Tuesday, April 21, 2026
Home Blog Page 4655

भर्ती परीक्षा: 5० हजार रुपये में ऐसे बदल जाता है परीक्षार्थी

जयपुर। प्रदेश में आयोजित हो रही भर्ती परीक्षाओं में 50 हजार से 5 लाख रुपए लेकर परीक्षार्थी बदलने वाली गैंग का खुलासा करते हुए सोमवार को करणी विहार थाना पुलिस ने गैंग के सरगना व महिला मित्र सहित तीन जनाे को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी करौली के श्रीमहावीरजी जी स्थित शेखपुरा निवासी मुकेश मीणा, सवाईमाधोपुर के मानटाउन निवासी योगेश मीणा व महिला के कब्जे से एफसीआई भर्ती परीक्षा के 50 से ज्यादा प्रवेश पत्र व एक लग्जरी कार बरामद की है।

गौरतलब है कि रविवार को आयोजित एफसीआई ग्रेड थर्ड भर्ती परीक्षा के दौरान अंलकार महिला पीजी कॉलेज से एक फर्जी परीक्षार्थी बिहार निवासी राहुल को गिरफ्तार किया था। जिसे पूछताछ के बाद ही गिरोह का भंडाफोड़ हुआ है। राहुल पैसे के बदले किसी विजेन्द्र मीणा की जगह परीक्षा देने के लिए आया हुआ था।

थानाधिकारी धर्मराज चौधरी ने बताया कि पकड़ा गया मुकेश मीणा जगतपुरा इलाके में पकड़ी गई महिला के साथ रहकर भर्ती परीक्षाओं में परीक्षार्थी बदलने का काम करता है। इसके बदले से भर्ती परीक्षा की ग्रेड के आधार पर 50 हजार से लेकर 5 लाख रुपए वसूलता है। रविवार को परीक्षा के लिए विजेन्द्र परिचित होने के कारण 50 हजार लिए और परीक्षा देने के लिए राहुल को 20 हजार रुपए देने की बात सामने आई है। तस्दीक करने के लिए पुलिस विजेन्द्र की तलाश कर रही है।

आधार में फोटो बदलते थे
प्राथमिक जांच में सामने आया कि कैलाश परीक्षार्थी से पैसे संबंधी बात करने के बाद उसके आधार कार्ड व अन्य आईडी में फोटो बदलकर दूसरे परीक्षार्थी बैठाता है। दूसरी ओर, कैलाश के साथ पकड़ी गई महिला के पास भी दो आईडी मिली है पहली आईडी- उड़ीसा निवासी बसंती मांझी के नाम से व दूसरी आईडी वर्षा मीणा पत्नी मुकेश मीणा के नाम से है। पुलिस अभी तस्दीक कर रही है। असली कौन है।

पत्नी निर्वाह में सक्षम तो पति से अलग होने पर नहीं मिलेगा गुजारा भत्ता

नई दिल्ली।पत्नी अगर काम करने और अपनी जिम्मेदारी उठाने में सक्षम है तो वह अपने पति से गुजारा भत्ता नहीं मांग सकती। दिल्ली की एक अदालत ने एक महिला की याचिका खारिज करते हुए यह बात कही जिसने अलग हो चुके पति से अंतरिम भत्ते की मांग की थी।

कोर्ट ने कहा, ‘याचिकाकर्ता इतनी सक्षम है कि वह अपनी जिम्मेदारी खुद उठा सके। याचिकाकर्ता के मुताबिक, वह 2016 तक काम कर रही थी और उसने यह वजह नहीं बताई है कि अब काम क्यों नहीं कर रही। यह तय कानून है कि अगर पत्नी भी काम करने के योग्य है और खुद अपना निर्वाह कर सकती है तब उसे पति से भत्ता नहीं मिलेगा।’

प्रॉटेक्शन ऑफ विमन फ्रॉम डोमेस्टिक हिंसा कानून, 2005 की धारा 23 के तहत महिला ने अपने वकील के जरिये अपील दायर की थी जिसमें उसने अंतरिम भत्ते की मांग की थी। उसने कहा था कि उसकी शादी 11 मई, 2018 को हुई थी लेकिन शादी के तुरंत बाद से उसे प्रताड़ित किया जाने लगा। उसने कोर्ट को बताया कि वह 2016 तक 10,000 रुपये मासिक तनख्वाह पर नौकरी कर रही थी।

महिला के मुताबिक, उसके पति की शादी के वक्त पहली पत्नी से तलाक हो चुका था और वह हर महीने 70,000 रुपये कमाता है। महिला ने बताया कि उसके पति ने उसका कई बार ब्लड टेस्ट कराया ताकि मामूली यूरिन इनफेक्शन को शादी तोड़ने की वजह बना सके। वहीं, पति ने महिला के आरोपों को गलत बताया है।

इसके उलट, पति के वकील प्रभजीत जौहर ने उसके मुवक्किल 35 हजार रुपये कमाते हैं और उतना नहीं जितना पत्नी ने दावा किया है। जौहर ने बताया, ‘शिकायत कर रही महिला फिलहाल एक प्रतिष्ठित कंपनी में एचआर प्रफेशनल है जैसा कि उसने अपनी मैट्रिमॉनियल प्रोफाइल में लिख रखा है। वह जानबूझकर गलत जानकारी दे रही है कि वह अपना निर्वाह करने में सक्षम नहीं है।’

पति ने यह दावा भी किया कि महिला उसके साथ सिर्फ 40 दिन रही और फिर उसे छोड़कर चली गई। पति के वकील ने कोर्ट के सामने कुछ दस्तावेज रखे जिसके मुताबिक, महिला इस तरह से पहले भी मेट्रोमॉनियल साइट पर फर्जी प्रोफाइल बनाकर मासूम लोगों को फंसाती रही है। कोर्ट ने सारी दलीलों को सुनने के बाद पति के पक्ष में फैसला सुनाया।

इंदौर बाजार: पाम तेल और सोयाबीन रिफाइंड तेल में गिरावट

इंदौर।स्थानीय खाद्य तेल बाजार में सोमवार को सोयाबीन रिफाइंड तेल के भाव में पांच रुपये प्रति 10 किलोग्राम की कमी हुई। पाम तेल में चार रुपये प्रति 10 किलोग्राम सस्ता बिका। तेल:मूंगफली तेल इंदौर 1010 से 1020, सोयाबीन रिफाइंड इंदौर 755 से 758, सोयाबीन साल्वेंट 720 से 725, पाम तेल 635 से 638 रुपये प्रति 10 किलोग्राम।

पशु आहार:कपास्या खली इंदौर 1850, देवास 1850, उज्जैन 1850, खंडवा 1835, बुरहानपुर 1835, अकोला 2800 रुपये प्रति 60 किलोग्राम बोरी। कपास्या तेल:कपास्या तेल इंदौर 705 से 710, महाराष्ट्र 700 से 705, तथा गुजरात 710 से 715 रुपये प्रति 10 किलोग्राम।

इंदौर किराना: शक्कर में ग्राहकी, खोपरा गोला में उठाव कमजोर

इंदौर। स्थानीय सियागंज किराना बाजार में सोमवार को शक्कर में ग्राहकी सुधार लिए रही। खोपरा गोला में उठाव कमजोर रहा। कारोबारियों के अनुमान के मुताबिक सियागंज किराना बाजार में सोमवार को 12 गाड़ी शक्कर की आवक हुई।

शक्कर -गोला:शक्कर 3380 से 3420 रुपये प्रति क्विंटल।शक्कर एम (मोटी) 3440 से 3450 रुपये प्रति क्विंटल।खोपरा गोला 188 से 205 रुपये प्रति किलोग्राम।खोपरा बूरा 2150 से 4000 रुपये प्रति 15 किलोग्राम। हल्दी:हल्दी खड़ी सांगली 130 से 135, निजामाबाद 90 से 110, पिसी 150 से 170 रुपये प्रति किलोग्राम।

साबूदाना:साबूदाना 6500 से 8000, पैकिंग में 8400 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल। आटा-मैदा:गेहूं आटा 1110 से 1120, तन्दूरी आटा 1340 से 1350, मैदा 1160 से 1170, रवा 1260 से 1270, चना बेसन 3150 से 3160 तथा बटला बेसन 2750 से 2760 रुपये प्रति 50 किलोग्राम।

इंदौर मंडी में सोमवती अमावस्या का अवकाश, चना दाल नरम

इंदौर।स्थानीय संयोगितागंज अनाज मंडी में सोमवार को अमावस्या के अवसर पर अवकाश रहा। मांग कमी से चना दाल के भाव 50 रुपये प्रति क्विंटल कमी लिए रहे। दाल:तुअर (अरहर) दाल सवा नंबर 7150 से 7350, तुअर दाल फूल 7550 से 7750, तुअर दाल बोल्ड 7950 से 8150, आयातित तुअर दाल 6200 से 6400,चना दाल 5650 से 5850, आयातित चना दाल 5500 से 5200,मसूर दाल 5300 से 5400,मूंग दाल 7700 से 7900, मूंग मोगर 8450 से 8650 उड़द दाल 7300 से 7500, उड़द मोगर 7600 से 7800 रुपये प्रति क्विंटल।

चावल:बासमती 8500 से 9000, तिबार 7000 से 7500, दुबार 6000 से 6500, मिनी दुबार 5500 से 6000, मोगरा 3500 से 5000, बासमती सैला 5500 से 8500, कालीमूंछ 5900 से 6000, राजभोग 4900 से 5000, दूबराज 3500 से 4000, परमल 2500 से 2700, हंसा सैला 2400 से 2650, हंसा सफेद 2200 से 2400, पोहा 4200 से 4400 रुपये प्रति क्विंटल।

लिवाली से सोना 75 रुपये महंगा, चांदी टूटी, जानिए आज के दाम

नयी दिल्ली/ कोटा। मजबूत वैश्विक रुख के बीच आभूषण कारोबारियों की ताजा लिवाली से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना सोमवार को 75 रुपये बढ़कर 33,195 प्रति 10 ग्राम हो गया। अखिल भारतीय सर्राफा संगठन के अनुसार, हालांकि औद्योगिक इकाइयों और सिक्का निर्माताओं का उठाव कम होने से चांदी 80 रुपये की हानि के साथ 37,500 रुपये किलोग्राम पर बंद हुई।

कारोबारियों के अनुसार सकारात्मक वैश्विक संकेतों और स्थानीय सर्राफा व्यवसायियों की लिवाली से बहुमूल्य धातुओं में मजबूती आई। व्यापार तनाव की बढ़ती चिंताओं के बीच निवेश के सुरक्षित विकल्प के बतौर सर्राफा मांग बढ़ने से सिंगापुर और न्यूयॉर्क में सोने में तेजी रही।

अमेरिका द्वारा मैक्सिको से होने वाले सभी आयात पर पांच प्रतिशत का शुल्क लगाने की घोषणा के बाद न्यूयॉर्क में सुरक्षित निवेश के विकल्प के बतौर सर्राफा मांग बढ़ गई और न्यूयॉर्क में सोने का भाव तेजी दर्शाता 1,314.50 डॉलर प्रति औंस हो गया। इस बीच चांदी का भाव तेजी दर्शाता 14.73 डॉलर प्रति ओंस हो गया। सिंगापुर में सोने का हाजिर भाव 0.5 प्रतिशत तेजी के साथ 1,802.51 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

दिल्ली सर्राफा बाजार में 99.9 और 99.5 प्रतिशत की शुद्धता वाला सोना 75-75 रुपये बढ़कर क्रमश: 33,195 और 33,025 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। हालांकि, आठ ग्राम वजनी सोने की गिन्नी का भाव 26,700 रुपये प्रति इकाई पर स्थिर बना रहा। शनिवार को सोना 50 रुपये नुकसान के साथ 33,120 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया था।

इस बीच सोमवार को चांदी हाजिर भाव 80 रुपये घटकर 37,500 प्रति किलोग्राम रह गया जबकि चांदी साप्ताहिक डिलीवरी 87 रुपये की तेजी के साथ 36,464 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। दूसरी ओर चांदी सिक्का का भाव लिवाल 80,000 और बिकवाल 81,000 रुपये प्रति सैकड़ा पर स्थिर रहा।

कोटा सर्राफा
चांदी 37400 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना केटबरी 33050 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38550 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 33220 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 38750 रुपये प्रति तोला।

राज. बोर्ड 10th रिजल्ट: 79.45 % लड़के और 80.35 % लड़कियां हुईं सफल

जयपुर/अजमेर । राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की सेकेंडरी परीक्षा-2019 का परिणाम घोषित कर दिया गया है। शिक्षा राज्यमंत्री गोविंद सिंह डोटासरा ने बोर्ड कार्यालय में शाम 4 बजे परीक्षा परिणाम की घोषित किया। इस साल परिणाम 79.85 फीसदी रहा। जिसमें 80.35 लड़कियों ने बाजी मारी। वहीं, लड़कों का परिणाम 79.45 फीसदी रहा।

गौरतलब है कि इस साल 10वी की परीक्षा में 11लाख 22 हज़ार 495 विद्यार्थी रजिस्टर्ड हुए थे। इनमे से 10 लाख 98 हज़ार 132 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इसके साथ प्रवेशिका परीक्षा का रिजल्ट भी जारी किया गया। जो 61.01 फीसदी रहा। प्रवेशिका परीक्षा में 6,924 परीक्षार्थी पंजीकृत थे। इनमे से 6758 शामिल हुए थे। यह परिणाम बोर्ड की वेबसाइट www.rajeduboard.rajasthan.gov.in पर उपलब्ध होगा।

बोर्ड इस बार दसवीं का परिणाम पिछले साल के मुकाबले 8 दिन पहले जारी कर रहा है। पिछले साल 10वीं का परिणाम 11 जून को घोषित किया गया था। परिणामों की घोषणा के दौरान बोर्ड चैयरमेन नथमल डिडेल, बोर्ड सचिव मेघना चौधरी, उपनिदेशक जनसंपर्क राजेन्द्र गुप्ता, एफओ आनंद आशुतोष सहित कई लोग मौजूद थे। इस दौरान सचिव मेघना चौधरी, गोपनीय निदेशक जीके माथुर और अन्य अधिकारी मौजूद रहे । रिजल्ट के लिए यहां दिए इस लिंक पर क्लिक करें

पिछले साल 79.86 प्रतिशत रहा था
पिछले साल बोर्ड ने 12 जून को दसवीं का परिणाम जारी किया था। पिछले साल दसवीं का कुल परिणाम 79.86 प्रतिशत रहा था। लड़कियों का परिणाम 79.95 प्रतिशत था, जबकि लडक़ों का परिणाम 79.79 प्रतिशत रहा था। पिछले साल 3 लाख 6 हजार 732 विद्यार्थी प्रथम श्रेणी, 3 लाख 92 हजार 863 द्वितीय और 1 लाख 44 हजार 920 विद्यार्थी तृतीय श्रेणी में उत्तीर्ण हुए थे।

शेयर बाजार में बहार, सेंसेक्स पहली बार 40,000 और निफ्टी 12,000 के पार बंद

मुंबई।सोमवार को नए सत्र के पहले दिन शेयर बाजार रेकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 31 शयेरों का संवेदी सूचकांक 553.42 अंक (1.39%) की शानदार तेजी के साथ 40,267.62 अंक की नई ऊंचाई पर बंद हुआ।

वहीं, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों का संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 165.75 अंक (1.39%) की बड़ी बढ़त के साथ 12,088.55 के रेकॉर्ड लेवल पर बंद हुआ। यूं कहें कि सेंसेक्स पहली बार 40,000 जबकि निफ्टी पहली बार 12,000 के आंकड़े के पार बंद हुआ है।

सोमवार को सेंसेक्स के 31 में से 28 शेयरों का कारोबार तेजी के साथ बंद हुआ जबकि निफ्टी के 50 में से 46 शेयर मजबूत होकर बंद हुए। सेंसेक्स के जिन शेयरों में तेजी आई, उनमें हीरो मोटोकॉर्प (6.01%), बजाज ऑटो (3.92%), इंडसइंड बैंक (3.70%), एशियन पेंट्स (3.65%), हिंदुस्तान यूनिलीवर (2.90%), मारुति (2.89%), कोल इंडिया (2.84%), एचडीएफसी (2.24%), और रिलायंस (2.15%) टॉप 10 में शामिल रहे।

वहीं, निफ्टी के बढ़त वाले शेयरों में हीरो मोटोकॉर्प 5.77%, एशियन पेंट्स 3.82%, बजाज ऑटो 3.56%, इंडसइंड बैंक 3.28%, इंडियाबुल्स हाउसिंग फाइनैंस 3.24%, हिंदुस्तान यूनिलीवर 2.77%, टाइटन 2.68%, कोल इंडिया 2.64%, रिलायंस 2.54% और यस बैंक 2.54% तक मजबूत हो गए।

वहीं, दोनों सूचकांकों के गिरावट वाले शेयरों की बात करें तो सेंसेक्स के शेयरों, आईसीआईसीआई में 0.13%, एनटीपीसी में 0.11% जबकि आईटीसी में 0.04% की गिरावट आई। वहीं, निफ्टी के शेयर, गेल 0.78% टेक महिंद्रा 0.22%, आईसीआईसीआई बैंक 0.20%, अल्ट्रा सीमेंट 0.11%, एनटीपीसी 0.08% और इन्फ्राटेल 0.06% तक कमजोर हो गए।

निफ्टी के सेक्टोरल इंडिसेज में निफ्टी मीडिया को छोड़कर सारे इंडिसेज हरे निशान में बंद हुए। सबसे ज्यादा निफ्टी ऑटो (1.87%), निफ्टी एफएमसीजी (1.43%), निफअटी आईटी (1.24%) और निफ्टी फाइनैंस सर्विसेज (1.16%) तक मजबूत हुए।

2018-19 में हुए 71,500 करोड़ के बैंक फ्रॉड, अब तक का उच्चतम स्तरः RBI

नई दिल्ली। वित्त वर्ष 2018-19 में अप्रत्याशित रूप से 71,500 करोड़ रुपए से संबंधित बैंक फ्रॉड के 6,800 केस सामने आए हैं। वहीं एक साल पहले समान अवधि यानी 2017-18 में 41,167.03 करोड़ रुपए के फ्रॉड के 5,916 केस हुए थे। रिजर्व बैंक (RBI) ने एक बयान के माध्यम से यह जानकारी दी है।

आरबीआई (RBI) ने पीटीआई जर्नलिस्ट की एक आरटीआई क्वेरी के जवाब में कहा कि शिड्यूल्ड कमर्शियल बैंक और वित्तीय संस्थानों ने 71,542.93 करोड़ रुपए की धनराशि से जुड़े कुल 6,801 बैंक फ्रॉड के केस दर्ज किए थे। केंद्रीय बैंक ने कहा कि बीते कुल 11 वित्त वर्षों में बैंकों ने फ्रॉड के 53,334 केस दर्ज किए थे।

इस तरह बढ़ते गए फ्रॉड के मामले
वित्त वर्ष 2008-09 के दौरान 1,860.09 करोड़ रुपए के कुल 4,372 केस दर्ज किए गए थे। 2009-10 में 1,999.94 करोड़ रुपए से जुड़े फ्रॉड के कुल 4,669 केस सामने आए थे। वहीं 2010-11 और 2011-12 में 3,815.76 करोड़ रुपए और 4,501.15 करोड़ रुपए के फ्रॉड से जुड़े क्रमशः 4,534 और 4,093 केस दर्ज किए गए थे।

आरबीआई ने कहा कि वित्त वर्ष 2012-13 में बैंकों ने 8,590.86 करोड़ रुपए से संबंधित फ्रॉड के 4,235 केस दर्ज किए थे, वहीं 2013-14 में 4,306 केस (10,170.81 करोड़ रुपए) और 2014-15 में 4,639 केस (19,455.07 करोड़ रुपए से संबंधित) सामने आए थे।आरबीआई ने कहा कि 2015-16 और 2016-17 में क्रमशः 18,698.82 करोड़ रुपए और 23,933.85 करोड़ रुपए के फ्रॉड से संबंधित 4,693 और 5,076 केस दर्ज किए थे।

सीवीसी ने तैयार की रिपोर्ट
यह डाटा इसलिए भी अहमियत रखता है, क्योंकि बैंक को बीते कुछ साल से नीरव मोदी और विजय माल्या जैसे भगोड़ों से जुड़े फ्रॉड के केसेस से जूझना पड़ रहा है। इतने बड़े स्तर पर हुए फ्रॉड्स को देखते हुए एंटी करप्शन वाचडॉग सेंट्रल विजिलैंस कमीशन (सीवीसी) को एक विश्लेषण करना पड़ा और उसे 100 बड़े फ्रॉड्स से जुड़े एक रिपोर्ट तैयार करनी पड़ी।

हरीश एक मर्द होकर कैसे बनी नृत्य की मल्लिका, देखिये वीडियो

जयपुर/जैसलमेर। डांसिंग क्वीन हरीश! अपने आप में एक हैरान करने वाला नाम। इससे ज्यादा हैरान उनके पैरों की बिजली जैसी थिरकन करती थी। और फिर विस्मय के साथ मुंह से निकलता था- वाकई, डांसिंग क्वीन हरीश। दुनिया में अपनी नृत्य कला का लोह मनवाने वाले हरीश अब इस दुनिया में नहीं हैं।

राजस्थान में रविवार को एक सड़क हादसे में उनका निधन हो गया। हरीश की कला के मुरीदों की फेहरिस्त लंबी थी। बिजनसमैन मुकेश अंबानी से लेकर कई बड़े सितारे उनके नृत्य पर फिदा थे। अंबानी ने तो अपनी बेटी ईशा की शादी में परफॉर्म करने के लिए उन्हें खासतौर पर न्योता दिया था।

यादगार बनाई अंबानी की शादी
क्वीन हरीश, ईशा अंबानी की शादी में परफॉर्म करके सुर्खियों में आए थे। उस शादी में ऐक्ट्रेस ऐश्वर्या राय और उनकी बेटी आराध्या के साथ उनके नृत्य का विडियो खूब वायरल हुआ था। पूरा बॉलिवुड उनकी लोककला का कायल था। तमाम फिल्म स्टारों के यहां होने वाले कार्यक्रमों में हरीश को बुलाया जाता था।

लोककला को समर्पित जिंदगी
जैसलमेर के रहने वाले हरीश का लोकनृत्य देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक जैसलमेर आते थे। उनके डांस को कुछ फिल्मों में भी शामिल किया गया था। वह राजस्थानी लोकनृत्य के चकरी, भवाई, तराजू, तेरह ताली, घूमर, चरी, कालबेलिया शैलियों में नृत्य करते थे।

देश-विदेश में उन्हें कई पुरस्कार भी मिले थे। शुरुआती जिंदगी गरीबी में बीती, लेकिन अपनी लोककला के बल पर उन्होंने गरीबी को चुनौती दी। लोकनृत्य कलाओं वाले उनके कार्यक्रम बहुत प्रसिद्ध थे।

बता दें कि विश्व प्रसिद्ध नर्तक क्वीन हरीश की रविवार सुबह सड़क हादसे में मौत हो गई। जोधपुर के पास हुए हादसे में हरीश के साथ 3 अन्य लोक कलाकारों की भी जान चली गई। हरीश की कार जोधपुर के पास राजमार्ग पर कापरड़ा गांव के पास सड़क पर खड़ी ट्रक से टकरा गई।