नई दिल्ली। Stock Market Closed: घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को चार कारोबारी सत्रों से जारी तेजी का सिलसिला थम गया। कारोबार के अंत में बीएसई सेंसेक्स 104.35 अंक यानी 0.13% गिरावट के साथ 78,180.72 अंक पर बंद हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 इंडेक्स 31.65 अंक यानी 0.13% टूटकर 24,398.70 अंक पर आ गया। टाटा ग्रुप की कंपनी ट्रेंट के शेयरों में भारी गिरावट आई। आईटी शेयरों में तेजी रही।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 19 गिरावट के साथ बंद हुए। ट्रेंट में सबसे ज्यादा 12.42 फीसदी गिरावट रही। बीईएल, अडानी पोर्ट्स, लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस, आईसीआईसीआई बैंक और एनटीपीसी में भी उल्लेखनीय गिरावट रही।
दूसरी ओर एचसीएल टेक, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, टाइटन, इटरनल, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, बजाज फिनसर्व, मारुति, कोटक बैंक और हिंदुस्तान यूनिलीवर में तेजी रही।
दिनभर के कारोबार में मेटल और रियल्टी सेक्टर के शेयरों में बिकवाली देखने को मिली। इसी वजह से प्रमुख सूचकांकों पर दबाव बना रहा। सेक्टोरल इंडेक्स में निफ्टी मेटल और निफ्टी रियल्टी सबसे कमजोर प्रदर्शन करने वाले सेक्टर रहे।
गिरावट वाले बाजार में भी कुछ बड़े शेयरों ने अच्छा प्रदर्शन किया। टाइटन कंपनी, टेक महिंद्रा और HCLTech निफ्टी 50 के प्रमुख बढ़त वाले शेयर रहे। आईटी शेयरों में खरीदारी से बाजार को कुछ सहारा मिला।
मिडकैप और स्मॉलकैप शेयर भी फिसले
बड़े शेयरों के साथ-साथ व्यापक बाजार में भी कमजोरी देखने को मिली। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.37% और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.66% की गिरावट के साथ बंद हुए।
इन सेक्टरों ने किया बेहतर प्रदर्शन
सेक्टोरल प्रदर्शन की बात करें तो निफ्टी आईटी सबसे मजबूत सेक्टर रहा। इसके अलावा निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और निफ्टी FMCG इंडेक्स में भी मजबूती देखने को मिली। वहीं, मेटल और रियल्टी शेयरों की कमजोरी ने बाजार की चाल को प्रभावित किया।

