दिल्ली मुंबई एक्सप्रेस वे हादसा: पुल से 15 फीट नीचे गिरी मिनी बस, 8 मरे, 15 घायल

0
12

कोटा। शनिवार सुबह दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सीमलिया थाना क्षेत्र में भोपाल से खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी एक टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर नाले के ऊपर बने पुल से टकराई और करीब 15 फीट नीचे जा गिरी।

हादसे में बैतूल के रहने वाले करीब आठ लोगों की मौत की खबर है, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल यात्रियों का आईसीयू में इलाज चल रहा है। यह हादसा शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे आठ लेन वाले दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुआ।

वाहन में 25 से अधिक श्रद्धालु सवार थे। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस और राहत दल ने मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु भोपाल से टेंपो ट्रैवलर में सवार होकर खाटूश्यामजी के दर्शन करने जा रहे थे। कोटा के सीमलिया थाना क्षेत्र में अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया। इसके बाद वह नाले के ऊपर बने पुल से टकराकर करीब 15 फीट नीचे जा गिरा।

हादसे में कई यात्री वाहन के अंदर फंस गए। उन्हें बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद ली गई। नाले में पानी और कीचड़ होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में परेशानी आई। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की गई।

कोटा ग्रामीण के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रामकल्याण मीणा ने हादसे में करीब आठ लोगों की मौत और 15 से अधिक यात्रियों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि बस में सवार यात्री अलग-अलग परिवारों से थे, लेकिन सभी एक-दूसरे को जानते थे। इस यात्रा की योजना बनाने वाला व्यक्ति भी टेंपो ट्रैवलर में सवार था। वह भी हादसे में घायल हुआ है और कोटा मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है।

पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में आशंका जताई गई है कि रात में वाहन चलाने के दौरान चालक को नींद की झपकी आ गई होगी। इसी वजह से टेंपो ट्रैवलर अनियंत्रित होकर पुल से नीचे गिर गई। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।

गंभीर घायलों को आईसीयू में भर्ती कराया गया
कोटा के जिला कलेक्टर पीयूष समारिया ने बताया कि हादसे में घायल सभी यात्रियों का इलाज किया जा रहा है। जिनकी हालत गंभीर है, उन्हें आईसीयू में भर्ती कराया गया है। प्रशासन घायलों के उपचार पर नजर रख रहा है।

प्रशासन और पुलिस जांच में जुटी
पुलिस ने 8 मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस मृतकों की शिनाख्त और घायलों के समुचित इलाज की व्यवस्था में जुटी है। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर रात व तड़के के समय वाहनों की तेज रफ्तार और चालकों की थकान/नींद से जुड़ी सड़क सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामला दर्ज कर दुर्घटना से जुड़े सभी तथ्यों की विस्तृत जांच कर रही है।

एक्सप्रेसवे हादसे पर बिरला ने जताया दुख, घायलों से मिले
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर सिमलिया क्षेत्र में हुए सड़क हादसे पर लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने दुख जताया। शनिवार सुबह कराडिया टोल के आगे जयपुर जा रही एक ट्रैवलर बस अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए गहरे गड्ढे में गिर गई। हादसे में कई लोगों की मौत हो गई, जबकि कई यात्री घायल हो गए। बिरला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे और घायलों से मिलकर उनका हाल जाना। उन्होंने चिकित्सकों से उपचार की जानकारी ली और प्रशासन तथा अस्पताल प्रबंधन को घायलों का उचित इलाज सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

दुर्घटनाओं को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट सुधारे जाएंगे
बिरला ने कहा कि यह बेहद दुखद घटना है और इसकी जांच कराई जा रही है। भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे सहित अन्य सड़कों पर रोड सेफ्टी टीमें लगातार अध्ययन कर रही हैं। शीघ्र ही दुर्घटना संभावित स्थानों और ब्लैक स्पॉट की पहचान कर उन्हें सुधारने का काम किया जाएगा। इसमें एनएचएआई, सार्वजनिक निर्माण विभाग और स्थानीय सड़कों से जुड़े खतरनाक स्थान भी शामिल होंगे।