नई दिल्ली। Stock Market Update: देश की सबसे वैल्यूबल कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज की आज एजीएम हो रही है। उससे पहले शेयर बाजार में शुरुआती कारोबार में भारी गिरावट आई है। बीएसई सेंसेक्स में 800 अंक से अधिक गिरावट आई है जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी इंडेक्स 200 से अधिक फिसल गया। आईटी शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट आई है।
सुबह 9.30 बजे सेंसेक्स 820.75 अंक यानी 1.06% गिरावट के साथ 76,589.23 अंक पर आ गया। निफ्टी भी 220.60 अंक यानी 0.91% टूटकर 23,947.40 अंक पर था। इससे पहले लगातार पांच दिन शेयर बाजार तेजी के साथ बंद हुआ था। इस बीच रुपया डॉलर के मुकाबले 94.35 पर खुला।
सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयर गिरावट के साथ खुले। इन्फोसिस में सबसे ज्यादा 7.39 फीसदी गिरावट आई। इसके अलावा टेक महिंद्रा, टीसीएस, एचसीएल टेक, एचडीएफसी बैंक, टाटा स्टील, इटरनल में भी उल्लेखनीय गिरावट रही। दूसरी ओर एनटीपीसी, पावरग्रिड, सन फार्मा और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर गिरावट के साथ खुले। एजीएम से पहले रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर फ्लैट खुला।
ब्रॉडर बाजार का हाल
निफ्टी पर इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और टीसीएस के शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट रही। ब्रॉडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप में 0.55 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप में 0.19 फीसदी गिरावट आई है। सेक्टरवाइज देखें तो निफ्टी आईटी में सबसे ज्यादा करीब 6 फीसदी गिरावट आई। निफ्टी रियल्टी और निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स में भी गिरावट रही। निफ्टी फार्मा और निफ्टी हेल्थकेयर में तेजी रही।
ग्लोबल मार्केट के संकेत
- गिफ्ट निफ्टी ने बढ़ाई चिंता
सुबह गिफ्ट निफ्टी 24,001 के आसपास कारोबार करता दिखा, जबकि निफ्टी फ्यूचर्स का पिछला बंद 24,192 के आसपास था। इससे संकेत मिल रहे हैं कि भारतीय बाजार की शुरुआत दबाव में हो सकती है। - अमेरिका में टेक शेयरों की जोरदार रैली
वॉल स्ट्रीट में गुरुवार को टेक्नोलॉजी शेयरों ने बाजार को नई ऊंचाई पर पहुंचाया। नैस्डैक 1.91% उछला और एसएंडपी 500 में 1.08% की तेजी दर्ज की गई। डॉऊ जोन्स 0.14% चढ़ गया। एनवीडिया 2.95%, AMD 4.86%, इंटेल 10.64% और माइक्रोन 8.70% की तेजी के साथ बंद हुए। हालांकि स्पेसएक्स के शेयर 3.56% टूट गए। - अमेरिका-ईरान शांति समझौते से राहत
अमेरिका द्वारा ईरान पर लगे प्रतिबंध हटाने और होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही सामान्य होने से वैश्विक ऊर्जा बाजार को राहत मिली है। इससे तेल की कीमतों पर दबाव बना हुआ है।

