व्यापार महासंघ ने कोटा में अपराधों पर अंकुश के लिए पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की
कोटा। चंद्रसेल मठ के महंत देवानंद महाराज की हत्या का सफलतापूर्वक पर्दाफाश कर सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने पर कोटा व्यापार महासंघ के अध्यक्ष क्रांति जैन एवं महासचिव अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हेमेंद्र कुमार, शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम तथा उनकी पूरी टीम का अभिनंदन किया गया।
इस अवसर पर क्रांति जैन एवं अशोक माहेश्वरी ने कहा कि महंत देवानंद महाराज की नृशंस हत्या से पूरे शहर में शोक, आक्रोश और असुरक्षा का माहौल बन गया था। श्रद्धालु एवं आमजन इस घटना से स्तब्ध थे। सुनियोजित तरीके से की गई इस वारदात ने कानून-व्यवस्था के सामने गंभीर चुनौती खड़ी कर दी थी तथा शहर में व्यापक जनआंदोलन की तैयारी भी शुरू हो गई थी।
ऐसे कठिन समय में पुलिस प्रशासन ने धैर्य, संयम और पेशेवर दक्षता का परिचय देते हुए मामले का सफल खुलासा किया, जो अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि हाल ही में सर्राफा व्यवसायी कपिल सोनी के प्रतिष्ठान से चोरी हुए 761 ग्राम सोने की मुंबई एवं पश्चिम बंगाल तक पहुंचकर बरामदगी करना भी पुलिस की उत्कृष्ट कार्यशैली का उदाहरण है। पुलिस लगातार सक्रियता से कार्य कर रही है, लेकिन अपराधी भी नई-नई वारदातों को अंजाम देने का प्रयास कर रहे हैं।
महासंघ ने नंदग्राम क्षेत्र में व्यापारी नरपत सिंह सिसोदिया की टिपटा चौराहे स्थित दुकान का शटर तोड़कर लगभग दो लाख रुपये की चोरी की घटना पर भी चिंता व्यक्त की। व्यापारियों ने बताया कि इसी क्षेत्र में श्री मथुराधीश जी का मंदिर स्थित है, जहां प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं। ऐसे में क्षेत्र में नियमित एवं प्रभावी पुलिस गश्त अत्यंत आवश्यक है।
कोटा व्यापार महासंघ ने पुलिस प्रशासन से आग्रह किया कि शहर के सभी संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए, ताकि अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। साथ ही सभी व्यापारियों से अपने प्रतिष्ठानों एवं बाजारों में उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे लगाने की भी अपील की गई।
इस अवसर पर कोटा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक हेमेंद्र कुमार एवं शहर पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने कहा कि पुलिस प्रशासन अपराधों की रोकथाम एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
उन्होंने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि संवेदनशील क्षेत्रों में शीघ्र ही पुलिस गश्त बढ़ाई जाएगी तथा कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को किसी भी स्थिति में बख्शा नहीं जाएगा।

