नई दिल्ली। Stock Market Update : घरेलू शेयर बाजार ने मंगलवार को शुरुआती बढ़त गंवा दी और कारोबार के दौरान लाल निशान में फिसल गया। निवेशक अमेरिका और ईरान के बीच होने वाली वार्ता के नतीजों का इंतजार कर रहे हैं, जिसके चलते बाजार में सतर्कता का माहौल बना हुआ है।
सुबह 11:00 बजे तक सेंसेक्स 161.45 अंक यानी 0.21% की गिरावट के साथ 76,566.92 पर कारोबार कर रहा था। वहीं, निफ्टी 50 49.45 अंक यानी 0.21% टूटकर 23,896.80 पर पहुंच गया।
निफ्टी 50 में आयशर मोटर्स, टाटा कंज्यूमर प्रोडक्ट्स और इंफोसिस सबसे ज्यादा गिरावट वाले शेयरों में शामिल रहे। वहीं, व्यापक बाजार की बात करें तो निफ्टी मिडकैप में 0.08% और निफ्टी स्मॉलकैप में 0.56% की बढ़त देखने को मिली, जिससे मिड और स्मॉलकैप शेयरों में खरीदारी बनी रही।
सेक्टोरल इंडेक्स में सबसे ज्यादा दबाव निफ्टी IT पर रहा, जो 2% से अधिक टूट गया। इसके अलावा निफ्टी ऑटो और निफ्टी मेटल इंडेक्स भी कमजोरी के साथ कारोबार कर रहे थे। दूसरी ओर, निफ्टी केमिकल और निफ्टी रियल्टी इंडेक्स में मजबूती देखने को मिली।

