3.33 करोड़ की पोर्श 911 GT3 का नया वर्जन भारत में लॉन्च, जानिए फीचर्स

0
8

नई दिल्ली। पोर्श ने अपनी बेहद पॉप्युलर और ट्रैक-फोकस्ड स्पोर्ट्स कार Porsche 911 GT3 के नए ‘992.2’ वर्जन की बुकिंग भारत में शुरू कर दी है। इस सुपरकार की एक्स-शोरूम कीमत 3.33 करोड़ रुपये रखी गई है।

पोर्श ने इस मॉडल को पहली बार अक्टूबर 2024 में ग्लोबल मार्केट में लॉन्च किया था। 911 रेंज में GT3 वेरिएंट को सबसे ज्यादा परफॉर्मेंस-ओरिएंटेड मॉडल माना जाता है। यह उन चुनिंदा पोर्श कारों में से एक है, जिसमें नैचुरली एस्पिरेटेड इंजन मिलता है।

कंपनी का दावा है कि नई 911 GT3 सिर्फ 3.4 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। आइए डीटेल में जानते हैं इस सुपरकार के बारे में।

पावरट्रेन और परफॉर्मेंस
नई पोर्श 911 GT3 में 4.0 लीटर का नैचुरली एस्पिरेटेड फ्लैट-सिक्स पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 9000 RPM तक रेव कर सकता है। यह इंजन 510 hp की पावर और 450 Nm का टॉर्क पैदा करता है। ग्लोबल मार्केट में यह कार 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड PDK ड्यूल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स के साथ उपलब्ध है, लेकिन भारत में इसे केवल 7-स्पीड PDK ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ ऑफर किया जा रहा है।

परफॉर्मेंस की बात करें तो पोर्श का दावा है कि नई 911 GT3 सिर्फ 3.4 सेकंड में 0 से 100 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है। वहीं, इसकी टॉप स्पीड 311 किमी/घंटा है। बेहतर ड्राइविंग एक्सपीरियंस और हाई-स्पीड स्टेबिलिटी के लिए इसमें लाइटवेट स्टेनलेस स्टील स्पोर्ट्स एग्जॉस्ट सिस्टम, रियर-व्हील स्टीयरिंग, टॉर्क वेक्टरिंग और एक्टिव स्पोर्ट सस्पेंशन जैसे फीचर्स स्टैंडर्ड तौर पर दिए गए हैं।

एयरोडायनामिक लुक
डिजाइन की बात करें तो नई 911 GT3 का लुक स्टैंडर्ड 911 Carrera से ज्यादा स्पोर्टी और एयरोडायनामिक है। इसके फ्रंट में नया बोनट दिया गया है, जिसमें दो बड़े एयर डक्ट्स मौजूद हैं। इसके अलावा बड़ा फ्रंट स्प्लिटर और बड़े एयर इंटेक्स इसे और ज्यादा अग्रसिव लुक देते हैं। कार में आगे 20 इंच और पीछे 21 इंच के बड़े अलॉय व्हील्स दिए गए हैं, जिन पर हाई-परफॉर्मेंस स्पोर्ट्स टायर्स लगाए गए हैं।

Manthey Kit का ऑप्शन
भारतीय ग्राहकों के लिए पोर्श का विंगलेस Touring पैकेज उपलब्ध नहीं है। हालांकि, कंपनी Weissach Package का ऑप्शन दे रही है, जिसकी कीमत 43.9 लाख रुपये एक्सट्रा है। रोल केज के बिना इसकी कीमत 35.06 लाख रुपये है। इस पैकेज में कार्बन फाइबर बोनट, कार्बन फाइबर रूफ, हल्के दरवाजे, कार्बन फाइबर रोल केज, 6-पॉइंट सीट बेल्ट और कई वजन कम करने वाले अपग्रेड शामिल हैं।

इसके अलावा पोर्श इंडिया ग्राहकों को Manthey Kit का ऑप्शन भी दे रही है, जिसकी कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये है। यह किट खास तौर पर ट्रैक पर बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार की गई है।

इसमें बड़ा कार्बन फाइबर रियर विंग, नए एयरोडायनामिक पार्ट्स, बेहतर सस्पेंशन सेटअप, अपग्रेडेड ब्रेक्स, कार्बन एयरोडिस्क और नया रियर डिफ्यूजर जैसी कई खास चीजें शामिल हैं।

प्रीमियम इंटीरियर
इंटीरियर की बात करें तो 911 GT3 का केबिन काफी हद तक 911 Carrera जैसा ही है। हालांकि इसमें कुछ स्पोर्टी बदलाव किए गए हैं। कार में ट्रेडिशनल गियर नॉब, डैशबोर्ड पर एनालॉग स्टॉपवॉच और खास अपहोल्स्ट्री देखने को मिलती है। इस मॉडल में रियर सीट्स नहीं दी गई हैं, जिससे इसका फोकस पूरी तरह ड्राइविंग और परफॉर्मेंस पर बना रहता है।

फीचर्स की बात करें तो इसमें 10.9 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 12.6 इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, 8-स्पीकर ऑडियो सिस्टम, वायरलेस फोन चार्जिंग, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, एम्बिएंट लाइटिंग और 4-वे पावर्ड स्पोर्ट्स सीट्स जैसे फीचर्स मिलते हैं।