कोटा। पर्यटन सीजन एवं कोटा दशहरा मेले के शुभारंभ के साथ ही कोटा में देश के विभिन्न राज्यों से पर्यटकों के आने का सिलसिला लगातार बढ़ रहा है। इसी क्रम में होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के प्रयासों से हरियाणा के महेंद्रगढ़ से 40 सदस्यीय पर्यटकों का दल शनिवार को कोटा पहुंचा। दल के कोटा आगमन पर होटल फेडरेशन कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने अभिनंदन किया।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के अध्यक्ष अशोक माहेश्वरी ने बताया कि फेडरेशन द्वारा कोटा के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार के साथ दशहरा मेले को जोड़ते हुए पर्यटकों के लिए विशेष दो दिवसीय रियायती पर्यटन पैकेज की घोषणा की गई थी।
इसी पहल के परिणामस्वरूप महेंद्रगढ़, हरियाणा से 40 पर्यटकों का दल कोटा पहुंचा है। यह दल अपने दो दिवसीय प्रवास के दौरान कोटा के प्रमुख पर्यटन स्थलों का अवलोकन करने के साथ विश्वप्रसिद्ध कोटा दशहरा मेले का भी भ्रमण करेगा।
माहेश्वरी ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर दशहरा मेले में आयोजित किए जा रहे विशेष कार्यक्रमों एवं होटल फेडरेशन द्वारा किए गए व्यापक प्रचार-प्रसार के सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। देश-विदेश से पर्यटकों की ओर से लगातार पूछताछ प्राप्त हो रही है, जो कोटा के पर्यटन के प्रति बढ़ते आकर्षण को दर्शाती है। विभिन्न राज्यों से आने वाले पर्यटक यहां के दशहरा मेले एवं पर्यटन स्थलों का भ्रमण कर अभिभूत हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आगामी पर्यटन सीजन में कोटा सहित संपूर्ण हाड़ौती क्षेत्र में बड़ी संख्या में पर्यटकों एवं पर्यटक समूहों के आने की संभावना है। इसे देखते हुए होटल फेडरेशन द्वारा पर्यटकों के स्वागत, आवास, आतिथ्य सत्कार तथा पर्यटन स्थलों के भ्रमण से संबंधित व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए तैयारियां की जा रही हैं।
होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन के महासचिव संदीप पाडिया ने बताया कि कोटा आने वाले पर्यटकों के आतिथ्य सत्कार के साथ-साथ उनके पर्यटन स्थलों के भ्रमण की समुचित व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य को लेकर होटल फेडरेशन ऑफ राजस्थान, कोटा डिवीजन की साधारण सभा की बैठक रविवार को आयोजित की जायेगी। बैठक में क्षेत्र में पर्यटन को बढ़ावा देने, पर्यटकों की संख्या बढ़ाने तथा पर्यटन गतिविधियों के विस्तार को लेकर चर्चा की जाएगी।

