Wednesday, July 1, 2026
Home Blog Page 4620

गिरावट के साथ बंद हुआ बाजार, सेंसेक्स 268 अंक लुढ़का

मुंबई। शेयर बाजार बुधवार को गिरावट के साथ बंद हुआ। बैंकिंग तथा कुछ ऑटोमोबाइल कंपनियों के शेयरों में आई कमजोरी से बीएसई के 30 कंपनियों के शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 267.64 अंकों (0.72%) की गिरावट के साथ 37,060.37 पर बंद हुआ। वहीं, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 कंपनियों के शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 98.30 अंक (0.89%) लुढ़ककर 10,918.70 पर बंद हुआ।

दिनभर के कारोबार में सेंसेक्स ने 37,406.55 का ऊपरी स्तर और 37,022.52 का निचला स्तर छुआ, जबकि निफ्टी ने 11,034.20 का उच्च स्तर और 10,906.65 का निम्न स्तर छुआ। बीएसई पर आठ कंपनियों के शेयर हरे निशान पर तो 22 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए। वहीं, एनएसई पर 11 कंपनियों के शेयरों में लिवाली तथा 39 कंपनियों के शेयरों में बिकवाली दर्ज की गई।

इन शेयरों में तेजी
बीएसई पर हीरो मोटोकॉर्प के शेयर में सर्वाधिक 1.78 फीसदी, इन्फोसिस में 0.84 फीसदी, टेक महिंद्रा में 0.74 फीसदी, हिंदुस्तान यूनिलीवर में 0.70 फीसदी तथा बजाज ऑटो के शेयर में 0.69 फीसदी की तेजी दर्ज की गई। वहीं, एनएसई पर भी हीरो मोटोकॉर्प के शेयर में सर्वाधिक 1.64 फीसदी, मारुति में 0.97 फीसदी, इन्फोसिस में 0.82 फीसदी, टेक महिंद्रा में 0.72 फीसदी और आयशर मोटर्स के शेयर में 0.53 फीसदी की मजबूती देखी गई।

इन शेयरों में गिरावट
एनएसई पर टाटा मोटर्स के शेयर में 9.29 फीसदी, यस बैंक में 8.21 फीसदी, टाटा मोटर्स डीवीआर में 8.01 फीसदी, टाटा स्टील में 4.26 फीसदी तथा ओएनजीसी के शेयर में 3.12 फीसदी की कमजोरी देखी गई। एनएसई पर टाटा मोटर्स के शेयर में सर्वाधिक 9.57 फीसदी, इंडियाबुल हाउजिंग फाइनैंस में 8.94 फीसदी, यस बैंक में 8.64 फीसदी, ग्रासिम में 4.69 फीसदी तथा टाटा स्टील के शेयर में 4.54 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

निवेशकों के समर्थन से सोना 38,820 रुपए के नए रिकॉर्ड स्तर पर

नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर दोनों कीमती धातुओं में रही गिरावट के बीच आभूषण निर्माताओं की ओर से ग्राहकी आने से दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना बुधवार को 50 रुपए चमककर 38,820 रुपए प्रति दस ग्राम के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया। चांदी भी 30 रुपए चढ़कर 45,040 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी।

स्थानीय बाजार के उलट विदेश में सोने-चांदी पर दबाव रहा। लंदन एवं न्यूयॉर्क से मिली जानकारी के अनुसार, सोना हाजिर 8.20 डॉलर टूटकर 1,498.50 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। दिसंबर का अमेरिकी सोना वायदा भी 7.10 डॉलर की गिरावट में 1,508.60 डॉलर प्रति औंस बोला गया।

बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व की पिछली बैठक का विवरण जारी होने से पहले निवेशकों की सतर्कता के कारण पीली धातु पर दबाव रहा। अमेरिकी केंद्रीय बैंक ने 2008 के बाद पहली बार पिछले महीने नीतिगत ब्याज दरों में कटौती की थी। अंतरराष्ट्रीय बाजार में चांदी हाजिर भी 0.06 डॉलर गिरकर 17.04 डॉलर प्रति औंस पर आ गया।

स्थानीय बाजार में ग्राहकी आने से सोना में लगातार दूसरे दिन तेजी रही। सोना स्टैंडर्ड 50 रुपए की बढ़त में 38,820 रुपए प्रति दस ग्राम पर पहुंच गया जो अब तक का रिकॉर्ड स्तर है। सोना बिटुर भी इतनी की बढ़त में 38,650 रुपए प्रति दस ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी 28,800 रुपए के भाव पर स्थिर रही।

चांदी हाजिर में 30 रुपए की मामूली बढ़त दर्ज की गयी और यह 45,040 रुपए प्रति किलोग्राम बिकी। भविष्य में कीमतों में तेजी की उम्मीद में चांदी वायदा 210 रुपए चमककर 43,630 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। सिक्का लिवाली और बिकवाली दो-दो हजार रुपए की छलांग लगाकर क्रमश: 91 हजार और 92 हजार रुपए सैकड़ा के भाव बिके।

कोटा सर्राफा
चांदी 42800 रुपये प्रति किलोग्राम।
सोना कैडबरी 37100 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 43270 रुपये प्रति तोला।
सोना शुद्ध 37280 रुपये प्रति दस ग्राम, सोना 43480 रुपये प्रति तोला।

‘द गर्ल ऑन द ट्रेन’ के रीमेक में परिणीति चोपड़ा का डरावना लुक

मुंबई। मशहूर हॉलिवुड फिल्म ‘द गर्ल ऑन द ट्रेन’ का हिंदी रीमेक बनाया जा रहा है और इसमें लीड रोल परिणीति चोपड़ा निभाने जा रही हैं। फिल्म की शूटिंग शुरू हो चुकी है और इसका फर्स्ट लुक भी रिलीज कर दिया गया है। इस तस्वीर में परिणीति चोपड़ा एक बाथटब में बैठी हुई हैं और उनके माथे पर काफी बड़ा जख्म दिख रहा है।

परिणीति ने अपना यह डरावना फर्स्ट लुक अपने सोशल मीडिया हैंडल से भी शेयर किया है। इस फोटो को शेयर करते हुए परिणीति ने लिखा, ‘यह कुछ ऐसा है जो मैंने पहले कभी नहीं किया है और यह मेरी जिंदगी का अब तक का सबसे कठिन किरदार है।’

बता दें कि ‘द गर्ल ऑन द ट्रेन’ फिल्म इसी नाम से आई एक नॉवल पर आधारित थी जिसमें लीड रोल ऐमिली ब्रंट ने निभाया था। यह एक ऐसी तलाकशुदा शराबी महिला की कहानी है जो दुर्घटनावश एक इन्वेस्टिगेशन केस का हिस्सा बन जाती हैं। फिल्म में कीर्ति कुल्हारी भी एक महत्वपूर्ण भूमिका में दिखाई देंगी। बताया जा रहा है कि वह एक ब्रिटिश कॉप की भूमिका में दिखाई देंगी।

मारुति सुजुकी की MPV XL6 लॉन्च, कीमत 9.79 लाख से शुरू

0

नई दिल्ली। मारुति सुजुकी (Maruti Suzuki) ने अपनी प्रीमियम मल्टी पर्पज व्हीकल (एमपीवी) XL6 को आज लॉन्च कर दिया। इसकी कीमत कीमत 9.79 लाख से शुरू है। छह सीट वाली इस कार की बुकिंग पहले ही शुरू हो चुकी है। कार में बीएस6 पॉवर्ड K15 पेट्रोल इंजन मिलेगा। पेट्रोल वर्जन की यह कार स्मार्ट हाईब्रिड टेक्नोलॉजी से भी लैस है।

ग्राहकों को कार में मैनुअल और ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन गियरबॉक्स का विकल्प मिलेगा। बीएस-6 तकनीक वाली इस कार में एलईडी हेड लैंप के साथ स्पेसिएस केबिन भी दिया गया है। इसकी बिक्री नेक्सा पर की जाएगी। इस कार को प्रीमियम सेगमेंट को ध्यान में रखकर लांच किया गया है। मैनुअल एवं ऑटोमेटिक दोनों प्रकार की सुविधा इस कार में दी गई है। सेफ्टी का पूरा ध्यान रखा गया है। एक्सएल6 में हाई स्पीड अलर्ट के साथ सेफ्टी के सभी फीचर्स दिए गए हैं।

चार वेरिएंट्स की कीमत (एक्स शोरूम प्राइस)
जेटा एमटी: 9,79,689 रुपए
अल्फा एमटी: 10,36,189 रुपए
जेटा एटी: 10,89,689 रुपए
अल्फा एटी: 11,46,189 रुपए

कैसे करें बुक

  • कार की बुकिंग के लिए सबसे पहले आपको www.nexaexperience.com पर लॉग-इन करना होगा।
  • इसके अलावा 18002006392 पर डॉयल करके भी कार के बार में सारी डिटेल ले सकेंगे
  • XL6 को देशभर के किसी भी नेक्सा शोरुम से भी बुक कर सकते हैं।
  • XL6 को 11 हजार रुपए के शुरूआती पेमेंट से बुक किया जा सकता है।

कंपनी की राय
कंपनी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर शशांक श्रीवास्तव (मार्केटिंग एंड सेल्स) ने कहा कि मारुति सुजुकी हमेशा ऐसा प्रोडक्ट को लेकर आती है, जो कस्टमर की डिमांड को मैच करते हैं। XL6 एक सिक्स सीटर प्रीमियम एमपीवी है। यह कार 5वीं पीढ़ी की HEARTECT प्लेटफॉर्म पर बनाई गई है।

  • फीचर्स
  • · डुअल एयरबैग
  • · एबीएस (एंटी लॉक ब्रेकिंग सिस्टम)
  • · ईबीडी (इलेक्ट्रानिक ब्रेक फोर्स डिस्ट्रीब्यूशन)
  • · फ्रंट सीटबेल्ट के साथ प्री टेंशनर एंड फोर्स लिमिटर
  • · ISOFIX
  • · हिल होल्ड असिस्ट
  • · इलेक्ट्रानिक स्टेबिलिटी प्रोग्राम
  • · हाई स्पीड वार्निंग अलर्ट
  • · ड्राइवर एंड को ड्राइवर सीट बेल्ट रिमाइंडर
  • · रिवर्स पार्किंग सेंसर

माधुरी दीक्षित को इस रूप में देख आपका दिल भी करने लगेगा धक-धक

मुंबई। बॉलिवुड की यंग ऐक्ट्रेसेस को भी खूबसूरती के मामले में कड़ी टक्कर देने वाली ब्यूटी माधुरी दीक्षित का एक बार फिर ग्लैमरस अवतार देखने को मिला। डांस रिऐल्टी शो ‘डांस दीवाने’ में एक से बढ़कर एक लुक में दिखाई देने वाली माधुरी ने अपने इंस्टाग्राम पर फैन्स के साथ नया फोटो शेयर किया है, जिसे देख फैन्स क्रेजी हो गए।

शेयर की गई तस्वीर में माधुरी लाल रंग की शिमरी साड़ी पहनी दिखाई दे रही हैं, जिसका परफेक्ट फॉल और ड्रैपिंग ऐक्ट्रेस के फिगर को खूबसूरती के साथ हाइलाइट करते दिखे। वहीं साड़ी का लाल रंग उनके ग्लो को और बढ़ाता नजर आया।

फोटो को देख यह अंदाजा लगाना आसान है कि यह शो ‘डांस दीवाने 2’ के सेट पर लिया गया है जिसमें माधुरी बतौर जज शरीक हो रही हैं। इसके पहले सीजन में भी माधुरी जज थीं।

माधुरी दीक्षित का लेटेस्ट लुक और स्टाइल फैन्स को कितना पसंद आया इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि शेयर होने के महज चार घंटे के अंदर ही ऐक्ट्रेस के फोटो को दो लाख से ज्यादा लाइक्स मिल गए थे। इतना ही नहीं लोगों ने कॉमेंट के जरिए माधुरी की खूबसूरती की तारीफ की और उनके लिए अपनी दीवानगी को जाहिर किया।

शेयर-बाजार की फ्लैट शुरुआत, सेंसेक्स 37,350 के आसपास

नई दिल्ली।बुधवार को शेयर बाजार में कारोबार की फ्लैट शुरुआत हुई। बीएसई इंडेक्स सेंसेक्स 29 अंकों की गिरावट के साथ 37,298 पर खुला, जबकि एनएसई का निफ्टी 0.03% नीचे 11,018.15 पर खुला। शुरुआती कारोबार में प्रमुख इंडेक्सेस कभी हरे तो कभी लाल निशान पर दिखाई दिए।

सेंसेक्स के शुरुआती कारोबार में महिंद्रा ऐंड महिंद्रा (1.25%) , मारुति (1.20%), हीरो मोटोकॉर्प (1.11%), इन्फोसिस (1.05%) और बजाज ऑटो टॉप (0.73%) गेनर्स रहे। वहीं लूजर्स की सूची में टाटा मोटर्स डीवीआर, टाटा मोटर्स, यस बैंक, वेदांता लिमिटेड और टाटा स्टील शामिल रहे।

निफ्टी पर आयशर मोटर्स, मारुति, महिंद्रा ऐंड महिंद्रा, इन्फोसिस, हीरो मोटोकॉर्प ने बढ़त के साथ कारोबार की शुरुआत की, वहीं टाटा मोटर्स, यसबैंक, हिंडल कॉर्पोरेशन, वेदांता लिमिटेड ने इंडेक्स में गिरावट के साथ अपने कारोबार की शुरुआत की।

इससे पहले मंगलवार को शेयर बाजार लाल निशान पर बंद हुआ था। सेंसेक्स 74.48 अंकों की गिरावट के साथ 37,328 के स्तर पर बंद हुआ था जबकि निफ्टी 36 अंकों की गिरावट के साथ 11,017 पॉइंट्स पर बंद हुआ था।

पॉर्न साइट देखी तो लीक हो सकता है आपका डाटा

0

नई दिल्ली। दुनियाभर में यूजर्स के पर्सनल डेटा में सेंध लगने और डेटा चोरी के बढ़ते मामलों को लेकर न सिर्फ सरकारें बल्कि प्राइवेट एजेंसियां भी चिंतित हैं। डेटा सिक्यॉरिटी पर उठते सवालों के बीच बीते दिनों लाखों यूजर्स के फिंगरप्रिंट्स लीक हो गए थे और अब एक पॉप्युलर पॉर्न साइट ने इसके यूजर्स का पर्सनल डेटा शेयर कर दिया है।

The Next Web की रिपोर्ट के मुताबिक, पॉर्न साइट Luscious में हाल ही में एक बड़ी गड़बड़ी देखने को मिली। यह साइट यूजर्स की पहचान छुपाकर उन्हें पॉर्न फोटोज और एनिमेशन अपलोड करने का विकल्प देती है।

साइट की खामी का पता vpnMentor के रिसर्चर्स ने लगाया। रिसर्चर इस खामी की मदद से साइट पर अडल्ट कंटेंट अपलोड कर रहे या इसे देख रहे लाखों यूजर्स से जुड़ी पर्सनल जानकारी जुटाने में सफल रहे। इस लीक के बारे में बताते हुए vpnMentor ने कहा कि गड़बड़ी के चलते लीक हुए डेटा में साइट यूजर्स के ईमेल्स, उनके जेंडर और वे किन देशों में रहते हैं, इससे जुड़े डीटेल्स शामिल हैं।

इतना ही नहीं, साइट पर यूजर्स की ऐक्टिविटी जैसे- कॉमेंट्स, लाइक्स, अपलोड्स और ब्लॉग पोस्ट भी आसानी से ऐक्सेस कर लिए गए क्योंकि यह डेटा अनसिक्योर्ड और अनएनक्रिप्टेड फॉरमेट में था। डेटा से जुड़ी इस खामी का पता लगाने वाली फर्म vpnMentor ने कहा कि यह जानकारी साइट के यूजर्स के लिए बड़ा सिक्यॉरिटी रिस्क हो सकती है।

फर्म ने कहा कि यूजर्स के ईमेल और देश जानने के बाद उन्हें फिशिंग, डॉक्सिंग या वसूली जैसे स्कैम्स का शिकार बनाया जा सकता है। वहीं, यूजर्स की ऑन-साइट ऐक्टिविटी की मदद से उन्हें धमकाया जा सकता है क्योंकि थर्ड पार्टी पता कर सकती थी कि वे किस तरह का कंटेंट लाइक या अपलोड कर रहे हैं। कुछ ईमेल अड्रेसेज में तो यूजर्स के पूरे नाम तक सामने आ गए हैं।

ठीक कर ली गई गड़बड़ी
सामने आई गड़बड़ी जहां यूजर्स के लिए बड़ा रिस्क थी, रिसर्चर्स का कहना है कि अब इसे ठीक कर लिया गया है। Luscious की टीम को इस बग का पता चलने के एक दिन बाद ही इस बारे में जानकारी दे दी गई और फौरन इसपर काम करते हुए पैच रिलीज किया है।

आयुष्मान खुराना ने बढ़ाई फीस, महंगे सितारों की लिस्ट में शामिल

मुंबई। आयुष्मान खुराना उन सितारों में से हैं जिन्होंने अपने बूते पर इंडस्ट्री में जगह बनाई है। अब तो उन्होंने अपनी शानदारा अदाकारी के लिए नैशनल अवॉर्ड तक जीत लिया है। ऐसे में उनकी पॉप्युलैरिटी और बढ़ना जायज है। रिपोर्ट्स की मानें तो स्टारडम बढ़ने पर ऐक्टर ने अपनी फीस भी बढ़ा दी है।

जानकारी के अनुसार, आयुष्मान विज्ञापन करने के लिए जो फीस लिया करते थे उसे उन्होंने तीन गुना बढ़ा दिया है। इतना ही नहीं उन्होंने फिल्म के लिए अपनी फीस को भी बढ़ाया है, जिसके बाद वह भी महंगे सितारों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं।

वैसे इसमें कोई दो राय नहीं कि आज के दौर में आयुष्मान न सिर्फ हिट बल्कि अच्छे बिजनस की भी गैरन्टी बन गए हैं। यही वजह है कि उनके पास ऑफर्स की कमी नहीं है। खास बात यह है कि आयुष्मान की ऐक्टिंग में भी हर फिल्म के साथ और निखार आता दिखता है जो दर्शकों में उनकी गहरी पैठ बनाने की वजह है। ऐसे में अगर उन्होंने फीस बढ़ाई भी है तो वह इसे पूरी तरह डिजर्व करते हैं।

बात करें लेटेस्ट फिल्म की तो आयुष्मान की अपकमिंग फिल्म ‘ड्रीम गर्ल’ का ट्रेलर रिलीज हो चुका है। इसके साथ ही इसके दो गाने भी रिलीज किए गए हैं। इन सभी को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला है।

64MP क्वॉड कैमरे के साथ आएगा Realme XT फोन

नई दिल्ली। रियलमी के 64MP क्वॉड-कैमरे वाले फोन का नाम Realme XT होगा। इस बात की जानकारी रियलमी इंडिया के सीईओ माधव सेठ ने मंगलवार को रियलमी 5 सीरीज के लॉन्च इवेंट में दी। उन्होंने संकेत दिए हैं कि इस फोन को इसी साल सितंबर के अंत तक लॉन्च किया जा सकता है।

बता दें कि Realme XT की कैमरा टेक्नॉलजी को 8 अगस्त को आयोजित स्पेशल इवेंट में शोकेस किया गया था, लेकिन तब तक इस फोन के नाम का खुलासा नहीं किया गया था। Realme XT के बैक में 4 कैमरे होंगे, जिसमें 64 MP का प्राइमरी कैमरा ISOCELL ब्राइट GW1 सेंसर से लैस होगा।

सैमसंग के मुताबिक, यह सेंसर 4 पिक्सल को एक में मर्ज करके हाई-क्वॉलिटी की तस्वीरें देने में सक्षम है। इस 64 मेगापिक्सल कैमरे से 16 मेगापिक्सल के डिफॉल्ट मोड में शूटिंग की जा सकेगी। ऐसे में जो लोग 64 मेगापिक्सल कैमरे का इस्तेमाल करना चाहते हैं वे मेन्यू में जाकर इसे ऐक्सेस कर सकेंगे।

आपको मालूम ही होगा कि रियलमी के अलावा शाओमी ने भी सैमसंग के ISOCELL GW1 सेंसर के साथ 64 मेगापिक्सल वाला फोन लाने का ऐलान किया है। इसे 2019 की चौथी तिमाही तक भारत में लॉन्च कर दिया जाएगा। इस बीच सैमसंग भी गैलेक्सी ए-सीरीज का एक नया स्मार्टफोन लॉन्च करने की तैयारी कर रही है। ऐसा कहा जा रहा है कि कंपनी इसमें अपने खुद के ISOCELL GW1 सेंसर इस्तेमाल कर सकती है।

बताते चलें कि रियलमी ने आज नई दिल्ली में आयोजित एक इवेंट में अपने दो नए स्मार्टफोन Realme 5 Pro और Realme 5 से पर्दा उठाया है। ये दोनों ही फोन 4 रियर कैमरे से लैस हैं। Realme 5 Pro के पीछे 48 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा लगा है। Realme 5 Pro की शुरुआती कीमत जहां 13,999 रुपये है, वहीं Realme 5 की शुरुआती कीमत 9,999 रुपये रखी गई है।

इस इवेंट में कंपनी ने दो नए फोन के अलावा Realme Buds 2, आइकॉनिक केस और Realme Tote Bag भी लॉन्च किए हैं। भारत में इस इयर बड्स की कीमत 599 रुपये और केस की कीमत 399 रुपये रखी गई है। वहीं, नया बैग 1,199 रुपये में बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।

घर-घर PNG पहुंचाने में गेल इंडिया करेगी 45,000 करोड़ का निवेश

0

नई दिल्ली। सरकारी कंपनी गेल इंडिया लिमिटेड नेशनल गैस ग्रिड और सिटी गैस वितरण नेटवर्क का विस्तार करने के लिए अगले पांच साल में 45,000 करोड़ से अधिक का निवेश करेगी। कंपनी के चेयरमैन आशुतोष कर्नाटक ने मंगलवार को यह बात कही।

उन्होंने कंपनी के शेयरधारकों की सालाना आम बैठक में कहा कि अभी आपकी कंपनी प्रमुख परियोजनाओं में 5,700 किलोमीटर से अधिक का काम कर प्राकृतिक गैस पाइपलाइन नेटवर्क का विस्तार कर रही है। गेल फिलहाल 11,000 किलोमीटर के पाइपलाइन नेटवर्क का संचालन करती है और देश में बिकने वाली संपूर्ण प्राकृतिक गैस में दो-तिहाई का योगदान करती है।

उन्होंने कहा कि अगले कुछ साल में 45,000 करोड़ रुपये से अधिक निवेश करने की योजना है। यह निवेश देशभर में पाइपलाइन परियोजनाओं में होगा। इनमें ऊर्जा गंगा परियोजना, कोच-कूटानंद-बेंगलुरु-मैंगलोर, इंद्रधनुष नॉर्थ ईस्ट गैस ग्रिड और अन्य महत्वपूर्ण पाइपलाइन शामिल हैं, जो नेशनल गैस ग्रिड के तहत आपूर्ति और मांग के महत्वपूर्ण केंद्रों को जोड़ती हैं।

उन्होंने कहा कि यह निवेश अगले पांच साल में किया जाएगा। इनमें से 32,000 करोड़ रुपये पाइपलाइन बिछाने में और अन्य 12,000 करोड़ रुपये सिटी गैस वितरण (सीजीडी) नेटवर्क पर खर्च होंगे, जिसका उपयोग वाहनों को सीएनजी और घरों में पीएनजी पहुंचाने में होगा। इसके अलावा पेट्रोकमिकल प्लांट्स के विस्तार में भी कुछ निवेश होगा।

तीन से पांच साल में 10 लाख पीएनजी कनेक्शन देगी कंपनी
कंपनी तीन से पांच साल में 400 सीएनजी स्टेशन स्थापित करना चाहती है। इसके अलावा वह इस दौरान घरों में रिकॉर्ड 10 लाख पाइप्ड नेचुरल गैस (पीएनजी) कनेक्शन देना चाहती है। गैस आधारित अर्थव्यवस्था बनाने की सरकार की कोशिशों में मदद करने के लिए कंपनी इन्फ्रास्ट्रक्चर तैयार कर रही है। सरकार ऊर्जा बास्केट में प्राकृतिक गैस की हिस्सेदारी को वर्तमान 6.2 फीसदी से बढ़ाकर 2030 तक 15 फीसदी तक पहुंचाना चाहती है।