नई दिल्ली। आखिरकार नितिन गडकरी के प्रयास रंग ला रहे हैं। उनका 100 % एथनॉल से वाहन चलाने का सपना साकार हो रहा है। इसी प्रयास के तहत किआ (Kia) कम्पनी ने भारत में अपनी पहली फ्लेक्स-फ्यूल पैसेंजर कार ‘Syros Flex Fuel Vehicle’ (FFV) के कॉन्सेप्ट मॉडल को शोकेस कर दिया है।
यह कदम भारतीय मार्केट में वैकल्पिक ईंधन की दिशा में बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। किआ की यह नई कार न केवल साधारण पेट्रोल पर चल सकती है, बल्कि इसमें 100 पर्सेंट तक एथेनॉल का इस्तेमाल भी किया जा सकता है।
यानी आप चाहें तो इसमें प्योर पेट्रोल डालें, प्योर एथेनॉल भरवाएं या फिर दोनों का मिश्रण इस्तेमाल करें। यह गाड़ी बिना किसी परेशानी के सड़क पर फर्राटा भरेगी। हालांकि, कंपनी ने अभी इसके लॉन्च डेट को लेकर कोई ऐलान नहीं किया है।
पावरट्रेन में
परफॉर्मेंस की बात करें तो Syros FFV में 1.0-लीटर का तीन-सिलेंडर, डायरेक्ट-इजेक्शन टर्बो-पेट्रोल इंजन दिया गया है। एथेनॉल के अलग-अलग कॉन्संट्रेशन के हिसाब से ढलने के लिए इसके इंजन मैनेजमेंट में बड़े बदलाव किए गए हैं। कंपनी ने इसके इंजन कंट्रोल यूनिट (ECU), ट्रांसमिशन कंट्रोल यूनिट (TCU) और पूरे फ्यूल सिस्टम को अपग्रेड किया है ताकि एथेनॉल की वजह से इंजन को कोई नुकसान न पहुंचे। वहीं, इस फ्लेक्स-फ्यूल मॉडल में 7-स्पीड डुअल-क्लच ऑटोमैटिक गियरबॉक्स की जगह 6-स्पीड टॉर्क-कन्वर्टर ऑटोमैटिक गियरबॉक्स दिया गया है।
डिजाइन
लुक और डिजाइन के मामले में फ्लेक्स-फ्यूल कॉन्सेप्ट काफी हद तक रेगुलर Syros SUV जैसी ही दिखाई देती है। बाहर से देखने पर इसमें कोई बड़ा बदलाव नजर नहीं आता है। कार का वही शानदार बॉक्सी और ऊंचा लुक बरकरार रखा गया है, जो सड़क पर इसे एक अलग पहचान देता है। इसमें मस्कुलर एलईडी लाइटिंग, रूफ रेल्स और स्पॉर्टी लुक वाले 17-इंच के ड्यूल-टोन अलॉय व्हील्स दिए गए हैं। कार के पिछले हिस्से में किया की पहचान बन चुके L-शेप वाले आकर्षक LED टेल-लाइट्स दिए गए हैं।
केबिन
गाड़ी के केबिन की बात करें तो अंदर का माहौल पूरी तरह से स्टैंडर्ड Syros जैसा ही प्रीमियम महसूस होता है। डैशबोर्ड पर किया का सिग्नेचर ट्रिपल-स्क्रीन सेटअप दिया गया है, जो केबिन को बेहद टेक-सैवी और हाई-टेक लुक देता है। इसमें बड़ा टचस्क्रीन इन्फोटेनमेंट सिस्टम, पूरी तरह से डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और क्लाइमेट कंट्रोल के लिए एक अलग डिस्प्ले मिलती है। ड्राइवर की सहूलियत के लिए सेंटर कंसोल पर जरूरी फिजिकल बटन दिए गए हैं, ताकि ड्राइविंग के दौरान उन्हें इस्तेमाल करना आसान रहे।
वैकल्पिक ईंधन
किआ का यह कदम भारत में पर्यावरण-अनुकूल और सस्ते ईंधन विकल्पों को बढ़ावा देने की रणनीति का हिस्सा है। किया भारत में मारुति सुजुकी के बाद फ्लेक्स-फ्यूल कार शोकेस करने वाली दूसरी बड़ी कंपनी बन गई है। भारत सरकार जिस तरह पेट्रोल में एथेनॉल की ब्लेंडिंग बढ़ाने पर जोर दे रही है, उसे देखते हुए यह टेक्नोलॉजी आने वाले समय में बहुत फायदेमंद साबित होगी। फिलहाल कंपनी ने Syros FFV की लॉन्च डेट, माइलेज, वैरिएंट्स या कीमत के बारे में जानकारी नहीं दी है।

