टेंट-डेकोर एवं अनंत ऊर्जा सोलर एक्सपो के मुख्य अतिथि स्पीकर बिरला होंगे

0
14

राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों से अर्थव्यवस्था और रोजगार को मिलती है नई दिशा: बिरला

कोटा। राजस्थान टेंट डीलर्स किराया व्यवसायी समिति, हाड़ौती एवं कोटा टेंट डीलर समिति, हाड़ौती सोलर पावर सोसायटी के पदाधिकारियों ने शुक्रवार को कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से भेंट की।

प्रतिनिधिमंडल ने उन्हें 6 से 8 सितंबर तक आयोजित होने वाले 16वें प्रांतीय महाअधिवेशन, टेंट एंड डेकोर एक्सपो-2026 एवं अनंत ऊर्जा सोलर एक्सपो-2026 के भव्य उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया। इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव माहेश्वरी ने लोकसभा अध्यक्ष को दोनों आयोजनों की विस्तृत जानकारी दी।

बिरला ने कहा कि इस तरह के राष्ट्रीय स्तर के आयोजनों से व्यापार, उद्योग एवं पर्यटन को नई दिशा मिलती है तथा अर्थव्यवस्था को गति मिलने के साथ रोजगार के नए संसाधन उपलब्ध होते हैं।

उन्होंने कहा कि वर्षभर कोटा में इस तरह के बड़े आयोजन निरंतर होते रहने चाहिए। इससे देश के विभिन्न राज्यों से आने वाले व्यवसायियों को हाड़ौती के इंफ्रास्ट्रक्चर, व्यापारिक संभावनाओं एवं पर्यटन स्थलों की जानकारी मिलती है और क्षेत्र में बाहरी निवेश की संभावनाएं भी बढ़ती हैं।

उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सौर ऊर्जा आम जीवन का आवश्यक अंग बनती जा रही है। प्रधानमंत्री द्वारा हरित भारत के तहत देशभर में सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जो आमजन के हित में हैं।

निश्चित रूप से सोलर एक्सपो के माध्यम से आम जनता एवं व्यापारियों को सौर ऊर्जा से संबंधित योजनाओं, तकनीक एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी मिलेगी।

होटल फेडरेशन आफ राजस्थान कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि टेंट एंड डेकोर एक्सपो एवं अनंत ऊर्जा सोलर एक्सपो का हाड़ौती में व्यापक प्रचार- प्रसार किया गया है। कोटा व्यापार महासंघ भी इन दोनों आयोजनों में अपनी पूरी भागीदारी निभा रहा है।

प्रतिनिधिमंडल में राजस्थान टेंट किराया व्यवसायी समिति के संरक्षक पर्वत सिंह भाटी, कोटा टेंट डीलर समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, आयोजन संयोजक दीपक सिंघल आदि ने लोकसभा अध्यक्ष को बताया कि महा अधिवेशन में देश के कोने-कोने से टेंट निर्माता, वेडिंग प्लानर, फर्नीचर, हॉस्पिटैलिटी, कैटरिंग एवं मशीनरी क्षेत्र के बड़े-बड़े उत्पादक कोटा पहुंच चुके हैं।

इस अवसर पर टीपीएन के चेयरमैन जितेंद्र गोयल, हाड़ौती सोलर पावर सोसायटी के उपाध्यक्ष रजनीश सिंह राणा एवं सीओ तनुज ने बताया कि देशभर की 100 से अधिक सोलर उत्पादक कंपनियां अपने स्टॉल लगाएंगी।

अशोक माहेश्वरी ने बताया कि तीन दिवसीय आयोजन में देश के 26 राज्यों से लगभग 10 से 15 हजार प्रतिभागियों के आने की संभावना है। आयोजन के माध्यम से कोटा के व्यापार, उद्योग, होटल, रेस्टोरेंट, परिवहन एवं पर्यटन क्षेत्र को भी व्यापक लाभ मिलने की उम्मीद है।

उन्होंने बताया कि आयोजन को और अधिक आकर्षक बनाने के लिए 5 से 7 दिसंबर तक रणोउत्सव-3 का विशेष आयोजन भी किया जाएगा। इसमें देशभर से 120 से अधिक बाइक राइडर अपनी बाइक के साथ कोटा पहुंचेंगे।