Forex Reserves: भारत के विदेशी मुद्रा भंडार बढ़कर 675 अरब डॉलर के पार

0
7

नई दिल्ली। Forex Reserves: भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने शुक्रवार को बताया कि 10 जुलाई को समाप्त हुए सप्ताह में भारत का विदेशी मुद्रा भंडार 96.4 करोड़ अमेरिकी डॉलर बढ़ गया है। यह बढ़कर कुल 675.157 अरब अमेरिकी डॉलर हो गया है। यह लगातार दूसरा सप्ताह है जब देश के भंडार में वृद्धि दर्ज की गई है।

इससे पिछले सप्ताह में भी कुल भंडार में 7.26 अरब अमेरिकी डॉलर की बढ़ोतरी हुई थी। तब यह 674.193 अरब अमेरिकी डॉलर पर पहुंच गया था। इस वर्ष 27 फरवरी को समाप्त सप्ताह में विदेशी मुद्रा भंडार 728.494 अरब अमेरिकी डॉलर के सर्वकालिक उच्च स्तर पर था।

हालांकि, पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण रुपये पर दबाव बढ़ गया था। इसके चलते आरबीआई को विदेशी मुद्रा बाजार में हस्तक्षेप करना पड़ा था। केंद्रीय बैंक ने डॉलर बेचकर बाजार को स्थिर किया था। इस वजह से कई हफ्तों तक भंडार में गिरावट देखी गई थी। अब इसमें फिर से तेजी आ रही है।