कैप्टन अमरिंदर भाजपा में शामिल, पंजाब लोक कांग्रेस का भी विलय

0
168

चंडीगढ़। Capt Amarinder in BJP: पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। उनकी पार्टी पंजाब लोक कांग्रेस का भी भाजपा में विलय हो गया। इससे पहले उन्होंने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात की थी। अमरिंदर सिंह के पार्टी में शामिल होने पर कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि कैप्टन के पार्टी में आने के मायन हैं। वह शांति और सुरक्षा के पक्षधर हैं। कैप्टन के लिए देश सर्वोपरि है।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि हमारा मानना है कि देश के सही सोच वाले लोगों को एक होना चाहिए। पंजाब जैसे संवेदनशील राज्य को सावधानी से संभाला जाना चाहिए। सीएम के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान कैप्टन ने कभी भी राष्ट्रीय सुरक्षा से पहले राजनीति नहीं रखी। कैप्टन अमरिंदर सिंह ने भी भाजपा में शामिल होने पर पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा का आभार जताया। इस दौरान भाजपा नेता सुनील जाखड़ और भाजपा पंजाब के अध्यक्ष अश्विनी शर्मा मौजूद रहे।

कांग्रेस से अलग होकर बनाई थी पार्टी: पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कांग्रेस से अलग होकर नई सियासी दल बनाया था। कैप्टन की पत्नी परनीत कौर इस समय पटियाला से कांग्रेस सांसद हैं। वह अभी कांग्रेस में ही रहेंगी।

बीते विधानसभा चुनाव में कैप्टन ने कांग्रेस से किनारा कर पंजाब लोक कांग्रेस का गठन कर पंजाब में भाजपा के साथ गठबंधन किया था। उस समय उनके बेटे रणइंद्र सिंह ने ही भाजपा के साथ तालमेल कर टिकटों की बंटवारे में अहम भूमिका अदा की थी लेकिन पंजाब में आप की आंधी के सामने कैप्टन की पार्टी उड़ गई और भाजपा भी हाशिये पर चली गई। पंजाब में भाजपा जगह बनाने के लिए प्रयास कर रही है।