निगम और केडीए की कार्यप्रणाली में नजर आए गुड गवर्नेंस का मॉडल: बिरला

0
15
  • स्पीकर बिरला ने निगम-केडीए सहित अन्य विभागीय कार्यों की समीक्षा की
  • गड्ढामुक्त हो सड़कें, प्रमुख बाजारों और चौराहों पर बेहतर हो प्रकाश व्यवस्था

कोटा। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को केडीए सभागार में कोटा विकास प्राधिकरण (केडीए), नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने शहर के विकास कार्यों, सफाई व्यवस्था और आमजन से जुड़ी सुविधाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध कार्य करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि नगर निगम और केडीए की कार्यप्रणाली में गुड गवर्नेंस का मॉडल नजर आना चाहिए। आमजन को बेहतर सुविधाएं मिलें और उनकी समस्याओं का निर्धारित समय सीमा में समाधान हो, यह अधिकारियों की प्राथमिकता होनी चाहिए।

लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने कहा कि त्योहारों से पहले शहर की सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। प्रमुख बाजारों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था बेहतर हो। बाजारों को व्यवस्थित किया जाए, ताकि विशेष रूप से शाम के समय यातायात जाम की स्थिति नहीं बने। अधिकारी केवल कार्यालयों में बैठकर व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के बजाय स्वयं शहर में भ्रमण करें और मौके पर जाकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करें।

इस दौरान महापौर अनुसुईया गोस्वामी, उपमहापौर विवेक राजवंशी, केडीए आयुक्त बचनेश अग्रवाल, निगम आयुक्त ओपी मेहरा, अतिरिक्त संभागीय आयुक्त ममता तिवारी, केडीए सचिव मुकेश चौधरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

तय समय पर पूरे हों विकास कार्य
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने केडीए-निगम अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। अनावश्यक देरी किसी भी स्तर पर नहीं होनी चाहिए। उन्होंने प्रस्तावित कैंसर यूनिट, क्रिकेट स्टेडियम, स्मार्ट रोड सहित अनेक कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिए। केडीए आयुक्त ने बैठक में बताया कि विकास कार्यों की निगरानी के लिए ऑनलाइन व्यवस्था विकसित की गई है, जिससे कार्यों की प्रगति की नियमित मॉनिटरिंग की जा सकेगी और उन्हें समयबद्ध रूप से पूरा कराने में सहायता मिलेगी।

आमजन को न हो परेशानी
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने महापौर और नगर निगम अधिकारियों से कहा कि किसी भी नागरिक को अपने काम के लिए कार्यालयों में भटकना नहीं पड़े। आमजन से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे हों। सड़क, सफाई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं से संबंधित समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए। उन्होंने निगम आयुक्त को शहर की सफाई व्यवस्था में व्यापक सुधार करने के निर्देश देते हुए कहा कि कोटा को स्वच्छता के क्षेत्र में मॉडल शहर बनाने के लक्ष्य के साथ कार्य किया जाए। इसके लिए नियमित निगरानी, बेहतर संसाधन प्रबंधन और अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

वार्ड में गठित होगी विकास समिति
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने नगर निगम आयुक्त और महापौर को प्रत्येक वार्ड में विकास समिति गठित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन समितियों में क्षेत्र के प्रबुद्ध नागरिकों को भी शामिल किया जाए। समिति के माध्यम से वार्ड की आवश्यकताओं और विकास कार्यों को लेकर सुझाव लिए जाएं। साथ ही चल रहे कार्यों की निगरानी और उनके रखरखाव में भी स्थानीय नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित हो। उन्होंने सेक्टर कार्यालयों की व्यवस्थाएं बेहतर बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि ये कार्यालय आमजन की शिकायतों और सुझावों के प्रमुख केंद्र बनें। जोनल कार्यालयों से संबंधित कार्यों को भी गति दी जाए।

नई कॉलोनियों में शिविर लगाकर सुनें समस्याएं
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने केडीए द्वारा विकसित की जा रही नई आवासीय योजनाओं और कॉलोनियों में विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी इन कॉलोनियों में जाकर लोगों की समस्याएं और सुझाव सुनें तथा उनके समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएं। नई कॉलोनियों में सड़क, सार्वजनिक प्रकाश व्यवस्था और अन्य मूलभूत सुविधाओं का विकास प्राथमिकता से किया जाए, ताकि वहां रहने वाले परिवारों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।