इको-फ्रेंडली गणेश महोत्सव 2026 में सहभागिता निभाएगा कोटा किटी क्लब

0
10
आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान समारोह में किटी समूहों ने ली पर्यावरण संरक्षण की शपथ

​कोटा। सर्व हिंदू समाज सोशल क्रांतिकारी महिला महासंघ द्वारा रविवार को गीता भवन में गायक किशन मुद्गल द्वारा प्रस्तुत गणेश वंदना के साथ ‘आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान’ समारोह का आयोजन किया गया। राजस्थानी लोक कलाकार बंटी सुल्तानपुरी ने रंगारंग लोक नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया।

इस दौरान कार्यक्रम में जहाँ एक ओर नारी शक्ति का सम्मान हुआ, वहीं दूसरी ओर सामाजिक सुधार की दिशा में एक बड़ा कदम बढ़ाते हुए आगामी गणेश महोत्सव 2026 को पूरी तरह इको-फ्रेंडली मनाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम में कोटा के विभिन्न क्षेत्रों से आईं 500 से अधिक महिलाओं ने पर्यावरण और संस्कृति के समन्वय की इस अनूठी मुहिम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

​महासंघ के मुख्य संयोजक एवं अध्यक्ष गोविंद नारायण अग्रवाल ने मुख्य अतिथि डॉ. एमएल अग्रवाल एवं अरुणा अग्रवाल के सानिध्य में उपस्थित मातृशक्ति को इको-फ्रेंडली गणेश महोत्सव मनाने की शपथ दिलवाई। इस अवसर पर उन्होंने बढ़ते जल प्रदूषण पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि प्लास्टर ऑफ पेरिस और रासायनिक रंगों से निर्मित प्रतिमाओं के विसर्जन से हमारे जल स्रोत दूषित हो रहे हैं और जलीय जीवों को भारी क्षति पहुँच रही है।

जल प्रकृति की अनमोल संपदा है। जिसकी रक्षा का दायित्व हम सभी का है। इस बार विघ्नहर्ता की आराधना को प्राकृतिक संतुलन के साथ जोड़कर मनाया जाएगा। गोविंद नारायण अग्रवाल ने स्पष्ट किया कि इस आयोजन का मूल उद्देश्य महिलाओं के छोटे-छोटे किटी समूहों को संगठित कर एक सशक्त सामाजिक मंच प्रदान करना है।

अब किटी पार्टियाँ केवल मनोरंजन या जलपान तक सीमित नहीं हैं, बल्कि महिलाओं की सामाजिक अभिव्यक्ति, सामूहिकता और आर्थिक स्वावलंबन का एक बड़ा केंद्र बन चुकी हैं।

​संस्थापक महामंत्री राजाराम जैन ‘कर्मयोगी’ (रावण सरकार) ने बताया कि किटी समूहों को राजनीति से मुक्त मंच प्रदान करने तथा सनातन संस्कृति के निर्वहन के उद्देश्य से ही गत 10 मई (विश्व मातृ दिवस) को ‘कोटा किटी क्लब’ की स्थापना की गई थी।

समारोह के द्वितीय चरण में 75 किटी समूहों की प्रमुख पाँच-पाँच महिलाओं को मोतियों की माला, दुपट्टा और ‘आत्मनिर्भर मातृशक्ति गौरव सम्मान’ प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया है।

​समारोह में विशिष्ट अतिथि समाजसेवी संदीप चांदीवाला, संजय गोयल, चार्टर्ड अकाउंटेंट रामलाल विजय और मयंक अग्रवाल पी ,पी, गुप्ता अनिल खंडेलवाल, चंद्र प्रकाश चंदू ,सहित आयोजन समिति के सदस्य अनिल कुमार शर्मा, लक्ष्मी नारायण गर्ग, महेश पंचोली, महावीर जैन, परमानन्द गर्ग, अश्वत्थामा दाधीच, योगेश शर्मा, लक्ष्मण सिंह हाड़ा, हेमंत सिंह, धर्मपाल सिंह, सीमा गांधी, रमा शर्मा मंजू गोड , रचना गोयल, सरोज मिश्रा, संतोष शर्मा, ज्योति यादव, कुलदीप कौर, रीता गर्ग, किरण बैद, वीणा साहू सहित कई गणमान्य महिलाओं ने आमंत्रित किटी समूह का स्वागत किया।