Forex Reserve: विदेशी मुद्रा भंडार से 5 सप्ताह में 59.7 अरब डॉलर साफ

0
4

मुंबई। पश्चिम एशियाई संकट के बीच भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में लगातार 5वें सप्ताह भारी गिरावट आई है। बीते 9 अक्टूबर को सप्ताह के दौरान इसमें करीब 9 अरब डॉलर की कमी आई है। इससे एक सप्ताह पहले यानी 2 अक्टूबर को इसमें करीब 13 अरब डॉलर की गिरावट हुई थी।

यदि बीते 5 सप्ताह का हिसाब लगाएं तो इतने दिनों में ही $59.67 billion डॉलर की निकासी हो चुकी है। हां, 4 सितंबर 2026 तक लगातार 10 सप्ताह इसमें बढ़ोतरी ही हो रही थी।

भारतीय रिजर्व बैंक (Reserve Bank of India) की तरफ से शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक 9 अक्टूबर 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत के विदेशी मुद्रा भंडार में 8.578 अरब डॉलर की कमी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले भी इसमें 12.952 अरब डॉलर की गिरावट आई थी।

उससे एक सप्ताह पहले यानी 25 सितंबर 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान इसमें 8.343 अरब डॉलर की तगड़ी गिरावट हुई थी। उससे एक स्पताह पहले 14.881 अरब डॉलर की कमी हुई थी और 11 सितंबर को समाप्त सप्ताह के दौरान 4.924 अरब डॉलर की कमी हुई थी।

इन पांच सप्ताह के दौरान ही अपने भंडार में 59.67 अरब डॉलर की भारी कमी हुई है। अब अपना विदेशी मुद्रा भंडार घट कर 726.027 अरब डॉलर का रहा गया है। इससे पहले 4 सितंबर 2026 को अपना विदेशी मुद्रा भंडार 785.706 अरब डॉलर के ऑल टाइम हाई पर था।

FCA भंडार खूब घटा
रिजर्व बैंक (RBI) की तरफ से जारी साप्ताहिक आंकड़ों के अनुसार 9 अक्टूबर 2026 को समाप्त सप्ताह के दौरान भारत की विदेशी मुद्रा आस्तियों (Foreign Currency Asset) में 7.142 अरब डॉलर की कमी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले भी इसमें 10.664 अरब डॉलर की कमी हुई थी। ताजा कमी के बाद अपना एफसीए भंडार घट कर 597.605 अरब डॉलर का रह गया है।

उल्लेखनीय है कि देश के कुल विदेशी मुद्रा भंडार में विदेशी मुद्रा आस्तियां या फॉरेन करेंसी असेट (FCA) एक महत्वपूर्ण हिस्सा होता है। डॉलर में अभिव्यक्त किये जाने वाले विदेशी मुद्रा आस्तियों में यूरो, पौंड और येन जैसे गैर अमेरिकी मुद्राओं में आई घट-बढ़ के प्रभावों को भी शामिल किया जाता है।

गोल्ड रिजर्व भी घटा
आलोच्य सप्ताह के दौरान सोने के दाम में भी थोड़ी कमी हुई है। इससे रिजर्व बैंक के सोने के भंडार की वैल्यू में 1.319 अरब डॉलर की कमी हुई है। इससे एक सप्ताह पहले इसमें 2.288 अरब डॉलर की कमी हुई थी। अब अपने सोने के भंडार की वैल्यू घट कर 105.094 अरब डॉलर का रह गया है। उल्लेखनीय है कि मार्च 2026 के अंत में आरबीआई के पास सोने का भंडार 880.52 टन का था। यह देश के कुल फॉरेन एक्सचेंज रिजर्व का करीब 16.7% बैठता है। इसके मूल्य में कमी होती है यह कुल विदेशी मुद्रा भंडार को प्रभावित करता है।

एसडीआर में कमी
रिजर्व बैंक के आंकड़ों के अनुसार, बीते सप्ताह भारत के स्पेशल ड्रॉइंग राइट या विशेष आहरण अधिकार (SDR) में 109 अरब डॉलर की कमी हुई है। इससे पहले भी इसमें 15 अरब डॉलर की वृद्धि हुई थी। अब अपना कुल एसडीआर भंडार घट कर 18.548 अरब डॉलर का रह गया है। इस सप्ताह अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष (IMF) के पास रखे हुए देश के रिजर्व मुद्रा भंडार में $10 million की गिरावट हुई है। इससे एक सप्ताह पहले भी इसमें $15 million की कमी हुई थी। अब अपना आईएमएफ रिजर्व घट कर $4.780 billion का रह गया है।