नई दिल्ली। इथेनॉल मिश्रित ईंधन (Ethanol-Blended Fuel) से क्या गाड़ियों का माइलेज कम हुआ है? इसे लेकर सरकार का बयान सामने आया है। गाड़ियों में ई20 (E20) पेट्रोल को लेकर केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने भी माना है कि इससे माइलेज में गिरावट आई है। हालांकि उन्होंने इस गिरावट का बेहद मामूली बताया है। साथ उन्होंने सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे नैरेटिव को लेकर भी बात कही।
केंद्रीय मंत्री ने स्पष्ट किया कि E20 ईंधन (20% इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल) से चलने वाले वाहनों के माइलेज में होने वाली गिरावट बेहद ‘मामूली’ है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर इस ईंधन को लेकर एक पूरी तरह से काल्पनिक और भ्रामक नैरेटिव (माहौल) चलाया जा रहा है।
गाड़ी का बढ़ता है पिकअप
हरदीप सिंह पुरी ने कहा कि यह पूरी तरह से प्रमाणित तथ्य है कि जब वाहन में इथेनॉल का उपयोग किया जाता है तो गाड़ी का पिकअप (एक्सेलेरेशन) बढ़ता है और इंजन की नॉकिंग (खटखटाहट) में सुधार होता है। माइलेज में थोड़ी बहुत कमी आ सकती है, लेकिन ऐसा होने के पीछे कई अन्य कारण भी हो सकते हैं।
इंश्योरेंस कवर पर असर नहीं
उन्होंने यह भी कहा कि वाहन बीमा को लेकर भी स्थिति पूरी तरह साफ है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि बीमा कंपनियों ने पहले ही स्पष्ट कर दिया है कि E20 ईंधन के इस्तेमाल से गाड़ी के इंश्योरेंस कवरेज पर कोई असर नहीं पड़ेगा।
15 पन्नों का विस्तृत नोट
पेट्रोलियम मंत्री ने बताया कि उनके मंत्रालय ने इथेनॉल मिश्रण के पूरे सफर और दुनिया के अन्य देशों में इसके इस्तेमाल को लेकर 15 पन्नों का एक विस्तृत नोट तैयार किया है। यह नोट जनता की सभी आशंकाओं और सवालों के जवाब देगा।
इस सरकारी नोट में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर भ्रामक वीडियो, चुनिंदा तरीके से एडिट की गई क्लिप और सनसनीखेज पोस्ट शेयर की जा रही हैं। इनका एकमात्र उद्देश्य वाहन मालिकों के मन में E20 ईंधन को लेकर डर पैदा करना है।

