नई दिल्ली। Stock Market Update 11:23 AM: शेयर बाजार की रफ्तार भले ही थोड़ी सुस्त हुई हो, लेकिन IT शेयरों की उड़ान जारी है। सेंसेक्स आज के अबतक के डे हाई 74778 से नीचे आ गया है। अभी 315 अंक ऊपर 74630 पर है।
दूसरी ओर सेंसेक्स टॉप गेनर्स की लिस्ट में टेक महिंद्रा (7.04%), इन्फोसिस (3.73%), टीसीएस (3.06%) सबसे ऊपर हैं। इनके बाद एयरटेल, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस हैं। गिरने वाले शेयरों में रिलायंस इंडस्ट्रीज 1.13 प्रतिशत नीचे है। आईटीसी, कोटक बैंक, एशियन पेंट्स भी लाल हैं। निफ्टी भी अब 118 अंक ऊपर 23116 पर है। एक समय 23149 के लेवल को टच किया था।
शेयर मार्केट की ओपनिंग आज शुक्रवार को भी हरे निशान पर हुई, लेकिन जल्द ही यह गिरावट के ट्रैक पर आ गया। सेंसेक्स 186 अंक नीचे 74129 और निफ्टी 35 अंक नीचे 22963 पर आ गया। हालांकि, बीएसई का 30 शेयरों वाला संवेदी सूचकांक सेंसेक्स 25 अंक ऊपर 74341 के लेवल पर खुला। जबकि, एनएसई का 50 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स निफ्टी 67 अंकों की बढ़त के साथ 23065 पर खुला।
सेंसेक्स-निफ्टी के लिए वैश्विक बाजार के संकेत
- गिफ्ट निफ्टी: गिफ्ट निफ्टी करीब 23,106 पर कारोबार कर रहा था, जो पिछले बंद स्तर से लगभग 118 अंक या 0.51 प्रतिशत ऊपर था। यह भारतीय बाजार में सकारात्मक शुरुआत का संकेत देता है। HST वेल्थ के संस्थापक और CEO हरिसेल्वन राधाकृष्णन के मुताबिक, गिफ्ट निफ्टी के 23,100 के ऊपर कारोबार करने से बाजार की शुरुआत गैप-अप के साथ हो सकती है। अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में गिरावट और वॉल स्ट्रीट के सकारात्मक रुख से भी बाजार को सपोर्ट मिला है। हालांकि, भू-राजनीतिक अनिश्चितता और विदेशी निवेशकों की बिकवाली आगे भी बाजार के लिए जोखिम बने रह सकते हैं।
- अमेरिकी बाजार: गुरुवार को अमेरिकी शेयर बाजारों में निचले स्तरों से रिकवरी देखने को मिली। AI और सेमीकंडक्टर शेयरों में बिकवाली के बाद निवेशकों ने चुनिंदा शेयरों में खरीदारी की। डॉऊ जोंस करीब 550 अंकों की बढ़त के साथ बंद हुआ। एसएंडपी 500 लगभग 0.3 प्रतिशत चढ़ा और शुरुआती गिरावट से उबरकर मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ।
- एशियाई बाजार: शुक्रवार को एशियाई बाजारों में तेजी देखने को मिली। पिछले सत्र की भारी गिरावट के बाद दक्षिण कोरिया के कोस्पी में शुरुआती कारोबार में 2 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त दर्ज की गई। जापान का निक्केई 225 भी मजबूती के साथ खुला, जबकि टॉपिक्स में 1.14 प्रतिशत की तेजी रही। ताइवान का Taiex इंडेक्स भी हरे निशान में कारोबार करता दिखा।

