टेन्ट व्यवसायियों के 16वें प्रांतीय महाधिवेशन की तैयारियां अंतिम चरण में

0
6

अधिवेशन को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान किया जाएगा: मिश्रा राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष

कोटा। राजस्थान टेंट किराया व्यवसायी समिति एवं हाड़ोती कोटा टेंट डीलर्स समिति के संयुक्त तत्वावधान में 6 से 8 सितंबर तक दशहरा मैदान के सेकंड फेस सीएडी सर्किल पर आयोजित होने वाले 16वें प्रांतीय महाधिवेशन की तैयारियों का रविवार को प्रदेश पदाधिकारियों एवं कोटा व्यापार महासंघ के पदाधिकारियों ने आयोजन स्थल का भ्रमण कर जायजा लिया।

कोटा टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, आयोजन संयोजक दीपक सिंघल, महामंत्री गुरमीत सिंह सन्नी एवं कोषाध्यक्ष मोहरमन सिंह ने बताया कि आयोजन की तैयारियों को लेकर राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष रास बिहारी मिश्रा एवं कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी के नेतृत्व में प्रदेश के पदाधिकारियों ने पूरे आयोजन स्थल का भ्रमण कर एक-एक व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की।

राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष राज बिहारी मिश्रा ने कहा कि पिछले 15 दिनों से महाधिवेशन के आयोजन की भव्य तैयारियां युद्ध स्तर पर चल रही हैं। इसमें 18 जर्मन डोम लगाए गए हैं। आयोजन मे देशभर से करीब 10 से 15 हजार टेंट व्यवसायियों एवं अन्य प्रतिभागियों के शामिल होंगे तथा 300 से अधिक स्टॉलों का आवंटन किया जा चुका है।

उन्होंने कहा कि इस महाधिवेशन को भव्य एवं ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। यह आयोजन देशभर के टेंट व्यवसायियों की एकजुटता, संगठन की मजबूती तथा व्यवसाय से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चर्चा का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।

इस अवसर पर कोटा व्यापार महासंघ के महासचिव अशोक माहेश्वरी ने कहा कि कोटा व्यापार महासंघ के प्रयासों से यह महत्वपूर्ण आयोजन कोटा में हो रहा है। इसे भव्यता प्रदान करने के लिए कोटा व्यापार महासंघ एवं होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान कोटा डिवीजन द्वारा पूर्ण सहयोग किया जा रहा है। बाहर से आने वाले सभी प्रतिभागियों के ठहरने, भोजन एवं आतिथ्य सत्कार सहित आवश्यक व्यवस्थाओं की तैयारियां की जा रही हैं।

उन्होंने कहा कि देश के विभिन्न राज्यों से हजारों व्यवसायियों के कोटा आने से स्थानीय व्यापार एवं पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा। महाधिवेशन में शामिल होने वाले प्रतिभागियों को कोटा एवं हाड़ोती की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन विरासत से परिचित करवाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। इसके लिए 9 सितंबर को कोटा एवं हाड़ोती के प्रमुख पर्यटन स्थलों तथा कोटा शहर का भ्रमण करवाने की भी पूरी व्यवस्था की जा रही है ।

कोटा टेंट डीलर्स समिति के अध्यक्ष सौरभ पोरवाल, आयोजन संयोजक दीपक सिंघल, महामंत्री गुरमीत सिंह सन्नी एवं कोषाध्यक्ष मोहरमन सिंह ने बताया कि आयोजन स्थल पर मंच, पंडाल, सजावट, अतिथि स्वागत, भोजन, आवास, पार्किंग, यातायात, सुरक्षा एवं विद्युत व्यवस्था सहित सभी तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

उन्होंने बताया कि तीन दिवसीय महाधिवेशन में देशभर से टेंट, इवेंट, फ्लावर, क्रॉकरी, फर्नीचर, वेंडिग प्लानर सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी देश भर की नामी कंपनियों एवं प्रतिष्ठानों के स्टॉल लगाए जाएंगे। अब तक बड़ी संख्या में स्टॉलों का आवंटन किया जा चुका है।

पार्किंग, सुरक्षा, यातायात, विद्युत एवं आयोजन स्थल की अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियों एवं एजेंसियों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं, ताकि पूरे आयोजन के दौरान बेहतर समन्वय बना रहे और किसी भी प्रतिभागी को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

उपाध्यक्ष रईस भाई एवं संगठन मन्त्री मनोज चित्तौडा ने बताया कि प्रांतीय महाधिवेशन का शुभारंभ एवं उद्घाटन समारोह 6 सितंबर को लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला के मुख्य आतिथ्य में किया जाएगा।

आयोजन को लेकर प्रदेशभर के टेंट व्यवसायियों में उत्साह का माहौल है और कोटा में होने वाले इस महाधिवेशन को ऐतिहासिक बनाने के लिए तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं।