राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा के लिए 14 जून से शुरू होंगे ऑनलाइन आवेदन
कोटा। राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) के आयोजन की जिम्मेदारी इस वर्ष कोटा विश्वविद्यालय को सौंपी गई है। वर्ष 2023 के बाद तीन वर्ष के अंतराल पर आयोजित होने जा रही यह परीक्षा राज्य के राजकीय एवं निजी महाविद्यालयों में सहायक प्रोफेसर पद के लिए पात्रता निर्धारण का आधार बनेगी। इसकी अधिसूचना आज जारी कर दी गई है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बी.पी. सारस्वत की अध्यक्षता में आयोजित केंद्रीय समिति की बैठक में परीक्षा के सफल संचालन, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा परीक्षा प्रणाली की विस्तृत रूपरेखा को अंतिम रूप दिया गया।
ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 जून से प्रारंभ होकर 15 जुलाई 2026 तक चलेगी। परीक्षा का संभावित आयोजन 6 सितम्बर 2026 को प्रस्तावित है। इस अवसर रजिस्ट्रार राजपाल सिंह, प्रो.एन एल हेडा,प्रो.ओ पी ऋषि,प्रो.भवानी सिंह,नोडल अधिकारी एचएस शक्तावत,भगवान कर्मचांदी मौजूद रहे।
कुलपति प्रो. बी.पी. सारस्वत ने शुक्रवार को पत्रकारों को बताया कि राजस्थान राज्य पात्रता परीक्षा (SET-2026) के सफल संचालन हेतु सभी आवश्यक प्रशासनिक, तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियां की जा रही हैं, ताकि अभ्यर्थियों को एक विश्वसनीय एवं सुगम परीक्षा वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
पात्रता: उन्होंने बताया कि परीक्षा के लिए अभ्यर्थी के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से संबंधित विषय में स्नातकोत्तर उपाधि होना आवश्यक है। सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 55 प्रतिशत तथा ओबीसी (नॉन क्रीमीलेयर), अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, दिव्यांग एवं थर्ड जेंडर वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए 50 प्रतिशत अंक निर्धारित किए गए हैं।
स्नातकोत्तर अंतिम वर्ष के विद्यार्थी एवं परिणाम की प्रतीक्षा कर रहे अभ्यर्थी भी प्रोविजनल आधार पर आवेदन कर सकेंगे। परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए कोई ऊपरी आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है।
आवेदन प्रक्रिया: परीक्षा के लिए आवेदन पूरी तरह ऑनलाइन माध्यम से किए जाएंगे। अभ्यर्थी कोटा विश्वविद्यालय की वेबसाइट एवं एसएसओ पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे।
आवेदन शुल्क: सामान्य एवं ओबीसी क्रीमीलेयर वर्ग के लिए 1500 रुपये, ओबीसी नॉन क्रीमीलेयर एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के लिए 1200 रुपये तथा अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति एवं दिव्यांग वर्ग के लिए 750 रुपये निर्धारित किया गया है।
प्रश्न पत्र: सेट-2026 का आयोजन यूजीसी-नेट के नवीनतम मानकों के अनुरूप ऑफलाइन (ओएमआर आधारित) पद्धति से किया जाएगा। परीक्षा में दो प्रश्नपत्र होंगे, जिनमें कुल 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रथम प्रश्नपत्र में शिक्षण एवं शोध अभिक्षमता, तार्किक क्षमता तथा सामान्य बौद्धिक दक्षता से संबंधित 50 प्रश्न होंगे, जबकि द्वितीय प्रश्नपत्र में अभ्यर्थी द्वारा चयनित विषय से संबंधित 100 प्रश्न शामिल होंगे।
अंक निर्धारण: दोनों प्रश्नपत्रों के लिए कुल 300 अंक निर्धारित किए गए हैं तथा परीक्षा अवधि तीन घंटे होगी। परीक्षा में किसी प्रकार का नकारात्मक अंकन नहीं किया जाएगा और प्रत्येक सही उत्तर के लिए दो अंक प्रदान किए जाएंगे।
परीक्षा 35 विषयों में: विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इस बार परीक्षा 35 विषयों में आयोजित की जाएगी।
संभागीय मुख्यालयों पर परीक्षा केंद्र: परीक्षा केंद्र राजस्थान के विभिन्न संभागीय मुख्यालयों पर स्थापित किए जाएंगे। परीक्षा की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी, जैमर, उड़नदस्तों की तैनाती तथा ओएमआर शीट की त्रि-स्तरीय सुरक्षा कोडिंग व्यवस्था लागू की जाएगी।
चयन प्रक्रिया : यूजीसी के निर्धारित मानकों के चयन प्रक्रिया अनुसार होगी, जिसके तहत परीक्षा में सम्मिलित होने वाले अभ्यर्थियों में से श्रेणीवार शीर्ष छह प्रतिशत अभ्यर्थियों को सहायक प्रोफेसर पात्रता प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा।
विश्वविद्यालय प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे परीक्षा से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल विश्वविद्यालय की आधिकारिक वेबसाइट का ही अवलोकन करें तथा किसी भी भ्रामक सूचना पर विश्वास न करें।
राज्य पात्रता परीक्षा (SET) 2026 की तैयारियों के मध्य नजर ऑनलाइन आवेदन (Form Filling) फॉर्म भरवाने और डेटा मैनेजमेंट का पूरा काम सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग (DOIT&C)/राजकंप इंफो सर्विसेज लिमिटेड (RISL) द्वारा संभाला जा रहा है।
उम्मीदवारों की सहूलियत और तकनीकी गड़बड़ियों से बचने के लिए राजस्थान सरकार के आधिकारिक ‘रिक्रूटमेंट पोर्टल’ (Recruitment Portal) का उपयोग किया जाएगा। अभ्यर्थी अपनी SSO ID के माध्यम से सीधे इस पोर्टल पर जाकर आवेदन कर सकेंगे।
अभ्यर्थियों को अलग से किसी अन्य निजी वेबसाइट पर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। सिंगल साइन-ऑन (SSO) के माध्यम से ‘रिक्रूटमेंट पोर्टल’ पर फॉर्म लाइव किए जाएंगे। अभ्यर्थियों को सलाह दी जाती है कि वे अपने OTR (One Time Registration) को पहले से ही अपडेट रखें ताकि फॉर्म भरते समय कोई परेशानी न हो।

