नई दिल्ली। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन घरेलू शेयर बाजार गिरावट के साथ बंद हुआ। ऑटो, आईटी और पीएसयू बैंक शेयरों में बिकवाली का दबाव देखने को मिला।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 372.10 अंक यानी 0.48 फीसदी गिरकर 76,728.37 पर बंद हुआ। वहीं एनएसई का निफ्टी50 109.75 अंक यानी 0.46 फीसदी की गिरावट के साथ 23,946.25 के स्तर पर बंद हुआ।
निफ्टी-50 इंडेक्स में महिंद्रा एंड महिंद्रा, अडानी एंटरप्राइजेज और टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के शेयर सबसे ज्यादा टूटे। इन शेयरों में बिकवाली का दबाव पूरे कारोबारी सेशन के दौरान बना रहा।
व्यापक बाजार में भी दबाव देखने को मिला। निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.37 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.62 फीसदी की गिरावट के साथ बंद हुआ। इससे साफ है कि बड़े शेयरों के साथ-साथ मिड और स्मॉलकैप कंपनियों में भी निवेशकों ने मुनाफावसूली की।
फार्मा सेक्टर ने दिखाई मजबूती
सेक्टोरल इंडेक्स की बात करें तो निफ्टी फार्मा सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाला सेक्टर रहा। इसके अलावा निफ्टी मेटल और निफ्टी हेल्थकेयर में भी खरीदारी देखने को मिली। दूसरी ओर निफ्टी ऑटो, निफ्टी केमिकल और निफ्टी ऑयल एंड गैस इंडेक्स सबसे कमजोर रहे।

