हितकारी शिक्षा समिति की आमसभा में 69 वरिष्ठ सदस्यों का होगा सम्मान

0
23

कोटा। श्री हितकारी विद्यालय सहकारी शिक्षा समिति लिमिटेड, कोटा की वार्षिक आमसभा 18 अक्टूबर को दोपहर 12.15 बजे माहेश्वरी भवन, झालावाड़ रोड, एयरपोर्ट के सामने आयोजित होगी। आमसभा में संस्था के 70 वर्ष से अधिक आयु के 69 वरिष्ठ सदस्यों को शॉल ओढ़ाकर एवं प्रशस्ति पत्र भेंटकर सम्मानित किया जाएगा।

इसके साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए सदस्यों को 9 प्रतिशत लाभांश और 16 प्रतिशत प्रोत्साहन राशि के वितरण के प्रस्ताव पर विचार कर स्वीकृति ली जाएगी। इस प्रकार सदस्यों को कुल 25 प्रतिशत लाभांश एवं प्रोत्साहन राशि का लाभ मिल सकेगा।

संस्था की अध्यक्ष सूरज बिरला ने बताया कि आमसभा के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला होंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कोटा नागरिक सहकारी बैंक के अध्यक्ष राजेश कृष्ण बिरला करेंगे। समारोह में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर, शिक्षा मंत्री मदन दिलावर, विधायक संदीप शर्मा, विधायक कल्पना देवी, उपभोक्ता भण्डार अध्यक्ष हरिकृष्ण बिरला और महापौर अनसूया गोस्वामी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहेंगे।

149 करोड़ की मियादी अमानतें: संस्था के अधिशाषी निदेशक राजेश कृष्ण बिरला ने बताया कि संस्था के प्रति सदस्यों के विश्वास और त्वरित सेवाओं के परिणामस्वरूप वर्तमान में समिति से 8256 सदस्य जुड़े हुए हैं। संस्था में सदस्यों की 149 करोड़ 81 लाख रुपये की मियादी अमानतें जमा हैं, जबकि सदस्यों को 58 करोड़ 74 लाख रुपये का ऋण उपलब्ध कराया गया है। संस्था के विभिन्न कोषों में 9 करोड़ 41 लाख रुपये की राशि जमा है तथा सदस्यों की 3 करोड़ 36 लाख रुपये की अंश पूंजी है।

संस्था अपनी वित्तीय स्थिति को मजबूत बनाए रखने के लिए विभिन्न बैंकों में 140 करोड़ रुपये विनियोजित कर रखे है। संस्था की कार्यशील पूंजी 249 करोड़ रूपये है और 700 करोड़ का टर्नओवर है। संस्था द्वारा संचालित हितकारी सहकारी महिला शिक्षा महाविद्यालय गढ पैलेस से अपने निजी भवन कैथून रोड धाकड़खेडी में चल रहा है महाविद्यालय में वर्तमान में 600 छात्राएं बी.एस.सी. एवं बी.एड. में अध्ययनरत है। 

29 वर्षों से ‘अ’ श्रेणी में संस्था: संस्था की अध्यक्ष सूरज बिरला ने बताया कि समिति ने अपनी कार्यप्रणाली और वित्तीय प्रबंधन के आधार पर लगातार 29 वर्षों से ‘अ’ श्रेणी बरकरार रखी है। संस्था सदस्यों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए ऋण सुविधाओं का विस्तार कर रही है। वर्ष 2026-27 के लिए सदस्यों को उनकी मांग एवं आवश्यकता के अनुरूप 10 करोड़ रुपये का अतिरिक्त ऋण वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। संस्था की ओर से सदस्यों को अधिकतम दो करोड़ रुपये तक ऋण उपलब्ध कराया जा रहा है।

आय-व्यय, बजट पर होगी चर्चा: अध्यक्ष सूरज बिरला ने बताया किआमसभा में गत बैठक की कार्यवाही की पुष्टि, वित्तीय वर्ष 2025-26 के वार्षिक प्रतिवेदन का अनुमोदन, वार्षिक लेखों एवं ऑडिट रिपोर्ट का अवलोकन तथा आय-व्यय के विवरण पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही प्रस्तावित बजट की स्वीकृति, ऑडिट सारांश के आक्षेपों की पूर्ति की पुष्टि और राजस्थान सहकारी सोसायटी अधिनियम के प्रावधानों के तहत अंकेक्षक की नियुक्ति एवं पारिश्रमिक निर्धारण के विषय भी एजेंडे में शामिल हैं। अन्य विषयों पर अध्यक्ष की अनुमति से चर्चा की जाएगी।

सदस्यों से समय पर पहुंचने की अपील: संस्था के मंत्री चन्द्र मोहन शर्मा ने बताया कि आमसभा में भाग लेने वाले सदस्यों को अपनी पासबुक, जिस पर फोटो लगी हो, अथवा परिचय पत्र साथ लाना होगा। फोटोयुक्त पासबुक या परिचय पत्र के बिना उपस्थिति दर्ज नहीं की जाएगी। बैठक में वार्षिक प्रतिवेदन से संबंधित प्रस्ताव एवं सुझाव प्रस्तुत करने के इच्छुक सदस्यों से उन्हें निर्धारित समय से 48 घंटे पूर्व संस्था की दादाबाड़ी शाखा में भेजने का आग्रह किया गया है, ताकि उन पर विचार किया जा सके। कोरम पूरा नहीं होने की स्थिति में स्थगित आमसभा उसी दिन दोपहर एक बजे आयोजित की जाएगी।