टेंट एंड डेकोर एक्सपो कोटा में 6 सितंबर से, स्पीकर बिरला होंगे मुख्य अतिथि

0
8

देशभर से करीब 15 हजार व्यवसायी लेंगे भाग, 14 जर्मन डोम में लगेंगे 300 स्टॉल

कोटा। राजस्थान के टेंट व्यवसायियों का 16वां प्रांतीय महाधिवेशन टेंट एंड डेकोर एक्सपो- 2026 आगामी 6 से 8 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय आयोजन कोटा के दशहरा मैदान में आयोजित किया जाएगा।

इस संबंध में कोटा एवं हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति तथा सोलर संगठन के पदाधिकारियों ने होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से उनके निवास पर भेंट कर महाधिवेशन की विस्तृत जानकारी दी तथा उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया ।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने आमंत्रण को स्वीकार कर इस आयोजन की पूरी जानकारी ली। माहेश्वरी ने बताया कि राजस्थान के टेंट व्यवसायियों का यह तीन दिवसीय 16वां प्रांतीय महाधिवेशन लगभग 24 वर्ष बाद कोटा में आयोजित हो रहा है, जो हाड़ौती क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। यह आयोजन इवेंट इंडस्ट्री से जुड़े विभिन्न क्षेत्रों को एक मंच पर लाने का संगठित प्रयास है।

महाधिवेशन में टेंट, लाइट, कैटरिंग, होटल, डेकोरेशन, फर्नीचर, हैंडीक्राफ्ट, साउंड, जनरेटर, आर्टिफिशियल फ्लावर, एसएफएक्स उत्पाद सहित अनेक क्षेत्रों के उत्पादों एवं सेवाओं का विस्तृत प्रदर्शन किया जाएगा। इससे संबंधित व्यवसायियों को अपने उत्पादों और सेवाओं के प्रदर्शन एवं प्रचार-प्रसार का अवसर मिलेगा।

उन्होंने बताया कि इस महाधिवेशन में देश के 15 से अधिक राज्यों से व्यवसायी भाग लेंगे। आयोजन स्थल पर लगभग 250 से 300 स्टॉल स्थापित की जाएंगी तथा करीब 12 से 15 हजार प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है।

माहेश्वरी ने कहा कि इस आयोजन से हाड़ौती क्षेत्र के पर्यटन एवं व्यापार को नई गति मिलेगी तथा कोटा को डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित होने में भी सहायता मिलेगी। महाधिवेशन में आने वाले सभी प्रतिभागियों को हाड़ौती के प्रमुख पर्यटन स्थलों का भ्रमण एवं जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान द्वारा आयोजन स्थल पर एक विशेष स्टॉल भी लगाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान एवं कोटा व्यापार महासंघ इस आयोजन को पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे। वर्तमान में हाड़ौती क्षेत्र में पर्यटन विकास की अपार संभावनाओं को देखते हुए आने वाले समय में कोटा डेस्टिनेशन वेडिंग हब के रूप में विकसित हो सकता है, जिससे स्थानीय व्यापारिक गतिविधियों में उल्लेखनीय वृद्धि होगी।

हाड़ौती टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष दीपक सिंघल, कोटा टेंट डीलर्स समिति के कोटा संभाग के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, सचिव गुरमीत सिंह तथा कोषाध्यक्ष मोहरमन सिंह ने बताया कि महाधिवेशन में विभिन्न राज्यों से जुड़े व्यवसायी अपने अनुभव, उत्पाद एवं सेवाएं साझा करेंगे।

उन्होंने बताया कि आयोजन में आने वाले लगभग 15 हजार प्रतिनिधियों के आवास, भोजन, परिवहन तथा पर्यटन स्थलों के भ्रमण की व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। यह महाधिवेशन हाड़ौती की वेडिंग एवं टेंट इंडस्ट्री को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के साथ-साथ क्षेत्र के पर्यटन और व्यापार को भी नई दिशा प्रदान करेगा।

अनंत ऊर्जा सोलर एंड ईवी एक्सपो भी

इस अवसर पर अनंत ऊर्जा सोलर एंड ईवी एक्सपो 2026 का भी भव्य आयोजन किया जाएगा। हाड़ौती सोलर एंड पावर सोसायटी के अध्यक्ष धीरज गुप्ता, उपाध्यक्ष रजनीश सिंह राणा, टीपीएन सॉल्यूशंस के डायरेक्टर जितेंद्र गोयल, सीईओ तनुज कुमार एवं ऑपरेशन हेड नरेंद्र सैनी ने बताया कि तीन दिवसीय एक्सपो में हाड़ौती क्षेत्र के सोलर व्यापार से जुड़े 100 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे।