण विजयवर्गीय, नगरविकास न्यास अध्यक्ष रामकुमार मेहता ने गुब्बारे छोड़ने की रस्म पूरी की। 

मुख्य अतिथि प्रभु लाल सैनी ने कहा कि मेला हमारी संस्कृति है। मेला दिलो का होता है यहा मुसाफिर आते जाते है। उन्होंने कहा कि ये मेला संस्कृति को जिंदा रखने का प्रतीक है। ये मेला नही कोटा की संस्कृति है। मेला इको फ्रेंडली हो। 

अध्यक्षता कर रहे सांसद ओम बिरला ने कहा कि मेले सांस्कृतिक आदान प्रदान का जरिया रहे है। पहले रावण मारने के बाद तीन दिन तक लोग यह ठहरते थे ओर अहंकार को मारते थे। अब समय बदल गया है। मेले का स्वरूप भी बदल गया है। विशिष्ट अतिथि विधायक चंद्रकांता मेघवाल ने कहा कि कोटा का मेला देश मे ही नहीं वरन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना चुका हैं।

शुभारंभ समारोह के स्वागत भाषण में मेला अध्यक्ष राममोहन मित्रा बाबला ने कहा कि इस दफा दशहरा मेला आयोजन के लिए जगह तैयार करना हम सभी के लिए चुनौतीपूर्ण काम था, लेकिन सब के सकारात्मक प्रयास से मेला प्रांगण में ही आयोजन हो सका है।

महापौर महेश विजय ने कहा कि कोटा का ये दशहरा मेला लोक उत्सव है और हमारी संस्कृति का परिचायक भी हैं। सभी के अथक प्रयास से मेला इसी प्रांगण में भर सका है। अगले वर्ष मेले का स्वरूप और भी ज्यादा सुंदर और बेहद नजर आएगा। इस बार मेला भव्य व आकर्षक होगा। निगम आयुक्त डॉ विक्रम जिंदल ने आभार जताया। संचालन डॉ रेणु श्रीवास्तव ने किया।

ये लपको झपको की राजनीति: राजावत
विवादित बयानों के लिए अक्सर राजनीतिक गलियारों में सुर्खियों में रहने वाले विधायक भवानी सिंह राजावत ने कहा कि यह वैभवशाली संस्कृति का शुभारम्भ है। बहुत जल्दी कोटा की जनता का सपना साकार करेंगे। हेंगिंग ब्रिज उद्घाटन मामले लर भी खूब चुटकियां केते हुए कांग्रेस नेताओं पर जमकर कटाक्ष किया।

बोले, कोटा में हवाई सेवा के प्रणेता सांसद ओम बिरला ने दिल्ली में पीएम मोदी को भी मंत्र फूंका तो पीएम का पूरा भाषण ही कोटा के हेंगिंग ब्रिज पर केंद्रित रहा। मुशायरा बिरला जी ने लूट लिया, हम तो उदयपुर चले गए। इस दौरान दीर्घा परिसर ठहाको से गूँजता रहा। राजावत का भाषण यही नही रुका, वे बोले ये लपको ओर झपजो की राजनीति है, जो अब मेले में भी नजर आने लगी है।

आशापुरा मंदिर में दुर्गापूजन
मेला प्रचार प्रसार समिति के अध्यक्ष कृष्ण मुरारी सामरिया ने बताया कि गुरूवार दोपहर किषोरपुरा स्थित रियासतकालीन आषापुरा माता मंदिर में दुर्गापूजन किया गया। निगम प्रषासन की ओर से माता को चुनरी चढ़ाई गई।

मेला शुभारंभ की बेला के ये बने साक्षी
झंडारोहण समारोह में महापौर महेश विजय, उप महापौर सुनिता व्यास, नगर निगम आयुक्त डॉ. विक्रम जिंदल, मेला अधिकारी नरेश मालव, उपायुक्त राजेश डागा, अतिरिक्त मेला अधिकारी प्रेमशंकर  शर्मा, लेखाधिकारी टीपी मीणा, मेला समिति अध्यक्ष राममोहन मि़त्रा बाबला, नेता प्रतिपक्ष अनिल सुवालका, मेला समिति सदस्य महेश गौतम लल्ली मौजूद थे।  

रमेश चतुर्वेदी, नरेंद्र सिंह हाडा, प्रकाश सैनी, भगवान स्वरूप गौतम, प्रचार प्रसार समिति अध्यक्ष कृष्ण मुरारी सामरिया, विकास तंवर, मीनाक्षी खंडेलवाल, मोनू कुमारी, पार्षद रेखा जैन, दौलतराम मेघवाल, जगदीश सिंह मोहिल, विवेक राजवंशी, मोहम्मद हुसैन सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी, मेला समिति सदस्य, नगर निगम के अधिकारी, पार्षद, कर्मचारी व शहर के नागरिक बड़ी संख्या में सरीक हुए।

30 लाख व्यवसायों ने फाइल किया जीएसटी रिटर्न

0

जीएसटी नेटवर्क फिलहाल मजबूत स्थिति में है और रिटर्न की संख्या इसका प्रमाण है- चेयरमैन अजय भूषण पांडे

नई दिल्ली । अगस्त महीने के लिए अभी तक दर्ज किए गए 30 लाख जीएसटी रिटर्न का हवाला देते हुए जीएसटीएन के चेयरमैन अजय भूषण पांडे ने कहा कि उस नेटवर्क सिस्टम को मजबूत किया जा चुका है जिसने तकनीकी खामियों का सामना किया था।

पांडे जिन्होंने जीएसटीएन के प्रमुख का कार्यभार इसी महीने संभाला है ने कहा कि जीएसटी नेटवर्क फिलहाल मजबूत स्थिति में है और रिटर्न की संख्या इसका प्रमाण है।  उन्होंने जोर देते हुए कहा कि अब भी जो समस्याएं बाकी रह गई हैं उन्हें जल्द ही सुलझा लिया जाएगा।

 20 सितंबर जीएसटीआर-3बी को फाइल करने की आखिरी तारीख थी। पांडे ने एक इंटरव्यू में बताया, “अगस्त महीने के लिए कल दोपहर तक 29.41 लाख से ज्यादा रिटर्न दाखिल किए जा चुके थे। तथ्य यह है कि पिछले 2-3 दिनों में अधिकांश संख्या में रिटर्न दाखिल किए गए हैं जो कि सिस्टम की बेहतर स्थिति को प्रमाणित करते हैं।”

उन्होंने कहा कि बीते दिन जीएसटीएन नेटवर्क पर हर घंटे 85,000 रिटर्न दाखिल हो रहे थे, जो कि अगस्त महीने के लिए GSTR-3B फाइल करने की आखिरी तारीख थी। लगभग 75 फीसद पंजीकृत व्यवसायों ने कल तक अपना रिटर्न दाखिल नहीं किया था।

वहीं 20 सितंबर के दिन जीएसटीएन नेटवर्क पर करीब 13.76 लाख व्यवसाय रिटर्न दाखिल करने के लिए आए थे, यह एक दिन में जीएसटी रिटर्न फाइलिंग का अब तक का सबसे बड़ा आंकड़ा रहा है। जीएसटी काउंसिल की अगली बैठक को 18 दिन पहले खिसका दिया गया है। 

गोल्ड में इस हफ्ते की बड़ी गिरावट, चांदी भी 600 रुपए टूटी

  • अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक में ब्याज दरों के बढ़ने के संकेत के चलते डॉलर में मजबूती आई है

  • वैश्विक बाजार में सोने ने तीन हफ्तों का निचला स्तर छुआ है

नई दिल्ली। दिल्ली के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक में ब्याज दरों के बढ़ने के संकेत के चलते डॉलर में मजबूती आई है।

गुरुवार को सोना 250 रुपये गिरकर 30500 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है। इसी तरह चांदी भी 600 रुपये गिरकर 40300 रुपये प्रति किलोग्राम के स्तर पर आ गई है। कीमतों में गिरावट इंडस्ट्रीयल यूनिट्स और सिक्का निर्माताओं की ओर से कमजोर उठान के चलते देखने को मिला है।

वैश्विक बाजार में सोने ने तीन हफ्तों का निचला स्तर छुआ है। व्यापारियों का मानना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की ओर से संकट के दौर के आर्थिक प्रोत्साहन कार्यक्रम को सिलसिलेवार तरीके से खत्म करने और ब्याज दरों को बरकरार रखने के हाल ही में की पहल के बाद भविष्य में ब्याज दरों में वृद्धि की जाने की संभावना है।

इस कारण डॉलर मजबूत हुआ है और सर्राफा मांग पर असर देखने को मिला है। वैश्विक स्तर पर सिंगापुर में सोना 0.21 फीसद की गिरावट के साथ 1297 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर आ गया है। देश की राजधानी दिल्ली में 99.9 फीसद और 99.5 फीसद शुद्धता वाला सोना 250 रुपये की गिरावट के साथ क्रमश: 30500 रुपये और 30350 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गया है।

बीते बुधवार के सत्र में सोने की कीमतों में 150 रुपये की गिरावट देखने को मिली थी। हालांकि गिन्नी के भाव 24700 रुपये प्रति आठ ग्राम के स्तर पर बरकरार हैं। चांदी तैयार 600 रुपये की गिरावट के साथ 40300 रुपये प्रति किलोग्राम और सप्ताहिक आधारित डिलिवरी 655 रुपये की गिरावट के साथ 39665 रुपये प्रति किलो ग्राम के स्तर पर आ गया है।

जयपुर में शुरू हुआ अपैरल फेयर ‘वस्त्र-2017

अंतरराष्ट्रीय टैक्सटाइल और अपैरल फेयर ‘वस्त्र’ के छठे संस्करण का उद्घाटन केन्द्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने किया

जयपुर। गुलाबी नगर जयपुर में आज से वस्त्र- 2017 शुरू हुआ। अंतरराष्ट्रीय टैक्सटाइल और अपैरल फेयर ‘वस्त्र’ के छठे संस्करण का उद्घाटन केन्द्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति जुबिन ईरानी ने किया। उद्घाटन सत्र में राज्य उद्योग मंत्री राजपाल सिंह शेखावत बतौर अतिथि उपस्थित रहे।
 
13 राज्यों के 250 से ज्यादा एक्जीबीट्र्स आए
सीतापुरा स्थित जयपुर एक्जीबीशन एंड कंवेंशन सेंटर (जेईसीसी) में 21 से 24 सितंबर तक चलने वाले ट्रेड फेयर में टैक्सटाइल वैल्यू शृंखला में धागे से लेकर परिधान और मेड अप्स तक के बेहतरीन नवीनतम उत्पादों का प्रदर्शन किया जाएगा। इसमें 13 राज्यों से 250 से ज्यादा एक्जीबीट्र्स अपने उत्पादों का 3600 वर्ग मीटर एरिया में प्रदर्शन करेंगे।

इसके अतिरिक्त 50 से ज्यादा देशों से लगभग 300 विदेशी बायर्स और 100 भारतीय बाइंग हाउसेज और एजेन्ट्स के 200 प्रतिनिधियों इस अंतरराष्ट्रीय मेले में शामिल होंगे। कर्नाटक पार्टनर स्टेट है। वहीं ओडिशा, मध्य प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिम बंगाल सपोर्टिंग स्टेट के रूप में भाग ले रहे हैं।
 
आखिरी दिन जनता कर सकेगी खरीदारी
व्यापार मेले में पहले तीन दिन बी2बी के लिए होंगे। अंतिम दिन आम जनता प्रदर्शनी देख सकेगी और खरीददारी भी कर पाएगी। इस बार ‘वस्त्र’ व्यापार मेले में नए आकर्षण जोड़े गए हैं, जिनमें राउंड टेबल कॉन्फ्रेंस का आयोजन होगा। जिसका विषय ‘मेकिंग राजस्थान ए गारमेंट हब’ है। जयपुर डिजाइनर्स फेस्टिवल और साड़ी वर्कशॉप शामिल है।
 
इस फेयर में विगत वर्षों की तरह बिजनेस फैशन शो, नवोदित डिजाइनर्स के लिए डिजाइन डिस्प्ले वॉल, राजस्थान पैवेलियन के माध्यम से राजस्थान के वस्त्र शिल्प का प्रदर्शन भी किया जा रहा है।

वस्त्र व्यापार मेले का आयोजन राजस्थान स्टेट इंडस्ट्ररियल डवलपमेंट एंड इन्वेस्टमेंट कॉरपोरेशन और फेडरेशन ऑफ इंडियन चैम्बर्स ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री की ओर से सयुंक्त रूप से किया जा रहा है।
 
टैक्सटाइल मेक इन इंडिया के लिए बेहतरीन: स्मृति
केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा है कि टैक्सटाइल का क्षेत्र देश में चलाए जा रहे मेक इन इंडिया अभियान के लिए सबसे बेहतरीन है। इसलिए इस क्षेत्र में ज्यादा संभावनाएं तलाशने के साथ ध्यान देने की आवश्यकता है। स्मृति ने प्रदेश के कपड़ा उद्योग का जिक्र करते हुए कहा कि बंधेज, छपाई, गोटापत्ती का काम पूरे देश में ही नहीं विदेशों में भी विख्यात है।

इस उद्योगों के लिए केन्द्र हर संभव मदद देगी। उद्घाटन के अवसर पर राजस्थान के उद्योग मंत्री राजपाल सिंह शेखावत ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री को शामिल होना था लेकिन वह नहीं आईं।

अपेक्स बैंक उत्कृष्ट सहकारी बैंकिंग सेवा के लिए सम्मानित

अपेक्स बैंक को पुरस्कार स्वरूप 15 लाख रुपये का चेक तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया 

जयपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने गुरूवार को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में सहकारिता आंदोलन के अग्रणीय नेता व सहकार भारती के संस्थापक लक्ष्मणराव इनामदार के जन्म शताब्दी वर्ष समारोह पर आयोजित किये गए सहकार सम्मेलन में राजस्थान राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) को उत्कृष्ट सहकारी बैंकिंग सेवा के लिए सम्मानित किया ।

भारत सरकार के कृषि मंत्रालय तथा सहकार भारती द्वारा आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में बैंक के प्रशासक व सहकारिता विभाग के प्रमुख सचिव अभय कुमार और बैंक के प्रबंध निदेशक  विद्याधर गोदारा ने यह सम्मान ग्रहण किया। अपेक्स बैंक को पुरस्कार स्वरूप 15 लाख रुपये का चेक तथा प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया । राजस्थान के सहकारिता मंत्री अजय सिंह किलक, ससदीय कार्य, जल संसाधन, नदी विकास व गंगा पुनरोद्धार मंत्री अर्जुन राम मेघवाल, उपभोक्ता मामले, खादय्, वाणिज्य व उघोग मंत्री सीआर चौधरी, भी इस मौके पर मौजूद थे।

पुरस्कार समारोह के बाद सहकारिता मंत्री अजय सिंह किलक ने बताया कि राज्यो की शीर्ष सहकारी संस्थाओं के वर्ग में अपेक्स बैंक,राजस्थान देश की एक मात्र सहकारी संस्था है जिसे यह सम्मान दिया गया है। कृषि मंत्रालय द्वारा सहकारिता क्षेत्र में किए गए उत्कृष्ट कायोर्ं के लिए देश की सात सहकारी संस्थाओं को सूचीबद्ध किया गया था।

उन्होंने बताया कि अपेक्स बैंक को सहकारी सिद्धान्तों को अपनाकर राज्य के किसानों एवं आम सदस्यों के आर्थिक हितों के संवर्धन करने तथा कृषको के लिए वरदान साबित हुई सामाजिक सुरक्षा की विभिन्न योजनाओं यथा राज सहकार व्यक्तिगत दुर्घटना बीमा योजना, सहकार जीवन सुरक्षा बीमा योजना तथा अन्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए  प्रधानमंत्री के हाथों यह पुरस्कार दिया गया है।