Stock Market: सेंसेक्स 494 अंक उछल कर 77416 पर, निफ्टी 24100 के पार

0
5

नई दिल्ली। Stock Market Update: अमेरिका और ईरान के बीच दोहा में हुई वार्ता के बाद कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी और आईटी शेयरों में जोरदार खरीदारी के दम पर गुरुवार को घरेलू शेयर बाजार की शुरुआत बढ़त के साथ हुई।

सुबह 9:18 बजे तक निफ्टी-50 76.10 अंक यानी 0.32 फीसदी की बढ़त के साथ 24,081.95 पर कारोबार कर रहा था। वहीं सेंसेक्स 235.79 अंक यानी 0.31 फीसदी चढ़कर 77,158.43 पर पहुंच गया। निफ्टी-50 में इन्फोसिस, एचसीएल टेक और अदाणी एंटरप्राइजेज सबसे ज्यादा बढ़त दर्ज करने वाले शेयर रहे।

शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 500 अंक उछल गया जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 इंडेक्स भी 24,150 के करीब पहुंच गया। सुबह 9.40 बजे सेंसेक्स 493.71 अंक यानी 0.64% तेजी के साथ 77,416.35 अंक पर ट्रेड कर रहा था। निफ्टी भी 143.85 अंक यानी 0.60% ऊपर 24,149.70 अंक पर ट्रेड कर रहा है। रुपया शुरुआती कारोबार में मजबूत होकर 94.95 पर पहुंच गया।

सेंसेक्स के 30 में से 19 शेयर तेजी के साथ खुले। देश की दूसरी बड़ी आईटी कंपनी इन्फोसिस के शेयरों में सबसे ज्यादा 3% तेजी रही। इसके अलावा एचसीएल टेक, टीसीएस और टेक महिंद्रा के शेयर भी 2% तक उछल गए। दूसरी ओर, बजाज फाइनेंस के शेयरों में 1% से ज्यादा गिरावट आई और यह बेंचमार्क इंडेक्स में सबसे ज्यादा नुकसान उठाने वाला शेयर रहा।

ब्रॉडर मार्केट में भी खरीदारी
मुख्य सूचकांकों के साथ-साथ व्यापक बाजार में भी तेजी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप 0.33 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 0.43 फीसदी की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे।

आईटी सेक्टर में सबसे ज्यादा तेजी
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी आईटी करीब 3 फीसदी की मजबूत बढ़त के साथ सबसे आगे रहा। इसके अलावा निफ्टी रियल्टी और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स इंडेक्स में भी अच्छी तेजी देखने को मिली। वहीं दूसरी ओर निफ्टी पीएसयू बैंक इंडेक्स सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज करने वाला सेक्टोरल इंडेक्स रहा।

ग्लोबल मार्केट का हाल

  • एशियाई बाजारों में बिकवाली
    हालांकि एशियाई शेयर बाजारों में दबाव देखने को मिला। निवेशकों ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंफ्रास्ट्रक्चर पर बढ़ते खर्च को लेकर चिंता जताई, जिसके चलते चिप कंपनियों के शेयरों में बिकवाली बढ़ गई। दक्षिण कोरिया का Kospi इंट्राडे कारोबार में करीब 7 फीसदी तक टूट गया। वहीं जापान का Nikkei 225 लगभग 0.9 फीसदी और चीन का CSI 300 करीब 1.75 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार करता नजर आया।
  • अमेरिकी बाजारों में मिला-जुला रुख
    बुधवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में भी मिश्रित रुख देखने को मिला। Dow Jones Industrial Average 0.03 फीसदी और S&P 500 0.22 फीसदी की मामूली गिरावट के साथ बंद हुए। वहीं टेक शेयरों पर दबाव के चलते Nasdaq Composite 0.66 फीसदी फिसल गया।
  • तेल की कीमतों में नरमी
    कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। इसकी वजह अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का वह बयान रहा, जिसमें उन्होंने कहा कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम को लेकर प्रगति हो रही है और तेहरान के साथ बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ रही है। यह बयान दोहा में हुई हालिया वार्ता के बाद आया। इसके असर से इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज (ICE) पर जुलाई डिलीवरी वाला क्रूड ऑयल वायदा 1.17 फीसदी की गिरावट के साथ 70.73 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।
  • सोना-चांदी में भी गिरावट
    डॉलर इंडेक्स में मजबूती आने से कीमती धातुओं पर दबाव देखने को मिला। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के चेयर केविन वॉर्श ने संकेत दिए कि महंगाई अभी भी अपेक्षाकृत ऊंचे स्तर पर बनी हुई है। इसके बाद डॉलर मजबूत हुआ, जिससे सोना और चांदी की कीमतों में गिरावट आई। गोल्ड फ्यूचर्स 0.51 फीसदी और सिल्वर फ्यूचर्स 0.48 फीसदी तक कमजोर रहे।