Saturday, July 18, 2026
Home Blog Page 4904

रास नहीं आई बाजार को RBI की ‘शक्ति’, सेंसेक्स 192 अंक लुढ़का

नई दिल्ली। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की मौद्रिक नीति समीक्षा बैठक को लेकर गवर्नर शक्तिकांता दास की ओर से की गई रेपो रेट और रिवर्स रेपो रेट में कटौती भी शेयर बाजारों को रास नहीं आई। दरों में कटौती के बाद निवेशकों में छाई बिकवाली के कारण भारतीय शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुए।

बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 192 अंक लुढ़ककर 38,684 अंकों पर बंद हुआ। उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 46 अंकों की गिरावट के साथ 11,598 अंकों पर बंद हुआ।

बैंकिंग सेक्टर में सबसे ज्यादा गिरावट
RBI की ओर से ब्याज दरों में कटौती का बुरा असर सबसे ज्यादा बैंकिंग सेक्टर के शेयरों पर पड़ा। सेंसेक्स में निजी क्षेत्र के प्रमुख बैंक यस बैंक के शेयर 2.05 फीसदी तक टूटकर 268.15 रुपए प्रति शेयर पर बंद हुए। इशके अलावा बैंक ऑफ बड़ौदा, एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक बैंक, इंड्सइंड बैंक और फेडरल बैंक के शेयर भी गिरावट के साथ बंद हुए। हालांकि, सिटी यूनियन बैंक, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया और एक्सिस बैंक के शेयर बढ़त के साथ हरे निशान में बंद हुए।

इन शेयरों में रही तेजी
सेंसेक्स में ओरियंट सीमेंट में 9.59 फीसदी, स्वान एनर्जी में 7.80 फीसदी, फोर्स मोटर्स में 6.52 फीसदी, Strides फार्मा साइंस लिमिटेड में 6.02 फीसदी, पीएनबी हाउसिंग में 5.06 फीसदी की तेजी रही। निफ्टी में हीरो मोटर्स में 2.12 फीसदी, एचडीएफसी में 1.86 फीसदी, टाटा मोटर्स में 1.84 फीसदी, अल्ट्राटेक सीमेंट में 1.76 और इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस 1.72 की तेजी रही।

इन शेयरों में रही गिरावट
सेंसेक्स में रेपको होम में 6.51 फीसदी, टाटा स्टील में 5.34 फीसदी, एनसीसी लिमिटेड में 5.04 फीसदी, वोडाफोन आइडिया में 5.02 फीसदी और आरकॉम में 4.74 फीसदी की गिरावट रही।निफ्टी में एचसीएल टेक्नोलॉजी में 2.32 फीसदी, टीसीएस में 2.09 फीसदी, हिंडाल्को में 1.99 फीसदी, बीपीसीएल में 1.95 फीसदी और गेल में 1.80 फीसदी की गिरावट रही।

नौ महीने में सोना सबसे सस्ता, चांदी भी फिसली, जानिए आज के दाम

नई दिल्ली/ कोटा । वैश्विक स्तर पर पीली धातु में तेजी के बीच स्थानीय जेवराती मांग उतरने से गुरुवार को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 80 रुपए टूटकर नौ महीने के निचले स्तर 32,670 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। चांदी भी 90 रुपए की गिरावट के साथ 38,330 रुपए प्रति किलोग्राम बिकी।

दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले डॉलर के करीब एक सप्ताह के निचले स्तर पर रहने से विदेशों में सोना 0.40 डॉलर चमककर 1,291.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। जून का अमेरिकी सोना वायदा भी 0.40 डॉलर की बढ़त में 1,295.70 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

बाजार विश्लेषकों ने बताया कि डॉलर में आयी नरमी से अन्य मुद्राओं वाले देशों के लिए सोने का आयात सस्ता हो गया है। इससे पीली धातु की मांग के साथ दाम भी बढ़ा है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चांदी में गिरावट रही। चांदी हाजिर 0.05 डॉलर लुढ़ककर 15.07 डॉलर प्रति औंस रह गयी।

जुलाई के बाद से सोने की सबसे कम कीमत
स्थानीय बाजार में सोने में लगातार दूसरे दिन गिरावट देखी गयी। सोना स्टैंडर्ड 80 रुपए फिसलकर 32,670 रुपए प्रति दस ग्राम रह गया जो पिछले साल 07 जुलाई के बाद का इसका निचला स्तर है। सोना बिटुर भी इतनी ही गिरावट के साथ 32,500 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया।

हालांकि, आठ ग्राम वाली गिन्नी पूरी मजबूती के साथ 26,400 रुपए पर टिकी रही। औद्योगिक मांग कमजोर रहने से चांदी हाजिर 90 रुपए टूटकर 38,330 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। वहीं, चांदी वायदा 45 रुपए की बढ़त में 37,465 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गयी। सिक्का लिवाली और बिकवाली गत दिवस के क्रमश: 80 हजार और 81 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर अपरिवर्तित रहे।

कोटा सर्राफा
चांदी 38300 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 32600 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38020 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 32760 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38210 रुपये प्रति तोला।

मॉनिट्री पॉलिसी के बाद रुपए में बड़ी गिरावट, तोड़ा 69 का स्तर

नई दिल्ली। रिजर्व बैंक (RBI) के मॉनिट्री पॉलिसी ऐलान के बाद डॉलर की तुलना में रुपए में तगड़ी गिरावट देखने को मिल रही है। दोपहर 2 बजे रुपया डॉलर की तुलना में लगभग 65 कमजोर होकर 69.09 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। इसका असर टीसीएस, एचसीएल टेक्नोलॉजिज सहित सभी एन्फोर्मेशन टेक्नोलॉजी (IT) सेक्टर की कंपनियों के स्टॉक्स पर दिखा, जो 3 फीसदी तक कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे हैं।

गौरतलब है कि गुरुवार को रिजर्व बैंक (RBI) ने चालू वित्त वर्ष 2019-20 की अपनी पहली द्विमासिक मौद्रिक समीक्षा में रेपो रेट (Repo Rate) में 0.25 फीसदी की कटौती करने का ऐलान किया, जिसके बाद अब रेपो रेट घटकर 6 फीसदी हो गई। वहीं RBI ने रिवर्स रेपो रेट 6 फीसदी से घटाकर 5.75 फीसदी कर दिया है। आरबीआई के इस ऐलान के बाद रुपए पर प्रेशर खासा बढ़ गया।

इससे पहले सेशन की शुरुआत में डॉलर की तुलना में रुपया लगभग 11 पैसे कमजोर होकर 68.54 पर खुला था। मॉनिट्री पॉलिसी आने के बाद कुछ ही देर में रुपए 69 का स्तर तोड़ दिया। 2 बजे रुपया 66 पैसे कमजोर होकर प्रति डॉलर 69.09 के स्तर पर पहुंच गया था। इसके अलावा 10 साल का बॉन्ड में 7 बेसिस की मजबूती देखने को मिल रही है। माना जा रहा है कि मॉनिट्री पॉलिसी से ट्रेडर्स को निराशा ही हाथ लगी है।

कमजोर मॉनसून और मॉनिट्री पॉलिसी से बढ़ा रुपए पर प्रेशर
एक एनालिस्ट ने कहा, ‘ट्रेडर्स इससे खासे निराश हैं, क्योंकि रेट की भले ही उम्मीद जताई जा रही थी। लेकिन ट्रेडर्स को भरोसा था कि एमपीसी के रुख में बदलाव देखने को मिल सकता है।’ फॉरेक्स ट्रेडर्स ने कहा कि प्राइवेट फर्म स्काईमेट के कमजोर मॉनसून के अनुमान और आरबीआई की मॉनिट्री पॉलिसी से रुपए पर दबाव खासा बढ़ गया है।

3 फीसदी तक टूटे आईटी स्टॉक्स
रुपए में कमजोरी से आईटी स्टॉक्स को सबसे तगड़ा झटका लगा। देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस का शेयर 3.24 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा है। वहीं एचसीएल टेक में 2.36 फीसदी, विप्रो में 1.55 फीसदी की गिरावट बनी हुई है। इसके अलावा टेक महिंद्रा और इन्फोसिस में भी लाल निशान में कारोबार हो रहा है।

रेकॉर्ड: एग्रीकल्चर की छात्रा को 1 करोड़ का पैकेज

जालंधर। देश में पहली बार एग्रीकल्चर फील्ड की किसी स्टूडेंट को 1 करोड़ रुपये का सालाना पैकेज मिला है। यह पैकेज ऑफर किया है कृषि क्षेत्र में काम करने वाली बेयर ग्रुप की कंपनी मॉन्सैंटो ने। रेकॉर्ड सैलरी पैकेज पाने वाली कविता फमन पंजाब के गुरदासपुर जिले की रहने वाली हैं। वह जालंधर की लवली प्रफेशनल यूनिवर्सिटी से ऐग्रिकल्चर (अग्रॉनमी) में एमएससी कर रही हैं।

वह कनाडा में जॉब करेंगी जो हजारों पंजाबी छात्रों के सपनों की जगह है। उनका पैकेज करीब 2,00,000 कनाडाई डॉलर है जो भारतीय रुपये में करीब 1 करोड़ 2 लाख है। मॉन्सैंटो की कनाडा ब्रांच ने कविता को अपने मैनिटोबा ऑफिस में प्रॉडक्शन मैनेजर के पद के लिए नियुक्त किया है। वह इस महीने से जॉब शुरू कर देंगी। प्रॉडक्शन मैनेजर के तौर पर कंपनी में निर्माण का काम उनके ही मातहत होगा। वह निर्माण प्रक्रियाओं की प्लानिंग के साथ-साथ उसमें समन्वय भी करेंगी।

सपना सच होने जैसा है जॉब ऑफर: कविता
कविता की पहले एक प्रारंभिक परीक्षा ली गई और उसके बाद मॉन्सैंटों के अधिकारियों ने इंटरव्यू लिया। कविता ने कहा, ‘यह एक सपने को सच होने जैसा है। कृषि विज्ञान तकनीक से होने वाले बदलावों को अपनाने की कगार पर है। जैवप्रौद्योगिकी में नवाचार से लेकर डेटा साइंस के इस्तेमाल तक इस फील्ड में नवीनतम टेक्नॉलजी को अपनाया जा रहा है। मैं कंपनी जॉइन करने को लेकर उत्साहित हूं और अगले कुछ सालों में जितना सीख सकूं, सीखने की कोशिश करूंगी।’

वहीं यूनिवर्सिटी को भी इस बात का गर्व है कि उसके किसी स्टूडेंट को इतना जबर्दस्त पैकेज मिला। एलपीयू के निदेशक अमन मित्तल ने बताया, ‘कृषि शिक्षा कभी उस सूची में शामिल नहीं रही है जिसमें छात्रों को इतना रेकॉर्ड पैकेज दिया गया हो। ऐसा पहली बार हुआ है जब कृषि शिक्षा के किसी छात्र को सात अंकों में पैकेज मिला है। वह भी यूनिवर्सिटी की पढ़ाई पूरी करने से पहले।’

Apple iPhone XR 23,000 तक सस्ता, जानें क्या है ऑफर

नई दिल्ली। Apple ने पिछले साल अपने तीन नए iPhone XS, iPhone XS Max और iPhone XR लॉन्च किए थे। कंपनी अब इन तीनों में से सबसे सस्ते iPhone XR पर डिस्काउंट दे रही है, जिसके बाद 76,900 रुपये वाला यह फोन 59,900 रुपये में खरीदा जा सकेगा। इसके अलावा HDFC बैंक के डेबिट या क्रेडिट कार्ड के जरिए खरीदारी करने पर ग्राहकों को 10 फीसदी का एक्स्ट्रा कैशबैक भी दिया जाएगा।

इस कैशबैक के बाद iPhone XR की कीमत 53,900 रुपये हो जाएगी। 5 अप्रैल से शुरू हो रहा यह ऑफर एक सीमित समय के लिए है। जानें किस वेरियंट पर मिल रहा है कितना डिस्काउंट…

iPhone XR की खूबियां

वेरियंटऑरिजनल कीमतडिस्काउंट के बाद कीमतHDFC कैशबैक के बाद कीमत
iPhone XR 64GBRs. 76,900Rs. 59,900Rs. 53,900
iPhone XR 128GBRs. 81,900Rs. 64,900Rs. 58,400
iPhone XR 256GBRs. 91,900Rs. 74,900Rs. 67,400

नए आईफोन XR में 6.1 इंच एलसीडी डिस्प्ले है जिसका रेजॉलूशन 1292×828 पिक्सल है। लेकिन यूजर्स को इसमें 3डी टच का मजा नहीं मिलेगा। आईफोन XR में भी बाकी दोनों आईफोन्स की तरह ए12 बायॉनिक प्रोसेसर दिया गया है। फोन में फेसआईडी, टच टू वेकअप और ड्यूल सिम जैसे फीचर्स मिलते हैं। आईफोन XR आईपी 67 रेटिंग के साथ आता है यानी पानी और धूल में भी यह सुरक्षित रह सकता है।

फटॉग्रफी के लिए फोन में अपर्चर एफ/1.8, फोकस पिक्सल के साथ 12 मेगापिक्सल का सिंगल रियर कैमरा है। इसमें स्मार्ट एचडीआर, डेप्थ कंट्रोल के साथ पोर्ट्रेट मोड, अडवांस्ड बोकेह और विडियोज में ऐक्टेंडेड डायनामिक रेंज जैसे फीचर्स मिलते हैं। आईफोन XR 64 जीबी, 256 जीबी और 512 जीबी इनबिल्ट स्टोरेज में मिलेगा।

कनेक्टिविटी के लिए फोन में एलटीई अडवांस्ड, ड्यूल सिम और ब्लूटूथ 5.0 जैसे फीचर्स दिए गए हैं। iPhone XR की कीमत 749 डॉलर से शुरू होगी। भारत में इसकी कीमत 76900 रुपये से शुरू होगी।

RBI ने रीपो रेट 0.25 फीसदी घटाया, होम लोन सस्ता

नई दिल्ली।भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की छह सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति (MPC) ने वित्त वर्ष 2019-20 की पहली द्विमासिक मौद्रिक समीक्षा के दौरान रीपो रेट में 0.25% कटौती का फैसला किया। इसके साथ ही, अब रीपो रेट 6.25% से घटकर 6.00% हो गया। एमपीसी के छह में से पांच सदस्यों ने रीपो रेट में कटौती का समर्थन किया।

साथ ही वित्त वर्ष 2019 के लिए जीडीपी विकास दर अनुमान को 7.2 फीसदी से घटाकर सात फीसदी कर दिया गया है। छह सदस्यीय एमपीसी की बैठक की अध्यक्षता आरबीआई के गवर्नर शक्तिकांत दास ने की। आरबीआई गवर्नर बनने के बाद यह उनकी दूसरी एमपीसी बैठक थी। नई मौद्रिक नीति के तहत रिवर्स रीपो रेट घटकर 5.75 प्रतिशत जबकि बैंक रेट 6.25 प्रतिशत पर आ गया है।

सस्ता होगा लोन
दरअसल, रीपो रेट ब्याज की वह दर होती है, जिस पर रिजर्व बैंक बैकों को फंड मुहैया कराता है। चूंकि रीपो रेट घटने से बैंकों को आरबीआई से सस्ती फंडिंग प्राप्त हो सकेगी, इसलिए बैंक भी अब कम ब्याज दर पर होम लोन, कार लोन सहित अन्य लोन ऑफर कर पाएंगे। इससे नया लोन सस्ता हो जाएगा, जबकि लोन ले चुके लोगों को या तो ईएमआई में या रीपेमेंट पीरियड में कटौती का फायदा मिल सकता है।

लगातार दूसरी बार घटा रीपो रेट
बता दें कि यह चालू वित्त वर्ष की पहली मौद्रिक नीति समीक्षा है। आरबीआई ने इससे पहले फरवरी में तीन दिनों तक चली समीक्षा के बाद रीपो रेट में 0.25 फीसदी की कटौती की थी। आरबीआई ने इससे पहले तीन बार से अपनी मौद्रिक नीति समीक्षा में रीपो रेट को लेकर स्थिति पहले जैसी बरकरार रखी थी।

नीतिगत रुख न्यूट्रल बरकरार
बहरहाल, एमपीसी ने उम्मीद के मुताबिक नीतिगत रुख को ‘तटस्थ’ पर बरकरार रखा है। इस बार विशेषज्ञों ने उम्मीद जताई थी कि एमपीसी मौद्रिक स्थिति के संबंध में अपने मौजूदा ‘तटस्थ’ रुख को बदलकर ‘उदार’ कर सकती है क्योंकि मुद्रास्फीति दर नीचे बनी हुई है।

मौद्रिक नीति की प्रमुख बातें

  • वित्त वर्ष 2018-19 की चौथी तिमाही के लिए खुदरा मुद्रास्फीति को नीचे की तरफ संशोधित कर 2.4 फीसदी कर दिया गया। वहीं वित्त वर्ष 2019-20 की पहली छमाही के लिए खुदरा मुद्रास्फीति 2.9-3.0 फीसदी तथा दूसरी छमाही के लिए 3.5-3.8 फीसदी रहने का अनुमान जताया गया है।
  • एमपीसी ने गौर किया कि घरेलू अर्थव्यवस्था को खासकर वैश्विक मोर्चे पर प्रतिकूल स्थितियों का सामना करना पड़ रहा है, इसलिए निजी निवेश को बढ़ावा देकर विकास दर को बढ़ावा देने की जरूरत है।
  • डॉ. पामी दुआ, डॉ. रवींद्र एच. ढोलकिया, डॉ. माइकल देबब्रत पात्रा और शक्तिकांत दास ने रीपो रेट में 0.25 फीसदी की कटौती के पक्ष में मतदान किया। वहीं, डॉ. चेतन घाटे तथा डॉ. विरल वी. आचार्य ने नीतिगत दर में कोई परिवर्तन नहीं करने के पक्ष में मतदान किया।
  • डॉ. पामी दुआ, डॉ. माइकल देबब्रत पात्रा, शक्तिकांत दास, डॉ. चेतन घाटे तथा डॉ. विरल वी. आचार्य ने ‘तटस्थ’ नीतिगत रुख बरकरार रखने के पक्ष में मतदान किया। वहीं, डॉ. रवींद्र एच. ढोलकिया ने नीतिगत रुख को ‘तटस्थ’ से ‘उदार’ करने के पक्ष में मतदान किया।

‘पत्नी की कमाई से चल रहा है माल्या का खर्च’, यूके कोर्ट को बताया

लंदन। अपने बैंक अकाउंट पर भारतीय बैंकों का कब्जा रोकने के लिए विजय माल्या अपनी बदहाल जिंदगी की दास्तां सुना रहा है। जीवन के बेहतरीन दिनों में राजसी ठाटबाट से जीने वाला माल्या कह रहा है कि उसे जीवनयापन के लिए अपनी पार्टनर/पत्नी, पर्सनल असिस्टेंट, परिचित कारोबारियों और अपने बच्चों पर निर्भर होना पड़ गया है। ध्यान रहे कि यह वही विजय माल्या है जिसने 26 मार्च को ट्वीट कर कहा था, मुझसे पैसे ले लो, लेकिन जेट को बचा लो।

कर्ज देनेवाले बैंकों के सामने माल्या का झूठ
दरअसल, जिन 13 बैकों का 11,000 करोड़ रुपया माल्या के पास फंसा है, उन्होंने पिछले वर्ष 11 सितंबर को माल्या के खिलाफ बैंकरप्ट्सी पिटिशन दायर की जिस पर इस वर्ष दिसंबर महीने में सुनवाई होनी है। बैंकों की इसी याचिका पर पूछे गए सवाल के जवाब में माल्या ने कहा कि उसकी व्यक्तिगत संपत्ति सिमटकर 2,956 करोड़ रुपये की रह गई है और यह पूरी संपत्ति उसने बैंकों से सेटलमेंट के लिए कर्नाटक हाई कोर्ट के सामने पेश कर दी है। बैंकों ने माल्या से मिली इस जानकारी से यूके कोर्ट को अवगत कराया है।

माल्या का दावा
बैंकों ने कोर्ट को बताया कि माल्या की पार्टनर/पत्नी पिंकी ललवानी साल में करीब 1.35 करोड़ रुपये कमाती है। इसके मुताबिक, माल्या ने अपनी पर्सनल असिस्टेंट महल और एक परिचित कारोबारी बेदी से क्रमशः 75.7 लाख और 1.15 कोरड़ रुपये उधार भी ले रखे हैं। निजेल तोजी माल्या को कर्ज देने वाले 13 बैंकों का यूके कोर्ट में प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।

उन्होंने कोर्ट को जानकारी दी कि माल्या ने बैकों से कहा है कि उसने जीवनयापन और कुछ कर्ज चुकाने के लिए ये पैसे उधार लिए हैं। लंदन कोर्ट को तोजी की ओर से दी गई लिखित जानकारी से पता चलता है कि माल्या पर ब्रिटिश सरकार का करीब 2.40 करोड़ रुपये टैक्स के अलावा अपने पूर्व वकील मैकफर्लैंस का भी कुछ रुपये बकाया है। साथ ही, उसने भारतीय बैंकों की 3.37 करोड़ रुपये के कानूनी खर्च में से 1.57 करोड़ रुपये भी नहीं चुकाए हैं।

आदेश पर रोक लगाने की मांग
बुधवार को लंदन कोर्ट में भारतीय बैंकों की उस याचिका पर सुनवाई हुई, जिसमें बैंकों ने यूके स्थित आईसीआईसीआई बैंक में माल्या के करंट अकाउंट पर कब्जा देने की अपील की थी। बेंगलुरु डीआरटी ने अपने आदेश में बैंकों को अनुमति दी है, जिसके आधार पर बैंकों ने लंदन कोर्ट में याचिका दायर की है। दरअसल, 14 जनवरी को बैंकों को इंटेरिम थर्ड पार्टी ऑर्डर मिला था जिसके आधार पर बैंकों ने माल्या के अकाउंट में उस वक्त पड़े 2.33 करोड़ रुपये अटैच कर लिए थे। अब माल्या इस आदेश को रद्द करने की मांग कर रहा है और इसे अंतिम फैसले का रूप नहीं देने की गुहार लगा रहा है।

कोर्ट में दिया माल्या के खर्चे का हिसाब
तोजी ने कोर्ट को बताया, ‘माल्या अब भी पूरे ठाट-बाट से जी रहा है। माल्या को अपने वकीलों के लिए कहीं से फंडिंग मिल रही है। उन्हें कोई परेशानी नहीं हो रही है, जैसा कि आम लोग समझते हैं। वह अब भी हर सप्ताह 16.21 लाख रुपये तो खर्च कर ही रहा है, कानूनी लड़ाई पर भी खूब खर्च कर रहा है।’ तोजी ने उदाहरण देकर बताया कि बैंकों का कानूनी खर्च सिर्फ 26 लाख रुपये है जबकि इस मुकदमें में माल्या ने आवेदन पर 63 लाख रुपये खर्च किए।

उन्होंने बताया, ’16 अगस्त से 16 सितंबर, 2018 के बीच माल्या ने 22,529 रुपये का सिर्फ पेट्रोल फूंक दिया और 90,118 रुपये किराने की दुकान में खर्च कर दिए। स्पष्ट है कि माल्या अपना खर्च कम करने को तैयार नहीं हैं।’ माल्या के आईसीआईसीआई बैंक अकाउंट पर कब्जे की अनुमति मांगने वाली भारतीय बैकों की याचिका पर फैसला अगले सप्ताह आना है।

रिजर्व बैंक की बैठक से पहले बाजार की सपाट शुरुआत, सेंसेक्स 39 अंक तेज

नई दिल्ली। आरबीआई की मौद्रिक समीक्षा नीति की बैठक से पहले ब्याज दरों में कटौती के ऐलान से सहमे निवेशकों की ओर से मुनाफा वसूली के चलते भारतीय शेयर बाजार गुरुवार को सपाट स्तर पर खुले। करीब 12 मिनट के कारोबार में बाजार गिरावट के साथ लाल निशान में चला गया। सुबह 9.30 बजे सेंसेक्स 10 अंकों की गिरावट के साथ 38,863 अंकों पर और 1 अंक की गिरावट के साख 11,642 अंकों पर कारोबार कर रहे हैं।

9.35 बजे सेंसेक्स में तेजी का माहौल दिखा और यह 39 अंकों की तेजी के साथ 38,916 अंकों पर हरे निशान में कारोबार कर रहा है। निफ्टी भी 12 अंकों की तेजी के 11,656 अंकों पर पहुंचकर हरे निशान में आ गया है।

सेक्टोरियल इंडेक्स का हाल
सेक्टोरियल इंडेक्स की बात करें तो सेंसेक्स में मिडकैप-स्मॉलकैप के साथ पीएसयू, बैंक, प्राइवेट बैंक, मेटल, टैक, ऑयल एंड गैस समेत सभी प्रमुख सेक्टर गिरावट के साथ लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी में ऑटो, फिन सर्विसेज, एफएमसीजी, मीडिया, फार्मा, पीएसयू बैंक, रियल्टी हरे और बैंक, आईटी, मेटल और प्राइवेट बैंकों के शेयर लाल निशान में कारोबार कर रहे हैं। निफ्टी-50 मिडकैप और स्मॉलकैप तेजी के साथ हरे निशान में कारोबार कर रहे हैं।

सेंसेक्स में शेयरों का हाल
सेंसेक्स में SUVEN लाइफ लाइफ साइंसेज लिमिटेड, बॉम्बे डाइंग, अमारा राजा बैट्रीज लिमिटेड, ASTRAZENECA, फार्मा, इंडिया लिमिटेड, डिश टीवी के शेयरों में तेजी का माहौल है। जबकि टाटा स्टील, वोडाफोन-आइडिया, केआरबीएल, लेमन ट्री, इंडोस्टार में मंदी का माहौल है।

निफ्टी में शेयरों का हाल
निफ्टी में इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, मारुति, बजाज फिनसर्व, एचसीएल टेक्नोलॉजी, टाटा स्टील में तेजी और बीपीसीएल, जी एंटरटेनमेंट, आईओसी, गेल, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया में मंदी का माहौल है।

वाहनों में निर्माता कंपनी ही लगा कर भेजेगी अब हाई सिक्योरिटी प्लेट

0

कोटा। केंद्र सरकार ने अब सभी वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य कर दिया है। वाहन निर्माता कंपनी हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाकर भेजेगी। उस पर डीलर द्वारा वाहन खरीददार को नंबर लिखवाकर दिया जाएगा। यह प्रक्रिया सभी प्रकार के वाहनों के लिए लागू की गई है। इस संबंध में अपर परिवहन आयुक्त ने सभी परिवहन अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं।

इस व्यवस्था के लागू होने के बाद वाहनों की ऑनलाइन ट्रैकिंग संभव होगी और चोरी की घटना के साथ महिलाओं के साथ होने वाली आपराधिक घटनाओं पर रोक लग सकेगी। सरकार ने 1 अप्रैल से सभी वाहनों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाना अनिवार्य कर दिया है। अब चैकिंग के दौरान वाहन पर हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) नहीं लगी मिली तो जुर्माने के साथ जेल की भी हवा खानी पड़ सकती है।

सड़क परिवहन मंत्रालय ने नए वाहनों में हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट लगाने की अधिसूचना जारी कर दी है। अधिसूचना में कहा गया है कि वाहन निर्माता अपने समस्त डीलरों को नंबर प्लेट उपलब्ध करवाएंगे और डीलर वाहनों में इस प्लेट को लगाने के बाद ही शोरूम से बाहर निकालेंगे। इसके अलावा जरूरत के मुताबिक वाहन निर्माता अपनी पुरानी गाड़ियों के लिए भी डीलरों को नंबर प्लेट उपलब्ध कराएंगे। हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट न लगवाने वाले वाहनों के चालान काटे जाएंगे। इसके लिए परिवहन विभाग ने पूरी तैयारी कर ली है।

इसलिए जरूरी एचएसआरपी प्लेट
हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट एक विशेष प्रकार की नंबर प्लेट है. जिससे गाड़ी की सुरक्षा के लिए लगाई जाती है। इसमें गाड़ी के आगे और पीछे दोनों साइड लगी नंबर प्लेट पर 11 डिजिट का अलग-अलग लेजर कोड नंबर फीड होता है। यह लेजर कोड नंबर हर नंबर प्लेट और गाड़ी के लिए अलग-अलग होता है। यह लेजर कोड नंबर गाड़ी की आरसी में भी दर्ज होगा।

साथ में एक विशेष प्रकार का होलोग्राम और आईएनडी भी लिखा हुआ है। ऐसे में अगर कोई फर्जी नंबर प्लेट बनाएगा भी तो यह सब विशेषताएं उस फर्जी नंबर प्लेट में शामिल नहीं की जा सकती हैं। हाई सिक्योरिटी प्लेट डायनेमिक होगी। इसमें जीपीएस आधारित एक चिप लगी होगी। इसकी मदद से पुलिस कंट्रोल रूम अथवा क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय कभी भी किसी भी गाड़ी को ट्रैक कर सकता है।

ज्यादा मूवी कर सकेंगे डाउनलोड, Realme ला रही है नया फोन

नई दिल्ली।स्मार्टफोन में मूवी देखने के शौकीन हैं, लेकिन कम स्टोरेज के चलते कई मूवी डाउनलोड नहीं कर पाते हैं? तो आपके लिए Realme कुछ खास लेकर आ रही है। दरअसल, Oppo की सब-ब्रैंड रियलमी एक नया फोन लॉन्च करने की तैयारी कर रही है, जिसकी स्टोरेज ज्यादा होगी। कंपनी ने हाल ही में ट्विटर पर एक शॉर्ट विडियो पोस्ट किया है, जो Realme U सीरीज की ओर इशारा करता है।

15 सेकंड के इस विडियो में इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि अगला फोन Realme U1 का नया वेरियंट होगा या फिर Realme U सीरीज का ही कोई नया फोन। ऐसी भी अटकलें हैं कि कंपनी ज्यादा स्टोरेज वाला Realme U2 भी लॉन्च कर सकती है। हालांकि, कंपनी की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

Realme U1 की कीमत में 1,000 रुपये की कटौती
Realme U1 की कीमत घटाने के महज दो दिन बाद ही कंपनी ने यह विडियो जारी किया है। बता दें कि कंपनी ने हाल ही में अपने सेल्फी सेंट्रिक स्मार्टफोन रियलमी U1 की भी कीमत घटा दी है। 25 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरे रियलमी U1 के 3GB रैम और 32GB इंटरनल स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत में 1,000 रुपये की कटौती की है।

कटौती के बाद 10,999 रुपये वाला रियलमी U1 अब 9,999 रुपये में उपलब्ध होगा। वहीं, इसके 4GB रैम और 64GB इंटरनल स्टोरेज वाले वेरियंट की कीमत में 2,000 रुपये की कटौती कर दी है। कटौती के बाद 13,999 रुपये वाला रियलमी U1 अब 11,999 रुपये में उपलब्ध होगा। इस स्मार्टफोन को ऐमजॉन और रियलमी ई-स्टोर से खरीदा जा सकेगा।