सेंसेक्स 1677 अंक गिर कर बंद, निवेशकों को 10 लाख करोड़ रुपये की चपत

0
3

नई दिल्ली। Stock Market Crash अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान के साथ युद्ध विराम समझौते को खत्म घोषित करने के बाद कारोबार के अंत में, बीएसई का सेंसेक्स 1,677 अंक की भारी गिरावट के साथ बंद हुआ। हालांकि, बुधवार को दोपहर में सेंसेक्स एक समय 1,914 अंक तक टूट गया था। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी50 भी 581 अंक लुढ़ककर अंततः 23,900 के मनोवैज्ञानिक स्तर से नीचे समाप्त हुआ।

बाजार में मचे इस हाहाकार से निवेशकों को भारी चपत लगी और महज एक दिन में उनकी 10 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति स्वाहा हो गई। इसके साथ ही बीएसई लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट कैप घटकर 470 लाख करोड़ रुपये रह गया।

घरेलू शेयर बाजार सुबह गिरावट के साथ खुला था लेकिन दोपहर बाद इसमें भारी गिरावट आई। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के एक बयान से शेयर बाजार में हाहाकार मच गया। उनका कहना है कि ईरान के साथ सीजफायर खत्म हो गया है। इससे कच्चे तेल की कीमत में भारी तेजी आई। कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों, कमजोर ग्लोबल संकेतों और जियोपॉलिटिकल तनाव बढ़ने से निवेशकों का भरोसा डगमगा गया। इससे सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में 2% से ज्यादा गिरावट आई।

दोपहार बाद के कारोबार के दौरान सेंसेक्स 1,914 अंक गिरकर 76,266 पर आ गया, जबकि निफ्टी 50 में 581 अंकों की गिरावट आई और यह 23,900 के स्तर से नीचे चला गया। हिंदुस्तान यूनिलीवर, इंडिगो की पेरेंट कंपनी इंटरग्लोब एविएशन, मारुति सुजुकी, कोटक महिंद्रा बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और भारती एयरटेल के शेयरों में 2-4% की गिरावट आई।

बाजार में उतार-चढ़ाव को मापने वाला इंडिया VIX इंडेक्स 27% बढ़कर 14.85 पर पहुंच गया। यह इस बात का प्रतीक है कि निवेशकों के हाथपांव फूले हुए हैं। ब्रॉडर बाजार में भी फ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स और निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में 2% तक की गिरावट आई।

सभी सेक्टरल इंडेक्स भारी गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे है। निफ्टी बैंक इंडेक्स, निफ्टी एफएमसीजी इंडेक्स और निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स में 2% से ज्यादा की गिरावट आई। एनएसई पर 2,525 शेयरों में गिरावट आई, जबकि केवल 694 शेयरों में बढ़त देखी गई। 86 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। जानिए शेयर बाजार में गिरावट के पांच कारण।