Thursday, July 9, 2026
Home Blog Page 4669

पांच माह के निचले स्तर पर सेंसेक्स, 600 अंकों के पार पहुंची गिरावट

नई दिल्ली। विदेशी निवेशकों की ओर से जारी बिकवाली के कारण भारतीय शेयर बाजार कारोबार सप्ताह के पहले दिन सोमवार 5 अगस्त को एक बार फिर बड़ी गिरावट के साथ खुला। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 465 अंकों की गिरावट के साथ 36,652 अंकों पर और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 141 अंकों की गिरावट के साथ 10,855 अंकों पर खुला।

सुबह 9.25 बजे सेंसेक्स 459 अंकों की गिरावट के साथ 36,658 अंकों पर और निफ्टी 145 अंकों की गिरावट के साथ 10,852 अंकों पर कारोबार कर रहे हैं। इस गिरावट के साथ सेंसेक्स पांच माह के निम्नतम स्तर पर पहुंच गया है। सेंसेक्स में बैंकिंग, ऑटो, मेटल, पीएसयू ऑयल एंड गैस, कंज्यूमर ड्यूरेबल सेक्टर के शेयरों पर दबाव बना हुआ है।

ये हैं टॉप गेनर
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में दीपक नाइट्रेट लिमिटेड, जयप्रकाश एसोसिएट्स लिमिटेड, एनआईआईटी टेक्नोलॉजीज लिमिटेड, बालकृष्ण इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेन इंडस्ट्रीज लिमिटेड के शेयरों में तेजी का माहौल है। निफ्टी में भारती एयरटेल, एशियन पेंट्स, आशयर मोटर्स, बजाज ऑटो, मारुति सुजुकी के शेयरों में तेजी का माहौल है।

ये हैं टॉप लूजर
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में कैफे कॉफी डे, नवकार कॉरपोरेशन, ECLERX सर्विसेज लिमिटेड, डीएचएफएल, मंगलौर रिफाइनरी एंड पेट्रोकैमिकल्स लिमिटेड में शेयरों में मंदी का माहौल है। निफ्टी में इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, टाटा स्टील, स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, कोल इंडिया, विप्रो के शेयरों में मंदी का माहौल है।

राष्ट्रीय खुदरा नीति से घरेलू व्यापार को मिलेगा बढ़ावा : कैट

नई दिल्ली। व्यापारियों के संगठन कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) ने कहा है कि देश की पहली राष्ट्रीय खुदरा नीति पासा पलटने वाली साबित होगी। कैट ने इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वाणिज्य मंत्री पीयूष गोयल को बधाई दी है। राष्ट्रीय खुदरा नीति का मसौदा जल्द जारी होने वाला है।

कैट के महासचिव प्रवीन खंडेलवाल ने कहा कि देशभर के व्यापारिक समुदाय को राष्ट्रीय खुदरा नीति के मसौदे का बेसब्री से इंतजार है, जिसमें वर्णित नीतियां निश्चित रूप से घरेलू व्यापार को काफी हद तक बढ़ाने में समर्थन प्रदान करेंगी। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद से घरेलू व्यापार कभी भी किसी सरकार की प्राथमिकता में नहीं था और इस तरह यह अपने दम पर देश में विकसित हुआ है।

कैट ने कहा कि यह पहली बार है कि मोदी सरकार ने अर्थव्यवस्था में व्यापारिक समुदाय की महत्वपूर्ण भूमिका को महसूस किया है और राष्ट्रीय खुदरा नीति तैयार करने का बड़ा निर्णय लिया है।

संगठन ने कहा कि ऐसा लगता है की नीति में मूल रूप से खुदरा व्यापार के मुख्य विषय खुदरा व्यापार का आत्मनिर्भर विकास, उन्नयन और आधुनिकीकरण, एक लाइसेंस, छोटे व्यापारियों के लिए वित्त की आसान पहुंच, डिजिटलीकरण के लिए समर्थन, व्यापार के मौजूदा प्रारूप को मजबूत करना, सरकार के कानूनों और नियमों का अनुपालन, एसएमई द्वारा निर्यात को बढ़ावा देने पर जोर, कर संरचना का सरलीकरण आदि होगा।

व्यापारियों के संगठन ने कहा कि खुदरा नीति उन मापदंडों और तौर-तरीकों की स्थापना के लिए पासा पलटले वाली साबित होगी, जिसके तहत देश में खुदरा व्यापार संचालित होगा। उन्होंने आगे कहा कि देश में लगभग सात करोड़ व्यापारी घरेलू व्यापार में लगे हैं और राष्ट्रीय खजाने में अपना योगदान दे रहे हैं। खुदरा क्षेत्र ने अब तक कारोबार को खुद व्यवस्थित किया है और यदि इस क्षेत्र को एक नीति दी जाती है, तो इसमें अभूतपूर्व वृद्धि होगी।

CAT 2020 के लिए रजिस्ट्रेशन, 7 अगस्त से होंगे शुरू

नई दिल्ली। कॉमन ऐडमिशन टेस्ट (कैट) 2020 के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन 7 अगस्त से शुरू होगा। परीक्षा का आयोजन 24 नवंबर को होगा और इस बार परीक्षा का आयोजन आईआईएम कोझिकोड द्वारा किया जाएगा। कैंडिडेट्स को इसके लिए ऑनलाइन अप्लाई करना होगा। ऑनलाइन आवेदन 18 सितंबर तक किया जा सकता है।

कैट 2019 प्रवेश परीक्षा का आयोजन देश भर के अग्रणी प्रबंधन संस्थानों दाखिले के लिए किया जा रहा है। परीक्षा का आयोजन देश भर में फैले करीब 156 केंद्रों पर होगा। कैट ऐडमिट कार्ड 23 अक्टूबर को जारी होगा।

परीक्षा का आयोजन 156 केंद्रों पर होगा। कैंडिडेट्स को चार शहरों का चयन करने का विकल्प होगा। चार शहरों में अपनी प्राथमिकता का क्रम देना होगा। कैट 2019 के पंजीकरण की आखिरी तारीख के बाद ही कैंडिडेट्स को शहर और परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा। शुरुआती दिनों में कैंडिडेट्स को स्लॉट और शहर ब्लॉक करने के लिए भागदौड़ की जरूरत नहीं है।

संबंधित अथॉरिटीज कैंडिडेट्स को प्राथमिकता क्रम में चुने गए पहले शहर को आवंटित करने की पूरी कोशिश की जाएगी। अगर ऐसा संभव नहीं हुआ तो उनको प्राथमिकता क्रम में अगला शहर आवंटित करने की कोशिश की जाएगी।

ऐसा कोई दुर्लभ ही मामला होगा जिसमें किसी कैंडिडेट को उसकी प्राथमिकता वाला शहर न मिले और कोई अन्य वैकल्पिक शहर मिले। कैंडिडेट्स को जहां परीक्षा केंद्रों के चयन का विकल्प होगा, वहीं उनको सेशन के चुनाव का विकल्प नहीं मिलेगा।

कश्मीर घाटी में संशय के बादल आज होंगे साफ़

नई दिल्ली। कश्मीर पर मोदी सरकार के मन में क्या है? इस पर छाए संशय के बादल कुछ घंटों के बाद छट सकते हैं। प्रधानमंत्री की अगुआई में आज सुबह 9:30 बजे कैबिनेट मीटिंग है। इसमें घाटी पर कुछ बड़ा फैसला होने की उम्मीद है। कहा जा रहा है कि इस बैठक के फैसले और कश्मीर के हालात पर सरकार संसद में बयान भी दे सकती है।

अतिरिक्त जवानों की तैनाती और घाटी छोड़ने की सलाह के बाद विपक्ष कई दिनों से इसकी मांग कर रहा है। इस बीच आधी रात को पूर्व मुख्यमंत्रियों उमर अब्दुल्ला और महबूबा मुफ्ती को भी नजरबंद कर दिया गया तो देर रात राज्यपाल ने डीजीपी और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आपात बैठक की।

रविवार को दिल्ली से लेकर जम्मू-कश्मीर तक हलचल तेज रही। गृह मंत्री अमित शाह ने उच्चस्तरीय बैठक की, जिसमें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोभाल, केंद्रीय गृह सचिव के साथ खुफिया एजेंसियों के प्रमुख भी शामिल हुए। पूरी स्थिति की पीएम को जानकारी दी गई। डोभाल से जब कश्मीर पर किसी बड़े फैसले की संभावना पर सवाल किया गया तो वह मुस्कुराते हुए निकल गए।

सूत्रों की मानें तो सरकार संसद का सत्र दो दिन बढ़ा सकती है, जिससे कि वर्तमान हालात पर चर्चा हो सके। शाह के अगले हफ्ते कश्मीर दौरे की भी तैयारी है। श्रीनगर में कश्मीरी दलों ने साझा बैठक में ऐलान किया कि राज्य के विशेष दर्जे से छेड़छाड़ की किसी भी कोशिश का विरोध करेंगे। राज्य के लोगों से अपील की कि सब्र रखें और ऐसा कदम न उठाएं, जिससे घाटी में खलल पड़े।

पूरे राज्य में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम
पूरे राज्य में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए है। लखनपुर (कठुआ) से लेकर कश्मीर की चोटियों तक चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है। कश्मीर में अलगाववादियों के गढ़ को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जम्मू में भी 40 कंपनियां तैनात की गईं हैं।

धारा 144, स्कूल-कॉलेज बंद
राज्य के अधिकतर जिलों में धारा 144 लगा दी गई है। सभी स्कूल-कॉलेज और शिक्षण संस्थान बंद रखने के आदेश दिए गए हैं। श्रीनगर में रविवार रात को धारा 144 लागू कर दी गई थी तो जम्मू में भी सुबह 6 बजे से प्रभावी हो गई है। कश्मीर के अलावा जम्मू, कठुआ, ऊधमपुर, रियासी, किश्तवाड़, रामबन, राजौरी, पुंछ में सुरक्षा बेहद कड़ी है।

यह भी पढ़िए :आर्टिकल 370 खत्म: जानिए कश्मीर में क्या-क्या बदल जाएगा

अब घर बैठे मंगाइए बाइक्स एवं स्कूटर, हीरो मोटोकॉर्प करेगी डोर-स्टेप डिलीवरी

0

नई दिल्ली। देश की सबसे बड़ी टू-व्हीलर निर्माता कंपनी अपने ग्राहकों को वाहनों की डोर-स्टेप डिलीवरी करने की योजना बना रही है। इसके लिए कंपनी ग्राहकों से मामूली चार्ज लेगी। कंपनी ने इस सेवा को मुंबई, बेंगलुरु और नोएडा में शुरू कर दिया है और अगले कुछ महीनों में कंपनी 25 शहरों में इस योजना का विस्तार करने की तैयारी कर रही है।

हीरो मोटोकॉर्प ने ग्राहकों के लिए एक पोर्टल शुरू किया है, जिसमें ग्राहक वाहन की होम डिलीवरी बुक करा सकेंगे। इसके लिए उन्हें 349 रुपए खर्च करने होंगे। इस सेवा के तहत घर के पते पर डिलीवरी की शर्त जरूरी नहीं है। वाहनों को ग्राहकों द्वारा बताए गए किसी भी पते पर डिलीवर किया जाएगा।

कंपनी के सेल्स, आफ्टर-सेल्स और पार्ट्स बिजनेस के हेड संजय भान ने बताया कि, हीरो मोटोकॉर्प ई-कॉमर्स में कदम रखने वाली पहली टू-व्हीलर कंपनी है और हम इस नई सेवा के साथ इस ट्रेंड को जारी रखना चाहते हैं। नई पहल से टू-व्हीलर कैटेगरी में कस्टमर एक्सपीरियंस का स्तर बढ़ेगा।

क्षमा महान व्यक्तियों का आभूषण है: आर्यिका सौम्यनन्दिनी

कोटा। महावीर नगर विस्तार योजना दिगम्बर जैन मंदिर में चल रहे आर्यिका सौम्यनन्दिनी माताजी ससंघ के पावन वर्षायोग के दौरान रविवार को प्रवचन करते हुए माताजी ने कहा कि जैन धर्म के दस लक्षणों को आचरण में उतारने वाला व्यक्ति ही धार्मिक कहलाने के योग्य होता है। धर्म के मार्ग पर चलने से मनुष्य का जीवन सार्थक होता है।

उन्होंने कहा कि सुख और दुख का चक्र दिन तथा रात्रि की भांति बदलता रहता है। एक सामान्य व्यक्ति जहां सुख में उन्मत हो जाता है और दुःख में अधीर, वहीं धर्म के स्वरूप में स्थित व्यक्ति दोनों स्थितियों में सम रहता है। सूर्य उगते समय लाल रंग का होता है तथा डूबते समय भी लाल रंग का ही होता है।

महापुरुष भी इसी प्रकार सुख-दुःख में हमेशा सम अवस्था में रहते हैं। क्षमा एक अलौकिक गुण है। वह तो महान व्यक्तियों का आभूषण है। निर्बल व्यक्ति किसी की गलती को क्षमा नहीं कर सकता। अति कृपालु परब्रह्म क्षमा का अनन्त भंडार हैं। यही क्षमा का गुण उन्हें महावीर स्वामी जैसी महानता प्रदान कर पाई।

दम का अर्थ है, दमन अर्थात् मन, चित्त और इन्द्रियों से विषयों का सेवन न होने देना। अब तक जो इंद्रियां मायावी विषयों का सेवन कर रही थीं, चित्त विषयों के चिन्तन में लगा हुआ था तथा मन उनके मनन में तल्लीन था, उसे रोक देना अर्थात सात्विकता की और ले जाना ही दम (दमन) कहलाता है।

किसी के धन की इच्छा न करना ही अस्तेय है। यदि मनुष्य मन, वाणी तथा कर्म से अस्तेय (चोरी न करना) में प्रतिष्ठित हो जाए, तो उसे सभी रद्यों की प्राप्ति स्वतः ही हो जाएगी। इससे पहले पारस जैन पारसमणि़ के द्वारा मंगलाचरण किया गया। वहीं, निर्भय सेठिया, सुनीता जैन, सुधांशु जैन, अपूर्वा सेठिया परिवार के द्वारा चित्र अनावरण, दीप प्रज्ज्वलन व शास्त्र भेंट किया गया।

श्रावणी तीज मेला : फिल्मी तरानों पर झूमे श्रोता, मेले में जमने लगा रंग

कोटा। श्रावणी तीज मेले में रविवार को सिने संध्या कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें किशन मुद्गल और बसंत भरावा के अलावा गायक बजाज और साहनी ने फिल्मी तरानों पर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं रविवार को छुट्टी का दिन होने के कारण मेले में खासी रौनक रही। चकरी, झूले और मिक्की माउस पर बच्चों व बड़ों की भीड़ रही। लोगों के द्वारा खरीदारी की गई तो चाट पकौड़े की दुकानों पर भी लोंगों ने आनन्द उठाया।

सिने संध्या कार्यक्रम में गायकों ने ‘‘रिमझिम के गीत सावन गाए… भीगी भीगी रातों में…. मेरे नैना सावन भादोें… फिर भी मेरा मन प्यासा…. कौन है जो सपनों में आया…जनम जनम का साथ्ज्ञ है तुम्हारा हमारा….वादा कर ले साजना…कहीं दीप जले कहीं दिल…. परदेसियों से न अंखिला मिलाना… समेत विभिन्न गीतों पर समां बांध दिया था। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व महापौर सुमन श्रृंगी थीं।

वहीं अध्यक्षता आनन्द राठी ने की तथा विशिष्ठ अतिथि रमेश सोनी रहे। कार्यक्रम में अध्यक्ष बसंत भरावा, संयोजक श्याम भरावा, कार्यक्रम संयोजक राजाराम जैन कर्मयोगी, अलका जैन दुलारी, स्वागत अध्यक्ष अनिल कुमार शर्मा के द्वारा अतिथियों का स्वागत किया गया। इससे पहले मेला स्थल पर एसपी राजेश मील तथा डीवाईएसपी भगवत सिंह हिंगड़ के द्वारा अस्थाई चैकी का उद्घाटन किया गया।

खाटू श्याम बाबा का जागरण आज
मेला अध्यक्ष बसंत भरावा तथा संयोजक श्याम भरावा ने बताया कि मेले में सोमवार को खाटू श्याम बाबा का जागरण, 6 अगस्त को राजस्थानी कवि सम्मेलन, 7 अगस्त को राजस्थानी लोक कलाकारों के गीत व नृत्य का रंगारंग आयोजन होगा। वहीं 13 दिवसीय मेले का समापन 15 अगस्त को भव्य आतिशबाजी के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर विभिन्न प्रांतों से आने वाले व्यापारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

ऐमजॉन अलेक्सा सुनता है आपकी बातें, तो ऐसे करें डिसेबल

नई दिल्ली। ऐमजॉन के अलेक्सा डिवाइस पर यूजर्स की बातें सुनने को लेकर कई बार सवाल उठ चुके हैं और अब कंपनी ने इससे जुड़ा नया ऑप्शन दिया है। कंपनी ने माना था कि क्वालिटी कंट्रोल के लिए यूजर्स के कमांड्स सुने और रिव्यू किए जाते हैं। दरअसल बीते दिनों सामने आया कि ऐपल और गूगल, इन दोनों के भी वॉइस असिस्टेंट यूजर्स की बातें रिकॉर्ड करते हैं और बाद में इनके कुछ हिस्से का रिव्यू किया जाता है। ऐपल ने इसपर जरूरी ऐक्शन भी लिया है।

यूजर्स की नाराजगी के बाद जहां ऐपल ने अपना यह प्रोग्राम बंद कर दिया, वहीं गूगल यूजर्स को इस ऑफ करने का विकल्प पहले ही देता है। अब ऐमजॉन ने अलेक्सा पर भी रिकॉर्डिंग्स के रिव्यू से जुड़ा फीचर डिसेबल करने का विकल्प दे दिया है। ऐमजॉन ने कहा कि कस्टमर्स के लिए अपने डिवाइस के इस्तेमाल को आसान बनाने के मकसद से कुछ रिकॉर्डिंग्स का रिव्यू किया जाता था लेकिन अब यूजर्स की परमिशन के बिना उनकी रिकॉर्डिंग रिव्यू नहीं की जाएंगी।

ऐपल ‘सीरी’ भी सुनता था पर्सनल बातें
गूगल भी पहले ही अपने गूगल होम पर इसे ऑफ करने का विकल्प देता है और यूजर की परमिशन के बिना उसकी वॉइस-रिकॉर्डिंग्स नहीं सुनता। दरअसल, इसी सप्ताह की शुरुआत में सामने आया था कि ऐपल का सीरी असिस्टेंट यूजर्स की पर्सनल बातों को रिव्यू करने के लिए कंपनी के कर्मचारियों को सुना रहा था। बता दें, सामने आईं रिपोर्ट्स के बाद ऐपल ने यह प्रोग्राम अब बंद कर दिया है। आपको बता दें, ऐमजॉन और गूगल अपने असिस्टेंट्स की मदद से यूजर्स की बातें सुनते हैं, ऐसी कई रिपोर्ट्स सामने आ चुकी हैं।

असिस्टेंट को इंप्रूव करने के लिए रिव्यू
ऐमजॉन ने पहले भी माना है कि अलेक्सा रिकॉर्डिंग्स का कुछ हिस्सा इसके सिस्टम और असिस्टेंट को पहले से बेहतर बनाने के लिए सुना जाता है। गूगल भी अपने असिस्टेंट के साथ ऐसा ही करता है। ऐसे सभी वॉइस असिस्टेंट लोगों के वॉइस कमांड्स पर प्रतिक्रिया देते हैं और ऐक्शन लेते हैं। इन्हें इस तरह डिजाइन किया गया है कि यूजर्स इन्हें कमांड्स देने के अलावा इनसे बातें भी कर सके। रिकॉर्डिंग्स के रिक्यू का मकसद इन्हें इंप्रूव करना होता है।

चंद्रयान-2 ने भेजी फोटो, दिखा अंतरिक्ष से पृथ्वी का नजारा

नई दिल्ली। चंद्रयान-2 से भेजी पृथ्वी की तस्वीरों को इसरो ने ट्विटर पर शेयर किया है। अंतरिक्ष से हमारी पृथ्वी की झलक कैसी दिखती है वह तस्वीरों में नजर आ रहा है। इसरो के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से चंद्रयान से भेजी तस्वीरें शेयर की है। धरती और चंद्रमा के बीच की दूरी लगभग 3 लाख 84 हजार किलोमीटर है।

इसरो के ट्विटर अकाउंट से चंद्रयान -2 की भेजी तस्वीरें शेयर की गई हैं। लैंडर-विक्रम 6 सितंबर को चांद पर पहुंचेगा और उसके बाद प्रज्ञान यथावत प्रयोग शुरू करेगा।

चंद्रमा की कक्षा में यान के पहुंचने के बाद विक्रम नाम का लैंडर कक्षा से अलग हो जाएगा। हालांकि ऑर्बिटर चांद की सतह से 100 किलोमीटर की दूरी पर चक्कर लगाता रहेगा। 6 सितंबर को विक्रम चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर लैंडिंग करेगा।

बता दें कि तकनीकी खराबी आने के बाद चंद्रयान की लॉन्चिंग डेट आगे बढ़ा दी गई थी। 22 जुलाई को इसरो ने सफलतापूर्वक चंद्रयान लॉन्च किया। इसरो चीफ ने जानकारी दी थी कि तकनीकी खामी को दूर करने के साथ ही चंद्रयान 2 को प्रक्षेपित करने वाले जीएसएलवी मार्क 3 की प्रदर्शन क्षमता पहले के मुकाबले 15 प्रतिशत से ज्यादा बढ़ा दी गई है।

ऐसी दिखती है अंतरिक्ष से पृथ्वी

वॉट्सऐप, मेसेज पढ़कर सुनाएगा और जवाब देगा गूगल असिस्टेंट

नई दिल्ली। गूगल का वॉइस-बेस्ड वर्चुअल असिस्टेंट बहुत जल्द वॉट्सऐप जैसे थर्ड पार्टी ऐप्स पर आने वाले मेसेज भी पढ़ सकेगा। ऐंड्रॉयड पुलिस की एक रिपोर्ट के मुताबिक, गूगल असिस्टेंट वॉट्सऐप, टेलिग्राम, स्लैक, डिस्कॉर्ड और ग्रुपमी जैसे ऐप्स पर न सिर्फ मेसेज पढ़ेगा बल्कि उनके रिप्लाई भी दे सकेगा। इससे पहले गूगल असिस्टेंट को जब भी आप ‘Read my messages’ कमांड देते थे, यह केवल फोन के डिफॉल्ट एसएमएस ऐप या फिर गूगल हैंगआउट के मेसेज ही ऐक्सेस कर सकता था।

गूगल असिस्टेंट से मेसेज पढ़ने के लिए कहने पर यह आपसे सबसे पहले नोटिफिकेशंस ऐक्सेस करने की परमिशन लेगा इसके बाद आपको एक डिस्क्लेमर दिखेगा कि एक बार इस सर्विस को इनेबल करने पर ‘गूगल सभी नोटिफिकेशंस पढ़ सकेगा, जिसमें कॉन्टैक्ट का नाम और रिसीव होने वाले टेक्स्ट मेसेजेस जैसी पर्सनल इन्फॉर्मेशन भी शामिल है। यह नोटिफिकेशन को डिसमिस कप सकेगा या फिर उसमें मौजूद ऐक्शन बटन को भी ट्रिगर कर सकेगा। यह ऐप को ‘डू नॉट डिस्टर्ब’ ऑन या ऑफ करने और इससे जुड़ी सेटिंग्स बदलने की परमिशन भी देगा।’

मेसेज में अटैचमेंट होने पर बताएगा
नया गूगल असिस्टेंट फीचर लेटेस्ट ऐप वर्जन 0.1.1879345513 में उपलब्ध है। एक बार सभी परमिशंस को Allow करने और फीचर को इनेबल करने पर असिस्टेंट आपको आया लास्ट मेसेज पढ़कर सुनाएगा, चाहे वह किसी भी मेसेजिंग ऐप पर आया हो। इतना ही नहीं, एकबार मेसेज सुनने के बाद आप असिस्टेंट से उसका रिप्लाई देने को कह सकते हैं। यह जवाब चाहें तो आप बोलकर बता सकते हैं, या फिर टाइप भी कर सकते हैं। अगर आपके मेसेज के साथ कोई अटैचमेंट भी है तो असिस्टेंट आपको बताएगा, ‘(कॉन्टैक्ट का नाम) की ओर से आए नए मेसेज के साथ पिक्चर्स, विडियो, ऑडियो या कोई अटैचमेंट्स भी आया है।’

यह फीचर भी टेस्ट कर रहा है गूगल
बताते चलें, गूगल असिस्टेंट के राइवल ऐपल के वर्चुअल असिस्टेंट सीरी के पास वॉट्सऐप और बाकी थर्ड पार्टी ऐप्स के मेसेज पढ़ने का फीचर 2016 से है। 2018 में इसे वॉट्सऐप ग्रुप्स के मेसेज पढ़ने का फीचर भी मिल गया। हाल ही में 9to5Google की ओर से सामने आया था कि गूगल बिना डिवाइस अनलॉक किए मेसेज भेजने से जुड़ा एक फीचर टेस्ट कर रहा है। यह फीचर भी सीरी पर पहले से मिल रहा है। रिपोर्ट में कहा गया था कि गूगल का यह फीचर सर्वर साइड ए/बी टेस्ट में देखा गया। साइट की ओर से स्क्रीनशॉट शेयर किए गए थे, जिनमें बिना डिवाइस अनलॉक किए मेसेज भेजने की रिक्वेस्ट दिख रही थी।