सेंसेक्स 314 अंक गिरकर 60,008 पर बंद, निफ्टी 17,900 के नीचे फिसला

0
181

मुंबई। बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का सेंसेक्स हफ्ते के तीसरे दिन बुधवार को 314 अंक (0.52%) टूट कर 60,008 पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 100 अंक (0.56%) गिरकर 17,898 पर सेटल हुआ। रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड का शेयर दो दिनों में 5% से ज्यादा टूटा है। यह आज 2,462 रुपए पर बंद हुआ है।

इससे पहले आज BSE का सेंसेक्स 143 पॉइंट्स नीचे 60,179 पर खुला था। दिन में इसने 60,426 का उच्चतम स्तर बनाया जबकि एक बार यह 60 हजार के नीचे भी चला गया। इसने दिन में 59,944 का निचला स्तर बनाया। सेंसेक्स के 30 शेयर्स में से 10 शेयर्स बढ़त में रहे। इसमें सबसे ज्यादा बढ़ने वाला शेयर मारुति, एशियन पेंट्स और पावर ग्रिड रहे। यह सभी शेयर 2-2% बढ़त के साथ बंद हुए। मारुति का शेयर कल 7% ऊपर बंद हुआ। पिछले 19 महीने में पहली बार किसी एक दिन में इसका शेयर इतना बढ़ा था।

रिलायंस और एक्सिस बैंक ज्यादा गिरे
सेंसेक्स के गिरावट वाले शेयर्स की बात करें तो रिलायंस इंडस्ट्रीज, एक्सिस बैंक, टाइटन, कोटक महिंद्रा बैंक, एयरटेल और एचडीएफसी बैंक रहे। रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर कल 3.24% टूटा था। बाजार का मार्केट कैप 271.07 लाख करोड़ रुपए रहा। उधर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 100 पॉइंट्स की गिरावट के साथ 17,898 पर बंद हुआ। इसके 50 शेयर्स में से 15 बढ़त के साथ और 35 शेयर्स गिरावट के साथ बंद हुए। सबसे ज्यादा बढ़त मारुति, एशियन पेंट्स और एसबीआई लाइफ में रही। जबकि यूपीएल, रिलायंस, सिप्ला और ब्रिटानिया गिरावट में रहे।

नायका और सिगाची का शेयर 5-5% टूटा
नायका का शेयर 5% से ज्यादा टूटा है जबकि लिस्टिंग पर 2.52 गुना का रिटर्न देने वाला सिगाची का शेयर आज 5% लोअर सर्किट के साथ बंद हुआ। हालांकि यह सुबह तेजी के साथ 648 रुपए पर खुला था। पॉलिसी बाजार का शेयर 7% ऊपर 1,435 रुपए पर बंद हुआ है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (निफ्टी) आज 17,939 पर खुला था। इसने 18,022 का हाई बनाया।