नई दिल्ली। Gold Silver Price Today: सोने और चांदी की कीमतों में शुक्रवार (4 सितंबर) को गिरावट देखने को मिल रही है। घरेलू वायदा बाजार से लेकर ग्लोबल मार्केट तक दोनों कीमती धातुओं पर दबाव है।
एमसीएक्स पर सोना 1,55,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के नीचे आ गया है। वहीं चांदी में 2,500 रुपये प्रति किलो से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई है। अमेरिका से आने वाले अहम रोजगार आंकड़ों से पहले निवेशक सतर्क नजर आ रहे हैं। इसके अलावा हाल की तेजी के बाद मुनाफावसूली से भी कीमतों पर दबाव पड़ा है।
एमसीएक्स पर 5 अक्टूबर 2026 एक्सपायरी वाला सोना खबर लिखे जाने के समय 1,170 रुपये यानी 0.75 फीसदी गिरकर 1,54,605 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहा था। इसका पिछला बंद भाव 1,55,775 रुपये था। कारोबार के दौरान सोने ने 1,57,075 रुपये का ऊपरी स्तर और 1,54,605 रुपये का निचला स्तर छुआ।
सोने के मुकाबले चांदी में ज्यादा दबाव देखने को मिला। एमसीएक्स पर 4 दिसंबर 2026 एक्सपायरी वाली चांदी 2,589 रुपये यानी 1.07 फीसदी गिरकर 2,39,760 रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही थी। चांदी का पिछला बंद भाव 2,42,349 रुपये था। कारोबार के दौरान इसका भाव 2,39,525 रुपये के निचले स्तर तक फिसल गया।
ग्लोबल मार्केट में भी सोना-चांदी कमजोर
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दोनों कीमती धातुओं में गिरावट है। सुबह करीब 6:52 बजे कॉमेक्स पर सोना 0.56 फीसदी गिरकर 4,514.60 डॉलर प्रति औंस पर था। इस दौरान चांदी 0.89 फीसदी की गिरावट के साथ 67.10 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रही थी।
आखिर क्यों गिर रहे सोना-चांदी?
सोने-चांदी की गिरावट के पीछे बड़ी वजह अमेरिका से आने वाले रोजगार के आंकड़ों को माना जा रहा है। इन आंकड़ों से अमेरिकी अर्थव्यवस्था की स्थिति और फेडरल रिजर्व के अगले कदम को लेकर संकेत मिल सकते हैं। बड़े आंकड़ों से पहले निवेशक सतर्क हैं। हाल की तेजी के बाद सोने और चांदी में मुनाफावसूली भी देखने को मिल रही है। इसके अलावा डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बढ़त से भी कीमती धातुओं पर दबाव पड़ा है। आमतौर पर डॉलर और बॉन्ड यील्ड मजबूत होने पर सोने पर दबाव बढ़ता है, क्योंकि सोना खुद कोई ब्याज नहीं देता।

