नई दिल्ली। Stock Market Closed: सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन भारतीय शेयर बाजार दबाव में बंद हुआ। घरेलू शेयर बाजार में पिछले पांच सत्र से चली आ रही तेजी आखिरकार आज थम गई।
निफ्टी 50 में 155 अंकों यानी 0.64 प्रतिशत की गिरावट आई और यह 24,013.10 पर बंद हुआ। वहीं, सेंसेक्स 608 अंक यानी 0.78 प्रतिशत टूटकर 76,802.90 के स्तर पर बंद हुआ।
आईटी शेयरों में भारी गिरावट के कारण बाजार में गिरावट आई। कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स में 900 अंक से अधिक गिरावट आई जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 इंडेक्स 23,9500 अंक से नीचे चला गया था।
आखिरकार सेंसेक्स 608 अंक यानी 0.78% गिरावट के साथ 76,802.90 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी भी 154.90 अंक यानी 0.64% गिरावट के साथ 24,013.10 अंक पर आ गया।
पिछले पांच सत्र में दोनों बेंचमार्क इंडेक्स 5 फीसदी से ज्यादा चढ़े थे। रुपया मामूली बदलाव के साथ डॉलर के मुकाबले 94.32 पर बंद हुआ। पिछले सत्र में यह 94.3325 पर बंद हुआ था।
सेंसेक्स के 30 में से 17 शेयर गिरावट के साथ बंद हुए। इन्फोसिस में सबसे ज्यादा 6.41 फीसदी गिरावट आई। इसके अलावा टीसीएस, एचसीएल टेक, एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस, कोटक बैंक, एसबीआई, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टाटा स्टील में भी उल्लेखनीय गिरावट रही। दूसरी ओर, इटरनल, भारती एयरटेल, पावरग्रिड, ट्रेंट, एनटीपीसी और आईटीसी में तेजी रही।
रिलायंस का शेयर 1.5 फीसदी तक गिरा
इस बीच रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर कारोबार के दौरान करीब 1.5 फीसदी तक गिरा। कंपनी का शेयर बीएसई पर पिछले सत्र में 1,327.75 रुपये पर बंद हुआ था और आज यह 1,331 रुपये पर खुला और कारोबार के दौरान 1,305.50 रुपये तक गिरा। जियो प्लेटफॉर्म्स के आईपीओ की औपचारिक प्रक्रिया शुरू हो गई है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने स्टॉक एक्सचेंजों को दी जानकारी में बताया कि जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के बोर्ड ने 27 करोड़ इक्विटी शेयरों तक के फ्रेश इश्यू को मंजूरी दी है। इन शेयरों की फेस वैल्यू 10 रुपये प्रति शेयर होगी। इश्यू प्राइस बुक बिल्डिंग प्रक्रिया के जरिए तय किया जाएगा।
ब्रॉडर बाजार का हाल
निफ्टी पर इन्फोसिस, टीसीएस और टेक महिंद्रा में सबसे ज्यादा गिरावट रही। ब्रॉडर मार्केट्स में निफ्टी मिडकैप में 0.22 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप में 0.42 फीसदी गिरावट रही। सेक्टरवाइज देखें, तो निफ्टी50 आईटी में सबसे ज्यादा गिरावट रही। निफ्टी रियल्टी, निफ्टी ऑटो और निफ्टी ऑयल एंड गैस में भी गिरावट आई। निफ्टी फार्मा में सबसे ज्यादा तेजी देखने को मिली।

