‘उड़ान’ प्रदर्शनी शुरू, हस्तशिल्प से ऑर्गेनिक उत्पादों तक खरीदारी को उमड़े लोग

0
7

कोटा। जीतो लेडीज विंग की ओर से आयोजित दो दिवसीय ‘उड़ान एक्ज़िबिशन’ के प्रथम दिन शुक्रवार को देश के विभिन्न राज्यों से आई महिला उद्यमियों के हस्तनिर्मित एवं नवाचार आधारित उत्पादों ने आगंतुकों को आकर्षित किया।

प्रदर्शनी का उद्देश्य महिला उद्यमिता को प्रोत्साहन देने के साथ-साथ स्वरोजगार को बढ़ावा देना और सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों के लिए संसाधन जुटाना है।

अध्यक्ष मंजू लुंकड ने बताया कि प्रदर्शनी में देश के विभिन्न प्रांतों से करीब 150 महिला उद्यमियों ने अपने उत्पाद प्रदर्शित किए। जयपुर से हैंडलूम उत्पाद एवं ज्वेलरी, भीलवाड़ा से आभूषण, उदयपुर से ऑर्गेनिक मुखवास, पुणे से चिक्की एवं परिधान, अजमेर से पारंपरिक शरबत, बाड़मेर से हस्तनिर्मित बेडशीट, कानपुर से फुटवियर, सीकर से परफ्यूम तथा जोधपुर से साड़ियों का विशेष संग्रह लोगों के आकर्षण का केंद्र रहा।

उड़ान की कन्वीनर उषा बाफना एवं रितु जैन अजमेरा ने बताया कि यह प्रदर्शनी शनिवार को सुबह 10 बजे से प्रारंभ हो जाएगी। गर्मी और वर्षा ऋतु को ध्यान में रखते हुए अर्बेन वेस्टर्न परिधानों के नवीन कलेक्शन को भी महिलाओं ने खूब पसंद किया।

दिल्ली, पंजाब, रायपुर, मंदसौर, गुजरात और मुंबई से आए उद्यमियों ने अपने-अपने क्षेत्रों के प्रसिद्ध एवं घरेलू उत्पाद प्रदर्शित किए। प्रदर्शनी का विशेष आकर्षण उदयपुर की समाजसेवी कुसुम बोर्डिया रहीं, जिन्होंने ‘कमली’ ब्रांड के माध्यम से आदिवासी महिलाओं द्वारा तैयार किए गए हस्तनिर्मित उत्पादों का प्रदर्शन किया।

वहीं इंदौर से आई समाजसेवी मधु कोठारी ने अपने सामाजिक संगठन के माध्यम से कैंसर मरीजों के लिए किए जा रहे सेवा कार्यों की जानकारी भी साझा की। जीतो लेडीज विंग ने महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से लगभग 20 स्टॉल निःशुल्क उपलब्ध कराए, जबकि कई प्रतिभागियों को रियायती दरों पर स्टॉल दिए गए।

प्रदर्शनी से होने वाली आय का उपयोग घर से स्वरोजगार कर रही महिलाओं को सिलाई मशीन, पापड़ निर्माण मशीन सहित अन्य आजीविका संसाधन उपलब्ध कराने में किया जाएगा।

‘उड़ान’ प्रदर्शनी का उद्घाटन रेडक्रॉस सोसायटी के स्टेट चेयरमैन राजेश कृष्ण बिरला ने किया। भाजपा जिला अध्यक्ष राकेश जैन विशिष्ट अतिथि के रूप में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रवीण जैन, ग्रीन आर्मी की मंजू जैन एवं मुख्य अग्निशमन अधिकारी राकेश व्यास उपस्थित रहे।

उड़ान की कन्वीनर उषा बाफना एवं रितु जैन अजमेरा ने बताया कि प्रदर्शनी का उद्देश्य महिलाओं को उद्यमिता के लिए मंच उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है।

इस अवसर पर जीतो लेडीज विंग की चेयरपर्सन मंजु लुंकड़, चीफ सेक्रेटरी रेखा जैन, जीतो कोटा चैप्टर के चेयरपर्सन पंकज सेठी, कन्वीनर मीना जैन, कोटा व्यापार संघ के अध्यक्ष क्रांति जैन, महासचिव अशोक माहेश्वरी, उड़ान टीम से नीरा जैन, मीना जैन, वीना जैन सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।