कोटा। आर्यिका स्वस्तिभूषण माताजी का श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, तलवंडी में मंगल प्रवेश हुआ। मार्ग में श्रद्धालुओं ने माताजी का पाद प्रक्षालन, आरती एवं वंदन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। अब माताजी आगामी समय तक तलवंडी में ही विराजमान रहेंगी।
मंगल प्रवेश के उपरांत आयोजित धर्मसभा को संबोधित करते हुए माताजी ने कहा कि परिवार में परस्पर प्रेम, संवाद, विश्वास और सामंजस्य ही सुखी जीवन तथा स्वस्थ समाज की आधारशिला हैं। उन्होंने कहा कि वर्तमान भौतिकवादी दौर में पारिवारिक संबंधों में संवाद और संस्कारों का क्षरण चिंताजनक है।
माता-पिता और बच्चों के बीच बढ़ती दूरी सामाजिक विघटन का कारण बन रही है। केवल भौतिक उपलब्धियों को ही जीवन का लक्ष्य मानना अंततः व्यक्ति और समाज दोनों के लिए हानिकारक सिद्ध हो सकता है।
माताजी ने कहा कि परिवार को संस्कारवान, सशक्त और स्नेहपूर्ण बनाने के उद्देश्य से 5 जुलाई को प्रातः 7:30 बजे श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर, तलवंडी में ‘स्मार्ट परिवार कार्यशाला-2026’ का आयोजन किया जाएगा।
कार्यशाला में विशेषज्ञ वक्ता वर्तमान समय की पारिवारिक चुनौतियों, माता-पिता और बच्चों के बीच संवाद, संस्कार निर्माण तथा पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण जैसे विषयों पर मार्गदर्शन देंगे।
सकल दिगंबर जैन समाज समिति, कोटा के अध्यक्ष प्रकाश बज ने बताया कि कार्यशाला के मुख्य संयोजक जे.के. जैन बनाए गए हैं। उनके निर्देशन एवं पूज्य माताजी के सान्निध्य में आयोजित इस कार्यशाला का उद्देश्य समाज में सुदृढ़, संस्कारित एवं समरस परिवारों का निर्माण करना है। उन्होंने समाज के सभी परिवारों से इस आयोजन में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने का आह्वान किया।
समिति के प्रचार मंत्री राजकुमार लुहाड़िया ने बताया कि कार्यशाला में 12 वर्ष से अधिक आयु के अविवाहित युवक-युवतियों तथा 55 वर्ष तक के अभिभावकों को आमंत्रित किया गया है। प्रवेश पूर्व पंजीकरण (एंट्री फॉर्म) के माध्यम से होगा तथा कार्यशाला का शुभारंभ प्रातः 7:30 बजे किया जाएगा।
कार्यक्रम का आयोजन श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर समिति, तलवंडी एवं सकल दिगंबर जैन समाज समिति, कोटा के तत्वावधान में किया जा रहा है। इस अवसर पर समाज के संरक्षक विमल जैन नांता, विनोद टोरड़ी, नरेश वेद, पारस सोगानी, मनोज जायसवाल, अनिल ठौरा, आशीष जायसवाल, राजेश आनंद, विमल वर्धमान, यतार्थ पाटनी, मनोज पाटनी सहित युवा शक्ति तलवंडी के सदस्य एवं बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

