Friday, July 10, 2026
Home Blog Page 4654

Sunny Leone बनीं सबसे ज्यादा सर्च की जाने वाली सिलेब्रिटी

नई दिल्ली। भारत में गूगल सर्च में इस साल अगस्त के पहले हफ्ते तक सबसे अधिक सर्च की जाने वाली हस्तियों की सूची में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, सुपरस्टार सलमान खान और शाहरुख खान को पीछे छोड़ते हुए ऐक्ट्रेस सनी लियोनी टॉप पोजिशन पर बनी हुई हैं।

गूगल ट्रेंड्स ऐनालिटिक्स के अनुसार, सनी से जुड़े ज्यादातर सर्च उनके विडियो के संबंध में हैं, इसके अलावा उनकी बायॉपिक सीरीज को भी लोगों ने ढूंढा है। सनी से जुड़े अधिकतर सर्च ट्रेंड्स बताते है कि उन्हें सबसे ज्यादा पूर्वोत्तर के राज्यों जैसे मणिपुर और असम में सर्च किया गया।

शीर्ष स्थान पर बने रहने पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए सनी ने कहा, ‘मेरी टीम ने मुझे इस बात की जानकारी दी और मैं इसका श्रेय अपने फैन्स को देना चाहूंगी, जो हमेशा मेरे लिए खड़े रहे हैं। यह एक शानदार भावना है।’ बता दें कि, पिछले साल भी भारत में सबसे ज्यादा खोजे जाने वाले हस्तियों की इस सूची में सनी पहले स्थान पर रही थीं।

View this post on Instagram

?

A post shared by Sunny Leone (@sunnyleone) on

पति ने दिया ऐसा रिऐक्शन
वहीं सनी के गूगल सर्च में टॉप पर आने पर मीडिया से मिली एक कवरेज पर ऐक्ट्रेस के पति डेनियल वेबर ने भी प्रतिक्रिया दी, जिसमें उन्होंने लिखा, ‘नहीं, नहीं भारत क्लाइमेट चेंज और वॉटर शॉर्टेज ज्यादा अहम मुद्दे हैं’। दरअसल, इस कवरेज में लिखा गया था कि भारत पानी की कमी और क्लाइमेट चेंज जैसे मुद्दों से ज्यादा सनी लियोनी को लेकर अब्सेस्ड है।

यात्री वाहन बिक्री में लगातार नौंवे महीने गिरावट, जुलाई में 31% घटी

नयी दिल्ली।यात्री वाहनों की बिक्री जुलाई में लगातार नौवें महीने गिरी है। यह 30.98 प्रतिशत घटकर 2,00,790 वाहन रही है जो जुलाई 2018 में 2,90,931 वाहन थी। भारतीय वाहन विनिर्माताओं के संगठन सियाम ने मंगलवार को इस संबंध में आंकड़े जारी किए। समीक्षावधि में घरेलू बाजार में कार की बिक्री 35.95 प्रतिशत टूटकर 1,22,956 वाहन रही। जुलाई 2018 में 1,91,979 वाहन थी।

इसी तरह मोटरसाइकिल की घरेलू बिक्री पिछले महीने 9,33,996 इकाई रही जो जुलाई 2018 की 11,51,324 इकाई बिक्री के मुकाबल 18.88 प्रतिशत कम है। जुलाई में दोपहिया वाहनों की कुल बिक्री 15,11,692 वाहन रही। जुलाई 2018 में यह आंकड़ा 16.82 प्रतिशत अधिक यानी 18,17,406 वाहन था।

वाणिज्यिक वाहनों की बिक्री में भी समीक्षावधि के दौरान गिरावट देखी गयी है। यह 25.71 प्रतिशत घटकर 56,866 वाहन रही जो पिछले साल जुलाई में 76,545 वाहन थी। विविध श्रेणियों में कुल वाहन बिक्री जुलाई में 18.71 प्रतिशत गिरकर 18,25,148 वाहन रही जो जुलाई 2018 में 22,45,223 वाहन थी। सियाम के मुताबिक सभी वाहन श्रेणियों में जुलाई में गिरावट दर्ज की गयी है।

फूड पैक्स पर बेस्ट बिफोर डेट के बाद देना होगा डिस्काउंट

नई दिल्ली। पैकेज्ड फूड कंपनियों को जल्द ही सभी प्रोडक्ट्स की पैकेजिंग पर बेस्ट बिफोर डेट के साथ ‘expire/use by date’ भी डालनी होगी। बेस्ट बिफोर डेट के बाद सभी प्रोडक्ट्स पर डिस्काउंट्स देने होंगे। फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) के प्रस्ताव का हिस्सा है।

इस प्रस्ताव के पीछे FSSAI की कोशिश है कि लोग प्रोसेस्ड फूड खरीदते समय बेहतर उत्पाद खरीद सकें। अगर कोई उत्पाद बेस्ट बिफोर डेट को पार कर गया है और अभी भी सेवन के लिए सुरक्षित है, तो उसकी कीमत में कुछ कटौती की जाए। इससे खाने की बर्बादी रोकने में भी मदद मिलेगी। दरअसल उत्पादों की बेस्ट बिफोर तारीख निकल जाने के बाद रिटेलर्स को उन्हें कंपनियों को लौटाना पड़ता है। कंपनियां ऐसे स्टॉक को नष्ट कर देती हैं, क्योंकि नियमों के मुताबिक इनकी बिक्री नहीं हो सकती है।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इनमें से ज्यादातर प्रोडक्ट्स बेस्ट बिफोर तारीख निकल जाने के बाद भी कुछ समय तक खाने के लिए सुरक्षित होते हैं। ऐसे स्टॉक को नष्ट कर देने से खाने की बर्बादी होती है, जिसमें से अधिकतर खाद्य पदार्थ पौष्टिक भी होते हैं।

दूसरी तरफ रिटेलर्स बेस्ट बिफोर तारीख के पास पहुंचने वाले उत्पादों के बेचने के लिए कई तरह की स्कीम्स और ऑफर लागू करते हैं, लिहाजा कंज्यूमर को पता होना चाहिए कि वह क्या खरीद रहा है और उसे कितने दिनों तक इस्तेमाल किया जा सकता है। साथ ही ऐसे उत्पादों पर मोलभाव करने का अधिकार भी होना चाहिए।

कुछ ही प्रोड्क्ट्स में मिलती है यूज बाय डेट
फिलहाल देश में सिर्फ ब्रेड, दूध व अन्य डेयरी प्रोडक्ट्स पर ही ‘use by date’ प्रिंट होती है। भारत दुनिया के पांच सबसे बड़े और एशिया के दूसरे सबसे बड़े पैकेज्ड फूड बाजाराें में शामिल है। देश में सालाना 3.4 करोड़ टन पैकेज्ड फूड मटैरियल की बिक्री होती है। अगले पांच साल के अंदर देश में पैकेज्ड फूड की बिक्री सालाना 7 फीसदी की दर से बढ़ने का अनुमान है।

गीगाफाइबर की घोषणा से रिलायंस के शेयर 11 फीसदी से ज्यादा उछले

नई दिल्ली। 42वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में सोमवार को जियो गीगाफाइबर की कॉमर्शियल लॉन्चिंग की घोषणा के बाद रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) को बड़ा फायदा हो रहा है। घोषणा के बाद मंगलवार यानी आज निवेशक जमकर आरआईएल के शेयरों में जमकर निवेश कर रहे हैं।

निवेशकों की ओर से जमकर खरीदारी के बाद आरआईएल के शेयरों में बंबई स्टॉक एक्सचेंज के सेंसेक्स और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज के निफ्टी में तेजी के साथ कारोबार कर रहे हैं। सुबह 10.25 बजे सेंसेक्स आरआईएल के शेयर 11.36 फीसदी के उछाल के साथ 1294 रुपए प्रति शेयर पर कारोबार कर रहे हैं। वहीं निफ्टी में 7.74 फीसदी के उछाल के साथ 1252 रुपए प्रति शेयर पर कारोबार कर रहे हैं।

5 सितंबर से शुरू होगा जियो गीगाफाइबर
आरआईएल के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने सोमवार को बताया था कि रिलायंस जियो के तीन साल पूरे होने के अवसर पर 5 सितंबर 2019 से जियो गीगाफाइबर की कॉमर्शियल सेवाएं पूरे देश में उपलब्ध होंगी। जियो गीगाफाइबर की कम से कम स्पीड 100 एमबीपीएस होगी जो 1 जीबीपीएस तक जाएगी।

इसके लिए ग्राहकों को 700 रुपए से लेकर 10000 हजार रुपए प्रतिमाह खर्च करने होंगे। यह खर्च प्लान के अनुसार होगा। उन्होंने कहा कि जियो गीगाफाइबर पर फिक्स लाइन से वॉयस कॉल जीवनभर पर पूरी तरह से मुफ्त होगी और ग्राहकों को केवल डाटा के लिए भुगतान करना होगा।

लाल निशान में खुले बाजार, सेंसेक्स 200 अंक फिसला

नई दिल्ली। वैश्विक बाजार में गिरावट के कारण घरेलू शेयर बाजार मंगलवार 13 जुलाई 2019 को बिकवाली के कारण लाल निशान में खुले। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का 30 शेयरों का संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 117 अंकों की गिरावट के साथ 37646 अंकों पर खुला।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी 32 अंकों की गिरावट के साथ 11,076 अंकों पर खुला। सुबह 9.32 बजे सेंसेक्स 201 अंकों की गिरावट के साथ 37,380 अंकों पर और निफ्टी 36 अंकों की गिरावट के साथ 11,072 अंकों पर कारोबार कर रहे हैं।

इन शेयरों में तेजी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में बजाज इलेक्ट्रीकल्स लिमिटेड, गॉडफ्रे फिलिप्स इंडिया लिमिटेड, रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, रेन इंडस्ट्रीज लिमिटेड, थॉमस कुक इंडिया लिमिटेड के शेयरों में तेजी का माहौल है। निफ्टी में रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनेंस, गेल, सनफार्मा, यस बैंक के शेयरों में तेजी का माहौल है।

इन शेयरों में मंदी का माहौल
शुरुआती कारोबार में सेंसेक्स में भेल, अपोलो हॉस्पिटल, ग्रेफाइट, हेग, जमना ऑटो के शेयरों में मंदी का माहौल है। निफ्टी में जी एंटरटेनमेंट, जेएसडब्ल्यू स्टील, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, पावर ग्रिड के शेयरों में मंदी का माहौल है।

ड्यूल कैमरा और बड़ी स्क्रीन के साथ सैमसंग गैलक्सी A10s लॉन्च

नई दिल्ली। साउथ कोरिया की कंपनी सैमसंग ने आज Samsung Galaxy A10 का अपग्रेडेड वेरियंट Galaxy A10s लॉन्च कर दिया है। गैलेक्सी A सीरीज के इस नए फोन में बड़ी स्क्रीन और पावरफुल बैटरी जैसे कई फीचर्स दिए गए हैं। फिलहाल फोन की कीमत और उपलब्धता के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है।

भारत में गैलेक्सी A10 को 8,490 रुपये की कीमत में लॉन्च किया गया था और मई में इसकी कीमत में 500 रुपये की कटौती की गई थी जिसके बाद अब इसे 7,990 रुपये में खरीदा जा सकता है। ऐसे में उम्मीद की जा रही है कि गैलेक्सी A10s की कीमत इससे ज्यादा ही होगी। जानें, फोन के स्पेसिफिकेशन्स…

Samsung Galaxy A10s के स्पेसिफिकेशन्स
सैमसंग गैलेक्सी A10s में 6.2 इंच का एचडी+ इनफिनिटी वी डिस्प्ले दिया गया है जिसका रेजॉलूशन 720×1520 पिक्सल और आस्पेक्ट रेशियो 19:9 है। 2GHz ऑक्टा-कोर प्रोसेसर के साथ आने वाले इस फोन में 2GB रैम के साथ 32GB इंटरनल स्टोरेज दी गई है। इसकी मेमरी को माइक्रोएसडी कार्ड के जरिए 512GB तक बढ़ाया जा सकता है।

ड्यूल सिम सपॉर्ट वाला यह नया फोन ऐंड्रॉयड 9 पाई आधारित वन यूआई पर चलता है और इसमें 4,000mAh की बैटरी दी गई है। बात की जाए फटॉग्रफी की तो फोन में ड्यूल रियर कैमरा दिया गया है। इसमें इसमें एफ/ 1.8 अपर्चर के साथ 13 मेगापिक्सल का प्राइमरी सेंसर और एफ/ 2.4 अपर्चर वाला 2 मेगापिक्सल का सेंसर शामिल है। सेल्फी और विडियो कॉलिंग के लिए फोन में एफ/ 2.0 अपर्चर के साथ 8 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मौजदू है।

कनेक्टिविटी के लिए गैलेक्सी A10s में वाई-फाई, ब्लूटूथ, 4जी एलटीई और जीपीएस जैसे ऑप्शन दिए गए हैं। फिंगरप्रिंट स्कैनर और फेस रेकग्निशन टेक्नॉलजी के साथ आने वाले इस फोन का डाइमेंशन 156.9×75.8×7.8 मिलीमीटर है। नया फोन ब्लू, ब्लैक, रेड और ग्रीन कलर में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।

पहली तिमाही में सोने का आयात 35.5 प्रतिशत बढ़ा

नई दिल्ली। देश में सोने का आयात चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 35.5 फीसद बढ़कर 11.45 अरब डॉलर (करीब 80,000 करोड़ रुपए) पर पहुंच गया। एक साल पहले की समान तिमाही में 8.45 अरब डॉलर (करीब 59,000 करोड़ रुपए) के सोने का आयात हुआ था। सोने का आयात बढ़ने से देश के चालू खाता घाटा में बढ़ोतरी होती है।

कारोबारी साल 2018-19 में देश का चालू खाता घाटा (सीएडी) 57.2 अरब डॉलर या जीडीपी का 2.1 फीसदी था। इससे एक साल पहले यानी 2017-18 में सीएडी 48.7 अरब डॉलर या जीडीपी का 1.7 फीसदी था। वाणिज्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक सोने का आयात बढ़ने से देश के व्यापार घाटा में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।

अप्रैल-जून 2019 तिमाही में व्यापार घाटा 45.96 अरब डॉलर था, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 44.94 अरब डॉलर था। इस साल जनवरी के बाद से सोने के आयात में दहाई अंकों में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

इस बीच सिर्फ फरवरी में सोने का आयात करीब 11 फीसदी घटा था। भारत सोने का सबसे बड़ा आयातक है। देश में हर साल 800-900 टन सोने का आयात होता है। सोने की खपत मुख्यत: आभूषण उद्योग में होती है।

स्वर्ण आयात पर बढ़ाया शुल्क
व्यापार घाटा और चालू खाता घाटा पर स्वर्ण आयात के नकारात्मक असर को खत्म करने के लिए सरकार ने इस साल के बजट में सोने पर आयात शुल्क को 10 फीसदी से बढ़ाकर 12.5 फीसद कर दिया है। उद्योग का हालांकि मानना है कि शुल्क बढ़ने से इस उद्योग के कारोबारी अपने मैन्यूफैक्चरिंग को आसपास के देशों में शिफ्ट कर सकते हैं।

जेम्स एंड ज्वेलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल (जीजेईपीसी) ने आयात शुल्क बढ़ने पर चिंता जताई है। जेम्स एंड ज्वेलरी निर्यात 2018-19 में 5.32 फीसदी घटकर 30.96 अरब डॉलर पर आ गई। मूल्य के लिहाज से पिछले कारोबारी साल में सोने का आयात करीब तीन फीसदी घटकर 32.8 अरब डॉलर रह गया था।

किस देश में निर्मित हुआ है सामान, आयातकों को देना होगा सर्टिफिकेट

नई दिल्ली। खराब गुणवत्ता और व्यापारिक नियमों का उल्लंघन कर आयात किए जाने वाले सामान पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने नॉन प्रेफरेंशियल रूल्स ऑफ ओरिजिन पर काम शुरू कर दिया है। इसके तहत आयातकों को इस बात की जानकारी देनी होगी कि जो सामान वह आयात कर रहे हैं, वह किस देश में बना है।

एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, इस मामले से वाकिफ एक बड़े अधिकारी का कहना है कि अभी किसी देश से आने वाले एक सामान पर एंटी डंपिंग ड्यूटी लगाने पर आयातक उसी सामान को एंटी डंपिंग ड्यूटी से बचने के लिए अन्य देश से मंगाना शुरू कर देते हैं। मेड इन नहीं लिखा होने के कारण कस्टम विभाग ऐसे आयात को रोक नहीं पाता है।

इस पर अंकुश लगाने के लिए नॉन प्रेफरेंशियल रूल्स ऑफ ओरिजिन पर काम किया जा रहा है। जल्द ही इन नियमों को अंतिम रूप दे दिया जाएगा। अधिकारी के अनुसार, जिन देशों के साथ भारत का व्यापार समझौता नहीं है उन पर यह नियम लागू होगा। इन देशों में अमेरिका, यूरोपीय संघ, चीन, न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया जैसे देश शामिल हैं।

एंटी डंपिंग, काउंटरवेलिंग ड्यूटी, व्यापार प्रतिबंध, सुरक्षा और जवाबी कार्रवाई, मात्रा संबंधी पाबंदी जैसे नीतिगत उपायों के लिए नॉन प्रेफरेंशियल रूल्स का इस्तेमाल होता है। अधिकारी के मुताबिक इन नियमों के लागू होने के बाद आयातकों को कस्टम विभाग को यह बताना होगा कि आयातित सामान किस देश में बना है। इस संबंध में आयातकों को सर्टिफिकेट देना होगा। यदि आयातक ऐसा नहीं कर पाते हैं तो किसी भी सामान को देश में प्रवेश नहीं मिल पाएगा।

प्रभु भक्ति का नशा जीवन के हर कष्ट हर लेता है: आर्यिका सौम्यानंदिनी

कोटा। महावीर नगर विस्तार में चल रहे पावन वर्षा योग के दौरान प्रवचन करते हुए आर्यिका सौम्यानंदिनी माताजी ने कहा कि ईश्वर दूसरे चिंतन करके प्राणी दुखी रहता है। इस भौतिक युग में इंसान अनेक समस्याओं से ग्रसित है। एक समस्या का समाधान हुआ नहीं कि दस समस्याएं और खड़ी हो जाती है।

समस्याओं से तनावग्रस्त इंसान थोड़ी शांति पाने के लिए अनेक नशे करने लग जाता है। तनाव से छुटकारा पाने के लिए नशा करना तो वैसी ही मूर्खता है, जैसे कि किसी के पैर में कांटा चुभ गया। उस वेदना से मुक्ति पाने के लिए नशेबाज पैर को ही काट देता है। माताजी ने कहा कि बाहर का नशा तो इंसान को कुछ देर के लिए बेईमान बना देते है, फिर कुछ देर के बाद वह नशा उतर जाता है। पर प्रभु नाम और भक्ति का नशा एक बार जीवन में चढे़, उसका जीवन आनंद से गुजर जाता है।

मीरा बाई का उदाहरण देते हुए कहा कि उसे मारने के लिए विष का प्याला दिया गया था, पर मीरा प्रभु भक्ति में इतनी लीन थी कि विष भी अमृत बन गया। इस दौरान सुयोग्यनंदिनी माताजी ने कहा कि आज हमारे पास जो कुछ भी संयोग है, वो सब एक दिन वियोग देगा, क्योंकि संसार की हर वस्तु परिवर्तनशील है। जो आया है वह एक दिन जाएगा। जो जन्मा है, एक दिन अवश्य मरेगा।

कॅरियर सिटी ने कश्मीरी छात्रों को दी ईद की दावत, दिया सौहार्द का पैगाम

कोटा। कॅरियर बनाने के लिए घर से हजारों किलोमीटर दूर रहकर कोटा में इंजीनियरिंग व मेडिकल प्रवेश परीक्षाओं की कोचिंग कर रहे कश्मीरी स्टूडेंट्स यहां खुश और सुरक्षित हैं। कोटा उन्हें घर से दूर घर जैसा अहसास देने के लिए पूरा प्रयास कर रहा है। इन्हीं कोशिशों के तहत सोमवार को यहां एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट द्वारा जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में कश्मीरी कोचिंग स्टूडेंट्स को ईद की दावत दी।

जवाहर नगर स्थित एलन सौहार्द सभागार में आयोजित इस ईद मिलन समारोह में शहर काजी अनवार अहमद, जिला कलक्टर मुक्तानन्द अग्रवाल, शहर पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव व एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के निदेशक गोविन्द माहेश्वरी व नवीन माहेश्वरी उपस्थित रहे।

दावत में करीब 500 कश्मीरी स्टूडेंट्स शामिल हुए, जिसमें बड़ी संख्या में छात्राएं थी। इस दौरान शहर पुलिस अधीक्षक, जिला कलक्टर व नवीन माहेश्वरी ने विद्यार्थियों को गले लगाकर एवं मुंह मीठा करवाकर ईद की मुबारकबाद दी। कश्मीरी स्टूडेंट्स एक दूसरे को गले लगाकर ईद की मुबारकबाद दी और कोटा तथा एलन स्टूडेंट्स वेलफेयर सोसायटी के प्रयासों को खूब सराहा।

शहर पुलिस अधीक्षक दीपक भार्गव ने कहा कि कोटा में स्टूडेंट्स के लिए बहुत शांत माहौल है, यह सब आप अनुभव भी कर रहे होंगे। स्टूडेंट्स की हर समस्या के समाधान के लिए पुलिस सचेत है। जिन बच्चों का संपर्क परिवारजनों से नहीं हो पा रहा है।

शहर काजी अनवार अहमद ने कहा कि चुनौतियां ही हमें आगे बढ़ना सिखाती हैं। हमारा संकल्प दृढ़ होना चाहिए। खुदा ने हमें ज्ञान बख्शा है, जिससे हम अच्छे व बुरे में फर्क कर सकते हैं। हमारे कॅरियर के लिए क्या जरूरी इसे देखते हुए पढ़ाई करनी चाहिए।

एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट के निदेशक नवीन माहेश्वरी ने कहा कि एलन सर्वधर्म समभाव के मार्ग पर चलते हुए पूर्व में भी इस तरह के कार्यक्रम करता रहा है। हम चाहते हैं कि जिस लक्ष्य को लेकर आप कोटा आए हैं, वो पूरा हो और आपके माता-पिता के सपने पूरे हों।

इस अवसर पर कश्मीरी विद्यार्थियों ने अतिथियों को एलन कॅरियर इंस्टीट्यूट की ओर से पौधे भेंट कर धन्यवाद ज्ञापित किया। इसके बाद शहर पुलिस अधीक्षक व जिला कलक्टर ने कश्मीरी विद्यार्थियों का मुंह मीठा करवाया। अंत में सीनियर वाइस प्रसीडेंट सी.आर.चौधरी ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

कोटा बहुत हेल्पफुल
हम घर से दूर तो हैं लेकिन कोटा के लोग बहुत हेल्पफुल हैं। यहां हमें किसी भी तरह का डर या झिझक नहीं है। बहुत अच्छे माहौल में पढ़ाई करते हैं। यहां पढ़ाई के लिए सबकुछ है, जो सोचकर हम यहां आए हैं। हमें पूरी उम्मीद है कि लक्ष्य हासिल करेंगे। – सदफ रफी, सोपोर, कश्मीर

कश्मीर का विकास हो
कोटा में कश्मीर और उधर के इलाकों से बहुत सारे स्टूडेंट्स आते हैं। अब नए बदले परिवेश में हम चाहते हैं कि इस तरह के इंस्टीट्यूट और हायर एजुकेशन इंस्टीट्यूट कश्मीर में भी हों ताकि वहां के स्टूडेंट्स बेहतर पढ़ाई कर सकें। कश्मीर का विकास हो। अच्छा कॅरियर बनाने में उन्हें मदद मिल सके। – सैयद सादिया बुखारी, बारामुला, कश्मीर