Monday, June 22, 2026
Home Blog Page 44

7000mAh बैटरी वाला Oppo का यह फोन 15000 रुपए से कम में होगा लॉन्च

नई दिल्ली। OPPO जल्द ही भारत में अपना नया बजट स्मार्टफोन OPPO A6c लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है। यह फोन इसी साल अप्रैल में कुछ ग्लोबल मार्केट्स में लॉन्च हुआ था। OPPO की A-सीरीज का यह नया फोन खासतौर पर बजट यूजर्स को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।

कंपनी इसे OPPO A6x, A6 और A6s जैसे फोन्स के साथ मार्केट में उतार सकती है। इस फोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी 7000mAh की बड़ी बैटरी बताई जा रही है। साथ ही इसका डिजाइन भी काफी स्टाइलिश हो सकता है, जिससे यह बजट सेगमेंट में अलग नजर आएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक OPPO A6c की भारत में कीमत 15 हजार रुपये से कम हो सकती है और इसे इसी हफ्ते या अगले हफ्ते लॉन्च किया जा सकता है।

कीमत और उपलब्धता: 91मोबाइल की रिपोर्ट के अनुसार OPPO A6c का बेस वेरिएंट 4GB RAM और 64GB स्टोरेज के साथ आ सकता है, जिसकी कीमत करीब 13,999 रुपये हो सकती है। वहीं इसका दूसरा वेरिएंट 4GB RAM और 128GB स्टोरेज के साथ लॉन्च हो सकता है, जिसकी कीमत लगभग 16,999 रुपये बताई जा रही है।

हाल के समय में स्मार्टफोन इंडस्ट्री में कीमतें बढ़ने के कारण इस फोन में 6GB RAM वेरिएंट देखने को नहीं मिल सकता। फिलहाल लॉन्च डेट की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि यह फोन जल्द ही ऑफलाइन स्टोर्स में सेल के लिए उपलब्ध हो सकता है। माना जा रहा है कि OPPO इस फोन को खासतौर पर ऑफलाइन मार्केट के लिए लॉन्च कर सकती है।

फीचर्स: क्योंकि OPPO A6c पहले ही ग्लोबल मार्केट में लॉन्च हो चुका है, इसलिए उम्मीद की जा रही है कि भारत में भी यही फीचर्स देखने को मिलेंगे। फोन में 7000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है, जो सामान्य इस्तेमाल में करीब 2 दिन तक चल सकती है। यही इसकी सबसे बड़ी खासियत मानी जा रही है। हालांकि फोन में सिर्फ 15W चार्जिंग सपोर्ट मिलेगा, जो इतनी बड़ी बैटरी के हिसाब से थोड़ा धीमा माना जा रहा है।

OPPO A6c में 6.75 इंच का HD+ LCD डिस्प्ले मिल सकता है, जिसका रेजोल्यूशन 1570×720 पिक्सल होगा। फोन में 120Hz रिफ्रेश रेट और 900 निट्स तक की ब्राइटनेस मिल सकती है, जिससे स्क्रीन स्मूद और चमकदार दिखाई देगी।

फोटोग्राफी के लिए इसमें 13MP का प्राइमरी कैमरा दिया जा सकता है, जो 30fps पर 1080P वीडियो रिकॉर्डिंग सपोर्ट करेगा। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 5MP का फ्रंट कैमरा मिल सकता है। कैमरा सेटअप बेसिक यूजर्स के लिए रखा गया है, यानी यह फोन सामान्य फोटोग्राफी के लिए ठीक माना जा सकता है।

फोन में Unisoc T7250 प्रोसेसर दिया जा सकता है, जो एंट्री-लेवल स्मार्टफोन्स में इस्तेमाल किया जाता है। इसका मतलब है कि यह फोन रोजमर्रा के काम जैसे सोशल मीडिया, कॉलिंग, वीडियो देखने और हल्की-फुल्की मल्टीटास्किंग के लिए ठीक रहेगा। हालांकि हैवी गेमिंग या ज्यादा हाई परफॉर्मेंस वाले कामों के लिए यह फोन खास नहीं माना जाएगा।

ग्लोबल मार्केट में यह फोन Feather White, Stone Brown और Feather Purple कलर में लॉन्च हुआ है। भारत में इसके Feather White और Stone Brown कलर आने की उम्मीद है।

Triumph की 1200cc के इंजन वाली बाइक भारत में लॉन्च, जानिए कीमत और फीचर्स

नई दिल्ली। ट्रायम्फ मोटरसाइकिल ने भारत में अपनी नई और बेहद खूबसूरत ‘Speed Twin 1200 Cafe Racer Edition’ को लॉन्च कर दिया है। दुनियाभर में इस बाइक की सिर्फ 800 यूनिट्स ही बेची जाएंगी। 1,200cc का लिक्विड-कूलाड पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है।

इसकी एक्स-शोरूम कीमत 17.99 लाख रुपये है। कंपनी ने इस साल की शुरुआत में ‘Unleashed 2026’ कैंपेन के दौरान इसकी पहली झलक दिखाई थी। तभी से राइडिंग के शौकीन बाइक लवर्स को इसका बेसब्री से इंतजार था। यह एक लिमिटेड एडिशन मोटरसाइकिल है। दुनियाभर में इस बाइक की सिर्फ 800 यूनिट्स ही बेची जाएंगी।

रेट्रो-इन्सपायर्ड लुक
बाइक का लुक बेहद क्लासी है। इसका रेट्रो-इन्सपायर्ड लुक पहली नजर में ही देखने वाले को अपना फैन बना देगा। इसमें मिलने वाले क्लिप-ऑन हैंडलबार्स, सिंगल-सीट लुक देने वाला रियर सीट काउल और शानदार क्विल्टेड टैन लेदर सीट इसे एकदम ओल्ड-स्कूल कैफे रेसर वाला फील देते हैं। इसका ड्यूअल-टोन ग्रीन और सिल्वर पेंट स्कीम भी शानदार है। यह इसके साथ मिलने वाले कलर-मैच्ड हेडलाइट काउल के साथ मिलकर बाइक को एक गजब का प्रीमियम रोड प्रेजेंस देता है। यह स्टैंडर्ड स्पीड ट्विन मॉडल से काफी ज्यादा स्पोर्टी और क्लासी नजर आती है।

लिक्विड-कूलाड पैरेलल-ट्विन इंजन
इसमें वही भरोसेमंद और दमदार 1,200cc का लिक्विड-कूलाड पैरेलल-ट्विन इंजन दिया गया है। यह वही इंजन है, जो Speed Twin 1200 RS में ऑफर किया जाता है। यह इंजन 103.5 bhp की पावर और 112 Nm का टॉर्क जनरेट करता है, जिसे 6-स्पीड गियरबॉक्स के साथ पेयर गया है। मजेदार बात यह है कि राइडिंग को और स्मूथ और मजेदार बनाने के लिए ट्रायम्फ ने इसमें बाइ-डायरेक्शनल क्विकशिफ्टर स्टैंडर्ड कर दिया है। सिर्फ इंजन ही नहीं, इसके बाकी पार्ट्स भी टॉप-नॉच हैं। इसमें पूरी तरह से एडजस्ट होने वाला ओलिंस (Ohlins) सस्पेंशन, ब्रेम्बो (Brembo) के धाकड़ ब्रेक्स और चिपक कर चलने वाले मेटजेलर (Metzeler Racetec RR K3) टायर्स मिलते हैं।

Stock Market: सेंसेक्स 1073 अंक उछल कर 76489 पर, निफ्टी 24 हजार के पार बंद

नई दिल्ली। Stock Market Closed, May 25,2026 : सप्ताह का पहला कारोबारी दिन शेयर बाजार के लिए शानदार रहा है। 30 संवेदी सूचकांक वाला सेंसेक्स 1.42 प्रतिशत या फिर 1073 अंक की उछाल के बाद बीएसई में 76488.96 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी 1.32 प्रतिशत या फिर 312.40 अंक की उछाल के बाद 24031.70 अंक पर बंद हुआ है। बता दें, निफ्टी का इंट्रा-डे हाई 24054.45 अंक रहा है।

आज शेयर बाजारों में बजाज फिनसर्व सहित 30 में से 26 कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिली है। बजाज फिनसर्व, एलटी, एचडीएफसी बैंक, इटरनल सहित कई अन्य दिग्गज कंपनियों के शेयर 2 प्रतिशत से अधिक की तेजी के साथ बंद हुए हैं। बता दें, शेयर बाजार ईरान-अमेरिका संभावित डील की वजह से आज भारी बढ़त बनाने में सफल रहा है।

बाजार में आई इस जोरदार रिकवरी का नेतृत्व बैंकिंग और वित्तीय सेक्टर के शेयरों ने किया, जिनमें बजाज फाइनेंस और एचडीएफसी बैंक ने सबसे शानदार प्रदर्शन करते हुए तीन-तीन प्रतिशत का उछाल दर्ज किया। इसके अलावा कच्चे तेल की कीमतों में भी 5 प्रतिशत की गिरावट सुबह देखने को मिली थी।

Gold Price: सोने और चांदी की कीमतों में उछाल, जानिए आज के भाव

नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: सोना और चांदी की कीमतों उछाल देखने को मिली है। इंडियन बुलियंस ज्वैलर्स एसोसिएशन की तरफ से नई कीमतों का ऐलान कर दिया गया है। शुक्रवार के मुकाबले आज सप्ताह के पहले कारोबारी दिन को गोल्ड की कीमतों में 268 रुपये प्रति 10 ग्राम का इजाफा हुआ है। वहीं, चांदी का दाम भी बढ़ा हुआ है।

इंडियन बुलियंस ज्वैलर्स एसोसिएशन की रिपोर्ट के अनुसार 24 कैरेट गोल्ड का रेट 158622 रुपये प्रति 10 ग्राम है। इससे पहले शुक्रवार को सर्राफा बाजार में सोने का भाव 158354 रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर था। 23 कैरेट गोल्ड का रेट सर्राफा बाजार में आज 157987 रुपये प्रति 10 ग्राम है। वहीं, 22 कैरेट गोल्ड का रेट 145298 रुपये प्रति 10 ग्राम है।

बुलियंस मार्केट में आज चांदी की कीमतों में भी इजाफा हुआ है। बुलियंस मार्केट में 1 किलोग्राम चांदी का रेट 269754 रुपये है। वहीं, शुक्रवार की दोपहर में चांदी का रेट 267433 रुपये प्रति किलोग्राम था। शुक्रवार की तुलना में चांदी का दाम 2321 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ गया है। बता दें, शनिवार और रविवार को छुट्टी की वजह से बुलियंस मार्केट में नई कीमतें जारी नहीं की गई थी।

सोना-चांदी आयात महंगा
सरकार ने पिछले सप्ताई सोने और चांदी पर लगने वाले इंपोर्ट ड्यूटी को बढ़ा दिया था। पहले 6 प्रतिशत की इंपोर्ट ड्यूटी सोने और चांदी पर लगती थी। जोकि अब बढ़कर 15 प्रतिशत हो गया है। यानी 9 प्रतिशत का इजाफा इंपोर्ट ड्यूटी में हुआ है।

Fee Refund: नीट-यूजी फीस रिफंड प्रक्रिया शुरू, 21 जून को होगी दोबारा परीक्षा

नई दिल्ली। NEET UG Re-Exam 2026 Fee Refund: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) के साथ मिलकर उन सभी रजिस्टर्ड उम्मीदवारों के लिए ऑनलाइन आवेदन शुल्क वापसी की प्रक्रिया शुरू कर दी है, जिन्होंने नीट-यूजी (NEET UG) 2026 प्रवेश परीक्षा के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था।

बहुत से छात्रों ने अपना फॉर्म भरते समय शुल्क का भुगतान साइबर कैफे, कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या किसी तीसरे पक्ष के माध्यम से किया था, इसलिए एनटीए ने एक विशेष ‘बैंक डिटेल्स कलेक्शन मॉड्यूल’ लॉन्च किया है।

इसके जरिए छात्र अपने या अपने माता-पिता के एक्टिव बैंक खाते की जानकारी सीधे पोर्टल पर दर्ज कर सुरक्षित रूप से अपना रिफंड पा सकते हैं।

महत्वपूर्ण तारीखें और री-नीट (Re-neet) का नियम

  • रिफंड पोर्टल खुलने की तिथि: 22 मई 2026
  • आवेदन की अंतिम तिथि: 27 मई 2026 (रात 11:50 बजे तक)

री-नीट परीक्षा 21 जून 2026 को दोबारा परीक्षा आयोजित की जाएगी। एनटीए ने स्पष्ट किया है कि छात्रों का पुराना रजिस्ट्रेशन डेटा और चुनी गई सिटी चॉइस स्वतः ही इस री-एग्जाम के लिए मान्य रहेगी और इसके लिए कोई अलग से फीस नहीं देनी होगी।

रिफंड क्लेम करने की ऑनलाइन प्रक्रिया
छात्र नीचे दिए गए आसान स्टेप्स को फॉलो करके अपनी फीस वापसी की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं:

  • अपने नीट यूजी 2026 एप्लीकेशन नंबर, पासवर्ड या जन्मतिथि (DOB) और सुरक्षा पिन दर्ज करके अपने कैंडिडेट डैशबोर्ड पर लॉगिन करें।
  • लॉगिन होने के बाद होमपेज पर दिख रहे विशेष लिंक “NEET UG 2026 Fee Refund Link / Bank Account Update Module” पर क्लिक करें।
  • इसके बाद स्क्रीन पर एक बैंकिंग फॉर्म खुलेगा, जिसमें आपको अपने या माता-पिता के एक्टिव बैंक खाते की बिल्कुल सटीक जानकारी भरनी होगी, जैसे खाताधारक का नाम, बैंक खाता संख्या, बैंक का नाम और सही आईएफएससी (IFSC) कोड।
  • भुगतान में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से बचने के लिए एनटीए ने एक कैंसिल्ड चेक या बैंक पासबुक के फ्रंट पेज की साफ स्कैन कॉपी अपलोड करने का विकल्प भी दिया है।
  • सभी डिटेल्स को दोबारा अच्छी तरह से जांच लें, क्योंकि सबमिट करने के बाद इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया जा सकेगा। इसके बाद ‘सबमिट’ बटन दबाएं और कंफर्मेशन पेज का प्रिंटआउट सुरक्षित रख लें।

एनटीए द्वारा जारी की गई जरूरी गाइडलाइंस
एनटीए ने अभिभावकों और छात्रों को सख्त हिदायत दी है कि वे फीस रिफंड के लिए अपने बैंकों या क्रेडिट कार्ड कंपनियों के माध्यम से किसी भी तरह का ‘चार्जबैक’ अनुरोध दर्ज न करें। यदि बैंक डिटेल्स गलत या मिसमैच पाई जाती हैं, तो रिफंड ट्रांजैक्शन फेल हो जाएगा। किसी भी तकनीकी समस्या या सहायता के लिए छात्र एनटीए के हेल्पलाइन नंबर +91-11-40759000 पर कॉल कर सकते हैं या neetug2026@nta.ac.in पर ईमेल भेज सकते हैं।

JEE Advanced प्रोविजनल आंसर की जारी, 26 मई तक दर्ज करें आपत्ति

नई दिल्ली। JEE Advanced Provisional Answer Key 2026: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (IIT) रुड़की की ओर से जेईई एडवांस्ड 2026 परीक्षा की आंसर की जारी कर दी गई है।

जेईई एडवांस्ड 2026 की प्रोविजनल आंसर की आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। उम्मीदवारों की रिस्पॉन्स शीट 21 मई 2026 को जारी कर दी गई है।

जो उम्मीदवार 17 मई 2026 को आयोजित हुई इस बेहद चुनौतीपूर्ण परीक्षा में शामिल हुए थे, वे बिना किसी लॉगिन क्रेडेंशियल के सीधे आधिकारिक वेबसाइट jeeadv.ac.in पर जाकर पेपर 1 और पेपर 2 दोनों की आंसर-की पीडीएफ (PDF) फॉर्मेट में डाउनलोड कर सकते हैं।

आपत्ति दर्ज कराने के लिए 26 मई तक का समय
आंसर-की जारी करने के साथ ही आईआईटी रुड़की ने छात्रों को किसी भी विवादित उत्तर या प्रश्न पर अपनी चुनौती या फीडबैक देने का अवसर भी प्रदान किया है। उम्मीदवार आज यानी 25 मई से लेकर 26 मई 2026 की शाम 5:00 बजे तक ही ऑनलाइन माध्यम से अपनी आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। ईमेल या किसी अन्य ऑफलाइन माध्यम से भेजी गई आपत्तियों को स्वीकार नहीं किया जाएगा।

छात्रों को अपनी आपत्ति दर्ज कराने के लिए 500 रुपये प्रति प्रश्न की दर से ऑनलाइन शुल्क (नेट बैंकिंग, क्रेडिट या डेबिट कार्ड द्वारा) का भुगतान करना होगा। यदि विषय विशेषज्ञों की जांच के बाद उम्मीदवार का दावा बिल्कुल सही पाया जाता है, तो यह शुल्क उम्मीदवार के बैंक खाते में वापस कर दिया जाएगा।

JEE Advanced Provisional Answer Key 2026 Direct Link

आपत्ति दर्ज कराने का आसान तरीका

  1. होमपेज पर कैंडिडेट पोर्टल (Candidate Portal) के लिंक पर क्लिक करें और अपने आवेदन नंबर, जन्मतिथि तथा मोबाइल नंबर की मदद से लॉगिन करें।
  2. लॉगिन के बाद “Challenge Answer Key” के विकल्प को चुनें।
  3. संबंधित प्रश्न संख्या का चयन करें जिसे आप चुनौती देना चाहते हैं और अपने दावे के समर्थन में आवश्यक डॉक्यूमेंट या प्रामाणिक सबूत अपलोड करें।
  4. प्रति प्रश्न 500 रुपये के हिसाब से ऑनलाइन फीस जमा करें और फाइनल सबमिट बटन पर क्लिक करें।

फाइनल रिजल्ट 1 जून को आएगा
प्राप्त सभी आपत्तियों की समीक्षा आईआईटी रुड़की के वरिष्ठ विषय विशेषज्ञों की एक विशेष समिति द्वारा बारीकी से की जाएगी। इसके बाद, 1 जून 2026 को सुबह 10:00 बजे फाइनल आंसर-की के साथ ही जेईई एडवांस्ड 2026 का रिजल्ट भी घोषित कर दिया जाएगा। परिणाम जारी होने के बाद ही देश के सभी 23 आईआईटी, एनआईटी (NITs) और आईआईआईटी (IIITs) संस्थानों में सीटों के आवंटन के लिए जोसा (JoSAA) काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसके अलावा, आर्किटेक्चर कोर्सेज में रुचि रखने वाले उम्मीदवारों के लिए आर्किटेक्चर एप्टीट्यूड टेस्ट (AAT) का पंजीकरण भी 1 जून से शुरू होकर 4 जून को परीक्षा आयोजित की जाएगी।

सांगोद में ‘वंदे गंगाजल’ संरक्षण जन अभियान का गणेश पूजन के साथ आगाज

मंत्री नागर ने गणेश कुंज पर किया श्रमदान, 50 हजार परिवारों को मिलेंगे दो-दो डस्टबिन

कोटा। सांगोद नगर के पीपली घाट स्थित गणेश कुंज पर ‘वंदे गंगाजल संरक्षण जन अभियान’ के तहत विशेष स्वच्छता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने गणेशपाल मंदिर में गणपति का विधिवत पूजन कर इस राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की।

इस दौरान पूरा परिसर ‘गंगा माता की जय’ के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। अभियान के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के लिए महिलाओं द्वारा एक कलश यात्रा भी निकाली गई। अभियान’ के शुभारंभ पर ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने खुद आगे बढ़कर स्वच्छता की कमान संभाली।

उन्होंने सांगोद के पीपली घाट पर आमजन और अधिकारियों के साथ मिलकर भारी मात्रा में श्रमदान किया। मंत्री नागर ने नदी किनारे फैले प्लास्टिक, अनुपयोगी अपशिष्ट और गंदगी को अपने हाथों से बटोरकर साफ किया।

उन्हें इस तरह जमीन पर उतरकर सफाई करते देख वहां मौजूद नागरिकों और युवाओं में भारी उत्साह भर गया और सभी इस सफाई यज्ञ में जुट गए।आमजन को संबोधित करते हुए मंत्री नागर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में देश और प्रदेश बदल रहा है। आज ग्रामीण क्षेत्रों में लोग जागरूक हो चुके हैं और हर घर में शौचालय बनने से खुले में शौच से मुक्ति मिली है।

उन्होंने घोषणा की कि अभियान के तहत सभी सरकारी विभागों के भवनों और कार्यालयों की सफाई व रंग-रोगन (पुताई) का कार्य भी किया जाएगा। उन्होंने संदेश दिया कि जल स्रोतों को स्वच्छ रखना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है।

मंत्री नागर ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि यह विशेष अभियान 25 मई से शुरू होकर 5 जून (विश्व पर्यावरण दिवस) तक निरंतर चलेगा। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पानी की बर्बादी को रोकना, जलाशयों की सफाई करना, जल स्रोतों का पुनर्भरण (रीचार्ज) करना और गांवों से कचरा हटाकर उन्हें पूर्णतः स्वच्छ बनाना है। उन्होंने आमजन से इस महाअभियान में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।

नदी में कचरा फेंकने पर युवक को टोका
कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता दिखाते हुए मंत्री हीरालाल नागर ने नदी में कचरा फेंक रहे एक युवक को मौके पर ही टोका। उन्होंने युवक को समझाइश करते हुए कहा कि नदी-नालों में किसी भी प्रकार का प्लास्टिक, घरेलू अपशिष्ट या पूजन सामग्री न डालें। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत निर्देश दिए कि नदी किनारे चेतावनी बोर्ड लगाए जाएं और नदी को दूषित करने वालों व अवैध रूप से मछली पकड़ने वालों पर सख्त रोक लगाई जाए।

गणेश कुंज का होगा सौंदर्यीकरण
मंत्री नागर ने नदी किनारे स्थित सरकारी स्कूल के पीछे गणेश कुंज पर नीम और पीपल के पौधों का रोपण किया। उन्होंने नगर पालिका अधिशासी अधिकारी मनोज मालव को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि लगाए गए पौधों की सुरक्षा के लिए ड्रिप सिंचाई पद्धति से पानी की व्यवस्था की जाए।
परिसर से अनुपयोगी बबूल के पेड़ों को तुरंत हटाया जाए। मिट्टी का लैंडस्केपिंग कार्य कर इस पूरे क्षेत्र को एक सुंदर पार्क के रूप में विकसित किया जाए।
पार्क के सौंदर्यीकरण के लिए पॉम खजूर जैसे आकर्षक पौधे लगाए जाएं।

विधायक कोष से बड़ी सौगात
स्वच्छता को बढ़ावा देने के लिए सांगोद विधानसभा के लगभग 50 हजार परिवारों को विधायक कोष से दो-दो डस्टबिन (कुल 1 लाख डस्टबिन) मुफ्त दिए जाएंगे, ताकि लोग घर पर ही सूखे और गीले कचरे का अलग-अलग निस्तारण कर सकें।

पेट्रोल-डीजल और गैस के बाद अब दालें भी हुईं महंगी, बिगड़ रहा घर का बजट

नई दिल्ली। एक महीने में अरहर दाल की कीमतों में सबसे ज्यादा तेजी आई है। थोक बाजार में अरहर करीब 12 फीसदी महंगी होकर नौ हजार से 11,800 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास पहुंच गई है। उड़द दाल के दाम भी 500 से 800 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ गए हैं।

पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर पेट्रोल-डीजल और गैस के बाद अब भारत की रसोई पर भी दिखने लगा है। समुद्री मालभाड़ा और कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने से दालों का आयात महंगा हो गया है।

इसका असर घरेलू बाजार में अरहर, उड़द और मसूर जैसी दालों की थोक कीमतों पर पड़ रहा है। दूसरी तरफ चावल के निर्यात पर दबाव बढ़ने से उसकी कीमतों में गिरावट दर्ज की गई है।

व्यापारियों के मुताबिक पिछले एक महीने में अरहर दाल की कीमतों में सबसे ज्यादा तेजी आई है। थोक बाजार में अरहर करीब 12 फीसदी महंगी होकर नौ हजार से 11,800 रुपये प्रति क्विंटल के आसपास पहुंच गई है। उड़द दाल के दाम भी 500 से 800 रुपये प्रति क्विंटल तक बढ़ गए हैं। वहीं, मार्च के बाद से मसूर दाल की कीमतों में करीब 10 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

विशेषज्ञों का कहना है कि इस तेजी के पीछे सबसे अहम वजह अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध के चलते होर्मुज जलमार्ग के बंद होने से कच्चे तेल की कीमतों में आया उछाल है, जिससे माल ढुलाई से लेकर बीमा कवर की लागत बढ़ गई है, जिसका असर अन्य मार्गों से होने वाले आयात-निर्यात पर भी पड़ा है।

भारत अपनी जरूरत की दालों का बड़ा हिस्सा म्यांमार, कनाडा, ऑस्ट्रेलिया और अफ्रीकी देशों से आयात करता है। दालों का ज्यादातर आयात सीधे होर्मुज मार्ग से नहीं होता, लेकिन इस क्षेत्र में तनाव बढ़ने से वैश्विक शिपिंग और कंटेनर नेटवर्क प्रभावित हुआ है।

तेल की कीमतों में उछाल आने से समुद्री मालभाड़ा और बीमा खर्च भी बढ़ गया है। कई शिपिंग कंपनियों ने पश्चिम एशिया मार्ग पर अतिरिक्त जोखिम शुल्क लगा रही हैं। इससे दाल आयात की लागत बढ़ गई है और इसका असर घरेलू बाजार में कीमतों पर पड़ रहा है।

चावल सस्ता हुआ
उधर, चावल के निर्यात पर दबाव बढ़ने से उसकी कीमतों में गिरावट आई है। भारत दुनिया का सबसे बड़ा चावल निर्यातक देश है और पश्चिम एशिया के देशों को बड़ी मात्रा में बासमती और गैर-बासमती चावल भेजता है।

निर्यातकों के अनुसार पश्चिम एशिया जाने वाले जहाजों का बीमा और मालभाड़ा खर्च 15 से 25 फीसदी तक बढ़ गया है। इससे कई निर्यात सौदे महंगे हो गए हैं और नए ऑर्डर धीमे पड़े हैं। खासकर ईरान, इराक, यूएई और सऊदी अरब को होने वाले चावल निर्यात पर असर पड़ा है। इसी वजह से घरेलू बाजार में चावल की कीमतों में करीब 10 फीसदी तक गिरावट दर्ज की गई है।

हालांकि, दूसरी तस्वीर यह भी है कि कुछ निर्यातक अब महंगी दरों पर निर्यात करने को तैयार हुए है, जिसके चलते कुछ मंडियों से चावल की खरीद प्रक्रिया तेज हुई है, जिसका असर कीमतों में तेजी के रूप में भी देखने को मिला है लेकिन यह तेजी कुछ मंडियों व कुछ बाजारों तक सीमित है।

दिल्ली में कितने चढ़े दाम

दाल थोक दाम (प्रति क्विंटल) वृद्धि खुदरा कीमत (प्रति किलोग्राम)
अरहर9,000-11,800 12% 155 से 190
उड़द साबूत 7,500-9,000 10%105 से 150
मसूर 56,00 से 7,50010% 85 से 120

10 दिन में चौथी बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, जानिए क्या भाव हो गया

नई दिल्ली/ कोटा। Petrol Price Today: भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में सोमवार को एक बार फिर बढ़ोतरी हुई है। सरकारी तेल कंपनियों ने पेट्रोल के दाम 2.61 रुपये प्रति लीटर और डीजल के दाम 2.71 रुपये प्रति लीटर बढ़ा दिए।

इसके बाद दिल्ली में पेट्रोल 102.12 रुपये प्रति लीटर और डीजल 95.20 रुपये प्रति लीटर हो गया है। 10दिन में चौथी बार इजाफा किया गया। कोटा में पेट्रोल 2.82 रुपये बढ़कर 112.21 रुपये और डीजल 2.73 रुपये तेज होकर 97.36 रुपये प्रति लीटर हो गया है। इन दोनों वजहों ने बढ़ती अंतरराष्ट्रीय क्रूड लागत के बीच ऑयल पीएसयू को राहत पहुंचाई है।

पिछले दो हफ्तों से भी कम समय में यह चौथी बढ़ोतरी है और 15 मई से अब तक पेट्रोल-डीजल करीब 7.5 रुपये प्रति लीटर महंगे हो चुके हैं। इस बीच कई लोग सोच रहे हैं कि जब भारत में दाम आसमान छू रहे हैं तो क्या ऐसे समय में दुनिया में कोई ऐसे देश भी हैं जहां तेल सबसे सस्ता है।

ब्रेंट क्रूड में गिरावट
अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने की खबरों के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट आई है। ब्रेंट ऑयल फ्यूचर्स 5.51 प्रतिशत गिरकर 94.69 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। इससे पहले अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल आया था। बाजार को डर था कि अगर खाड़ी क्षेत्र में सप्लाई बाधित हुई या होर्मुज जलडमरूमध्य पर असर पड़ा, तो दुनिया में तेल की कमी हो सकती है। लेकिन अब तनाव घटने की उम्मीद से कच्चे तेल पर दबाव कम हुआ है।

Stock Market: सेंसेक्स 76000 के पार, निवेशकों को 5 लाख करोड़ का फायदा

नई दिल्ली। Stock Market 25 May 2026 : शेयर मार्केट सोमवार को तेजी के साथ खुला। सेंसेक्स 720 अंकों की बंपर उछाल के साथ 76135 पर खुला। जबकि, निफ्टी 220 अंकों की छलांग के साथ 23940 के लेवल पर खुला। बीएसई का 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स आज 76000 के पार खुला। एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी ने भी आज उड़ान भरी है।

सुबह 9:20 बजे तक ब्रेंट क्रूड और डब्ल्यूटीआई क्रूड करीब 6 फीसदी तक फिसल गए। इस गिरावट का असर शेयर बाजार में तेजी के रूप में देखने को मिला। बाजार खुलने के तुरंत बाद सेंसेक्स में 800 अंक से ज्यादा और निफ्टी 50 में 250 अंक से ज्यादा की तेजी आई। इससे सुबह-सुबह ही निवेशकों को जबरदस्त फायदा हुआ।

सुबह 9:30 बजे सेंसेक्स करीब 832 अंकों की तेजी के साथ 76,247 अंक पर कारोबार कर रहा था। वहीं निफ्टी 50 भी 226 अंकों के उछाल के साथ 23,945.60 पर था। इस तेज उछाल से महज कुछ ही मिनटों में निवेशकों की संपत्ति में करीब 5 लाख करोड़ रुपये का इजाफा हुआ, जिससे बीएसई (BSE) पर लिस्टेड सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैप बढ़कर 468 लाख करोड़ रुपये हो गया।

आज लगभग 160 कंपनियाँ अपने मार्च तिमाही के नतीजे घोषित करने वाली हैं। जिन प्रमुख कंपनियों की चौथी के नतीजे आने वाले हैं, उनमें आदित्य बिड़ला फैशन एंड रिटेल, अमारा राजा एनर्जी एंड मोबिलिटी, Awfis Space Solutions, कंटेनर कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया, इटर्नो हेल्थकेयर सॉल्यूशन,, Krsnaa Diagnostics, NBCC , पेस डिजिटेक, पाइन लैब्स, हिताजी एनर्जी, रेल विकास निगम (RVNL), सुजलॉन एनर्जी, Tracxn Technologies, टीवीएस और यथार्थ हॉस्पिटल शामिल हैं।

ग्लोबल मार्केट के संकेत

  • एशियाई बाजार
    होर्मुज स्ट्रेट के जल्द ही फिर से खुलने की खबरों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट के कारण एशियाई बाजारों में गिरावट के साथ ही गिरावट दर्ज की गई। जापान का निक्केई 225 2.75 प्रतिशत उछलकर 65,081.96 के रिकॉर्ड पर पहुंच गया, जबकि टॉपिक्स 0.65 प्रतिशत बढ़ गया। दक्षिण कोरिया और हांगकांग के बाजार सार्वजनिक छुट्टियों के लिए बंद हैं।
  • गिफ्ट निफ्टी टुडे
    गिफ्ट निफ्टी 23,995 लेवल के आसपास कारोबार कर रहा था, जो निफ्टी फ्यूचर्स के पिछले बंद होने से लगभग 251 पॉइंट का प्रीमियम था। यह भारतीय शेयर मार्केट के बेंचमार्क इंडक्स सेंसेक्स-निफ्टी के लिए अच्छी शुरुआत का संकेत देता है।
  • वॉल स्ट्रीट का हाल
    अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को उच्च स्तर पर बंद हुआ। डॉऊ जोन्स इंडस्ट्रियल एवरेज 294.04 अंक या 0.58 प्रतिशत बढ़कर 50,579.70 पर पहुंच गया, जबकि एसएंडपी 500 27.75 अंक या 0.37 प्रतिशत बढ़कर 7,473.47 पर पहुंच गया। नैस्डैक कंपोजिट 50.87 अंक या 0.19 प्रतिशत बढ़कर 26,343.97 पर बंद हुआ।