नई दिल्ली। WhatsApp Username: WhatsApp आपके लिए एक बड़ा बदलाव लेकर आया है। अब अगर आप WhatsApp पर बिना अपना मोबाइल नंबर शेयर करे चैट करना चाहते, तो यह मुमकिन है।
कंपनी ने Android और iPhone यूजर्स के लिए Username Reservation फीचर का रोलआउट शुरू कर दिया है। इस फीचर की मदद से अब लोग अपना एक यूनिक Username चुन सकेंगे और उसी Username के जरिए दूसरे लोगों से बात कर पाएंगे।
WhatsApp इस फीचर की मदद से यूजर्स की प्राइवेसी को मजबूत करना चाहता है। कंपनी ने Username Reservation पहले ही शुरू कर दी है ताकि करोड़ों यूजर्स अपनी पसंद का Username पहले से सुरक्षित कर सकें। हालांकि यह फीचर सभी यूजर्स तक धीरे-धीरे पहुंचेगा और आने वाले महीनों में इसे पूरी दुनिया में उपलब्ध कराया जाएगा।
ऐसे करें अपना यूजरनेम रिजर्व
- इसके लिए सबसे पहले WhatsApp का लेटेस्ट वर्जन अपडेट करें।
- इसके बाद Settings में जाएं और Account सेक्शन खोलें। यहां आपको Username का नया ऑप्शन दिखाई देगा।
- इस पर टैप करके अपनी पसंद का Username चुन सकते हैं।
- अगर वह Username पहले से किसी और ने नहीं लिया है, तो वह आपके नाम पर रिजर्व हो जाएगा।
- कंपनी धीरे-धीरे सभी यूजर्स को यह सुविधा दे रही है, इसलिए अगर अभी यह ऑप्शन नहीं दिख रहा है तो कुछ समय इंतजार करना होगा।
यूजरनेम बनाते समय इन चीजों का ध्यान रखें
WhatsApp ने Username के लिए कुछ नियम भी तय किए हैं। Username में छोटे इंग्लिश लैटर, नंबर, अंडरस्कोर (_) और डॉट (.) का इस्तेमाल किया जा सकेगा। यह यूनिक होना जरूरी होगा और किसी दूसरे यूजर का Username कॉपी नहीं किया जा सकेगा। इसके अलावा Username की शुरुआत “www” से नहीं की जा सकती और इसका अंत “.com” या “.net” जैसे डोमेन नाम से नहीं होना चाहिए। कंपनी का कहना है कि इन नियमों का उद्देश्य फर्जी अकाउंट और धोखाधड़ी को रोकना है।
इसके अलावा WhatsApp इस फीचर के साथ Username Key नाम का एक अतिरिक्त सिक्योरिटी विकल्प भी ला रहा है। अगर कोई यूजर इसे ऑन करता है, तो केवल Username जानना काफी नहीं होगा, बल्कि पहली बार संपर्क करने के लिए Username Key की भी जरूरत पड़ सकती है। इससे अनचाहे मैसेज और स्पैम को रोकने में मदद मिलेगी।
यूजरनेम फीचर की जरूरत क्यों
अब तक WhatsApp पूरी तरह मोबाइल नंबर बेस्ड मैसेजिंग ऐप रहा है। किसी नए व्यक्ति से बात करने के लिए यूजर को अपना नंबर शेयर करना पड़ता था। लेकिन इससे प्राइवेसी को लेकर कई सवाल उठते रहे हैं। खासकर बिजनेस, ऑनलाइन सेलर्स, कंटेंट क्रिएटर्स और ऐसे लोग जो हर किसी के साथ अपना फोन नंबर साझा नहीं करना चाहते, उनके लिए यह बड़ी परेशानी थी। Username फीचर इसी समस्या का समाधान लेकर आया है।
यह फीचर उन लोगों के लिए सबसे उपयोगी होगा जो रोजाना नए लोगों से जुड़ते हैं। जैसे कंटेंट क्रिएटर्स, फ्रीलांसर, ऑनलाइन बिजनेस चलाने वाले, स्टूडेंट्स और प्रोफेशनल्स। अब वे अपना मोबाइल नंबर सार्वजनिक करने की बजाय केवल Username शेयर कर सकेंगे। इससे उनकी पर्सनल डिटेल रहेगी और बेकार के कॉल या मैसेज आने की संभावना भी कम होगी।

