निवेश के लिए रहिए तैयार, अगले महीने आएंगे 45000 करोड़ के IPO

0
3

नई दिल्ली। Upcoming IPO List: भारत का प्राइमरी मार्केट (IPO बाजार) जुलाई में फिर से रफ्तार पकड़ने के लिए तैयार है। पिछले कुछ महीनों की सुस्ती के बाद अब कई कंपनियां अपने IPO लॉन्च करने की तैयारी कर रही हैं। अगले महीने एक दर्जन से ज्यादा कंपनियां बाजार से करीब 45,000 करोड़ रुपये जुटाने की योजना बना रही हैं।

इन्वेस्टमेंट बैंकर्स का कहना है कि अलग-अलग सेक्टर की कंपनियां अपनी लिस्टिंग की तैयारी तेज कर रही हैं, क्योंकि बाजार के हालात अब उनके पक्ष में हैं। सेंसेक्स निफ्टी में उतार-चढ़ाव के बाद अब मजबूती दिख रही है।

किसका होगा सबसे बड़ा आईपीओ

  • सबसे बड़ा आईपीओ SBI फंड्स मैनेजमेंट का हो सकता है, जो 12,000 से 13,000 करोड़ रुपये के बीच होगा।
  • इसके बाद मनिपाल हेल्थ एंटरप्राइजेज का करीब 11,000 करोड़ रुपये और Zepto का 8,000 करोड़ रुपये का IPO आने की उम्मीद है।
  • इन तीनों को मिलाकर ही करीब 32,000 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे।
  • जुलाई के IPO पाइपलाइन में गजा कैपिटल, नैक पैकेजिंग, इनोवेटिव व्यू जैसी कंपनियां भी शामिल हैं।

JM फाइनेंशियल की एमडी और सीईओ (इन्वेस्टमेंट बैंकिंग) सोनिया दासगुप्ता ने बताया कि आने वाले समय में IPO बाजार में लिस्टिंग की गतिविधियां और तेज होने की उम्मीद है। इसका कारण दुनिया भर में जारी अनिश्चितताओं का धीरे-धीरे कम होना और भारतीय निवेशकों का बाजार पर भरोसा बने रहना है।

साल 2025 की दूसरी छमाही (जुलाई-दिसंबर) में जबरदस्त तेजी देखी गई थी, लेकिन इस साल IPO की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई। इसकी मुख्य वजह खाड़ी युद्ध जैसे वैश्विक तनाव और विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) की तरफ से कम निवेश रही। इस साल अप्रैल तक 18 IPO आए थे, लेकिन मई में एक भी कंपनी बाजार में नहीं उतरी। जानकारों का मानना है कि पश्चिम एशिया में तनाव कम होने से वैश्विक अनिश्चितता घटेगी। इससे निवेशकों का भरोसा बढ़ेगा।

173 कंपनियों को मिली मंजूरी
19 जून तक करीब 173 कंपनियों को सेबी से 2.7 लाख करोड़ रुपये जुटाने की मंजूरी मिल चुकी है। वहीं, 64 और कंपनियां सेबी की हरी झंडी का इंतजार कर रही हैं। इनमें NSE का 30,000 करोड़ रुपये और जियो प्लेटफॉर्म्स का बड़ा IPO भी शामिल है।