नई दिल्ली। Stock Market Closed: सप्ताह के पहले कारोबारी दिन को सेंसेक्स और निफ्टी में उछाल देखने को मिली है। शेयर बाजार आज बढ़त के साथ बंद हुए हैं।
30 संवेदी सूचकांक वाला सेंसेक्स आज सोमवार को 0.38 प्रतिशत या फिर 291.17 अंक की तेजी के साथ 77094.07 पर बंद हुआ है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 0.37 प्रतिशत या फिर 89.80 अंक की उछाल के साथ 24102.90 अंक पर बंद हुआ है।
सेंसेक्स की 30 में से 17 कंपनियों के शेयरों में आज सोमवार को तेजी देखने को मिली है। वहीं, 13 कंपनियों के शेयर लाल निशान पर बंद हुए हैं। सेंसेक्स में टेक महिंद्रा, सनफार्मा, रिलायंस, इंफोसिस, बीईएल, एचडीएफसी बैंक, कोटक बैंक के शेयरों में तेजी देखने को मिली है। एशियन पेंट्स, टायटन, पावरग्रिड के शेयरों का दाम लुढ़क गया।
सुबह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स रिलायंस इंडस्ट्रीज की अगुआई में 357 अंकों की बढ़त के साथ 77160 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 शेयरों वाला इंडेक्स निफ्टी 93 अंक ऊपर 24,106 के लेवल पर खुलने में कामयाब रहा।
एनरिच मनी के सीईओ Ponmudi R के अनुसार, कारोबार के आखिरी घंटे में मुनाफावसूली देखने को मिली, लेकिन इसके बावजूद निफ्टी 50 बढ़त के साथ बंद होने में सफल रहा। पूरे सत्र के दौरान इंडेक्स 24,100 से 24,170 के दायरे में कारोबार करता रहा, जो हालिया रिकवरी के बाद बाजार में स्वस्थ कंसोलिडेशन का संकेत देता है।
तकनीकी रूप से 24,200 का स्तर फिलहाल निफ्टी के लिए अहम रेजिस्टेंस बना हुआ है। यदि इंडेक्स इस स्तर के ऊपर मजबूती से निकलता है, तो तेजी को और बल मिल सकता है और निफ्टी 24,400 के अगले लक्ष्य की ओर बढ़ सकता है।
वहीं, नीचे की ओर 24,000 से 23,900 का दायरा महत्वपूर्ण सपोर्ट जोन बना हुआ है। जब तक निफ्टी इस स्तर के ऊपर बना रहता है, तब तक बाजार में रिकवरी का रुझान कायम रहने की उम्मीद है। हालांकि, 23,900 के नीचे फिसलने पर मुनाफावसूली बढ़ सकती है और इंडेक्स 23,800 तक गिर सकता है।

