कोटा में होगा अनंत ऊर्जा सोलर एंड EV एक्सपो 2026 का भव्य आयोजन

0
13

दशहरा मैदान में जुटेंगे देशभर के सोलर एवं EV उद्योग से जुड़े विशेषज्ञ और निवेशक

कोटा। ऊर्जा और परिवहन के क्षेत्र में तेजी से हो रहे बदलावों के बीच कोटा शहर जल्द ही सोलर एवं इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) सेक्टर के एक बड़े आयोजन का साक्षी बनने जा रहा है।

TPN Solution द्वारा हाड़ौती सोलर एंड पावर सोसायटी के साथ संयुक्त रूप से अनंत ऊर्जा सोलर एंड EV एक्सपो 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह तीन दिवसीय एक्सपो 6 सितंबर से 8 सितंबर तक दशहरा मैदान, कोटा में आयोजित होगा।

इस आयोजन कोटा व्यापार महासंघ का पूर्ण समर्थन प्राप्त है। एक्सपो की सॉफ्ट लॉन्चिंग कोटा में आयोजित की गई, जिसमें कोटा व्यापार महासंघ के महामंत्री अशोक माहेश्वरी, हाड़ौती सोलर एंड पावर सोसायटी के अध्यक्ष धीरज गुप्ता, उपाध्यक्ष रजनीश सिंह राणा, TPN Solution के डायरेक्टर जितेंद्र गोयल, CEO तनुज कुमार एवं ऑपरेशन हेड नरेंद्र सैनी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ के महामंत्री अशोक माहेश्वरी ने कहा कि आने वाला समय सोलर ऊर्जा और इलेक्ट्रिक व्हीकल्स का है। आज जब कोटा शिक्षा और पर्यटन के क्षेत्र में अपनी नई पहचान बना रहा है, ऐसे समय में सोलर एवं EV एक्सपो का आयोजन शहर की अर्थव्यवस्था और पर्यावरण संरक्षण दोनों के लिए मील का पत्थर साबित होगा।

उन्होंने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ का इस एक्सपो को पूर्ण समर्थन है। हम पूरे हाड़ौती क्षेत्र से व्यापारियों, उद्योगपतियों, एग्जीबिटर्स और विजिटर्स को इस आयोजन से जोड़ने का प्रयास करेंगे।”

हाड़ौती सोलर एंड पावर सोसायटी के अध्यक्ष धीरज गुप्ता ने कहा कि यह एक्सपो पूरे हाड़ौती क्षेत्र के सोलर व्यापार के लिए क्रांतिकारी कदम साबित होगा। इस बार पिछले आयोजन की तुलना में अधिक स्टॉल्स लगाए जाएंगे और लगभग 20,000 विजिटर्स के आने का अनुमान है।

हाड़ौती सोलर एंड पावर सोसायटी के उपाध्यक्ष रजनीश सिंह राणा ने कहा अनंत ऊर्जा सोलर एंड EV एक्सपो हाड़ौती क्षेत्र में ग्रीन एनर्जी को नई दिशा देने वाला आयोजन साबित होगा।

यह मंच सोलर और EV सेक्टर से जुड़े व्यापारियों, निवेशकों और उपभोक्ताओं को एक साथ लाने का कार्य करेगा। हमें विश्वास है कि यह एक्सपो क्षेत्र में नए व्यापारिक अवसरों का सृजन करेगा और स्वच्छ ऊर्जा के प्रति जागरूकता बढ़ाएगा।”

TPN Solution के डायरेक्टर जितेंद्र गोयल ने बताया कि इस एक्सपो में पूरे भारत से 100 से अधिक सोलर, EV एवं संबंधित कंपोनेंट्स की मैन्युफैक्चरिंग कंपनियां, सर्विस इंडस्ट्री और ब्रांड्स भाग लेंगे।

उन्होंने कहा कि अनंत ऊर्जा सोलर एंड EV एक्सपो केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि उद्योग जगत को जोड़ने वाला एक बड़ा बिजनेस प्लेटफॉर्म होगा। तीन दिवसीय आयोजन में प्रदर्शनी के साथ-साथ सोलर और EV सेक्टर से जुड़े विशेष सेशंस, बिजनेस नेटवर्किंग मीट्स और इंडस्ट्री इंटरैक्शन कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।”

आयोजकों के अनुसार यह एक्सपो हाड़ौती क्षेत्र में ग्रीन एनर्जी और सस्टेनेबल मोबिलिटी को नई दिशा देने का कार्य करेगा।