Market: पश्चिम एशिया में फिर संकट से शेयर बाजार में हाहाकार, सेंसेक्स 523 अंक लुढ़का

0
10

नई दिल्ली। Stock Market: पश्चिम एशिया में एक बार फिर संकट गहराने और कच्चे तेल में उछाल का असर आज घरेलू शेयर बाजार में भी देखने को मिल रहा है। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स में 500 अंक से ज्यादा गिरावट आई है जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 50 इंडेक्स 24,300 अंक से नीचे चला गया।

सुबह 9.25 बजे सेंसेक्स 523.08 अंक यानी -0.67% गिरावट के साथ 77,657.64 अंक पर आ गया। निफ्टी भी 159 अंक यानी 0.65% नीचे 24,239.70 अंक पर फिसल गया। इस बीच रुपया डॉलर के मुकाबले 0.2% गिरावट के साथ 95.1725 पर खुला। पिछले सत्र में यह 0.46 फीसदी तेजी के साथ 94.9675 पर बंद हुआ था।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 25 शेयर गिरावट के साथ खुले। इंडिगो में 2 फीसदी से ज्यादा गिरावट रही। इसके अलावा एशियन पेंट्स, बजाज फाइनेंस, रिलायंस, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा स्टील और बजाज फिनसर्व में भी उल्लेखनीय गिरावट आई। दूसरी ओर, सन फार्मा, एचसीएल टेक, टीसीएस, इन्फोसिस और ट्रेंट के शेयरों में तेजी रही।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

  • गिफ्ट निफ्टी
    बुधवार सुबह GIFT Nifty करीब 132 अंकों की गिरावट के साथ 24,252 के स्तर पर कारोबार करता नजर आया। इससे संकेत मिल रहे हैं कि निफ्टी 50 और सेंसेक्स की शुरुआत दबाव में हो सकती है।
  • एशियाई बाजार
    अमेरिका और ईरान के बीच बढ़े तनाव का असर एशियाई शेयर बाजारों पर भी देखने को मिला। जापान का निक्केई 225 करीब 0.48 फीसदी और दक्षिण कोरिया का कोस्पी लगभग 0.76 फीसदी की गिरावट के साथ कारोबार कर रहा था।
  • बाजारों में निवेशकों की चिंता इसलिए बढ़ी है क्योंकि अमेरिका ने ईरान पर फिर से तेल निर्यात से जुड़े प्रतिबंध लागू कर दिए हैं और जवाबी सैन्य कार्रवाई भी की है। इससे पश्चिम एशिया में तनाव और गहरा गया है।
  • अमेरिकी बाजार
    मंगलवार को अमेरिकी शेयर बाजार भी कमजोरी के साथ बंद हुए। डॉव जोंस इंडस्ट्रियल एवरेज में 0.25 फीसदी, S&P 500 में 0.45 फीसदी और नैस्डैक कंपोजिट में 1.16 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई। टेक्नोलॉजी शेयरों में बिकवाली का दबाव अधिक देखने को मिला।
  • कच्चे तेल में आई तेजी
    पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में जोरदार उछाल आया। अमेरिका द्वारा ईरान पर तेल बिक्री से जुड़े प्रतिबंध दोबारा लागू करने और सैन्य कार्रवाई के बाद वैश्विक सप्लाई को लेकर चिंता बढ़ गई है। इंटरकॉन्टिनेंटल एक्सचेंज (ICE) पर जुलाई डिलीवरी वाला क्रूड ऑयल फ्यूचर 2.2 फीसदी की बढ़त के साथ 75.78 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार करता दिखा।