Stock Market: सेंसेक्स 628 अंक बढ़कर 77538 पर, निफ्टी 24200 के पार बंद

0
4

नई दिल्ली। Stock Market Closed: भारतीय शेयर बाजार ने गुरुवार को जोरदार वापसी की। लगातार सात दिनों की गिरावट के बाद सेंसेक्स 628.04 अंक बढ़कर 77,537.72 पर बंद हुआ। वहीं, निफ्टी 153.55 अंक की बढ़त के साथ 24,231.85 पर पहुंच गया। निफ्टी ने 24,200 के स्तर को पार कर सात दिन के गिरावट के सिलसिले को तोड़ दिया।

मार्केट बंद के दौरान सेंसेक्स में 0.82 फीसदी की तेजी तो निफ्टी में 0.64 फीसदी का उछाल दर्ज किया गया। इटरनल (जोमैटो) के शेयर में दो फीसदी से अधिक की तेजी नजर आई।

इटरनल समेत इन शेयरों में तेजी

सेंसेक्स के शीर्ष 30 शेयरों में आज मार्केट ओपनिंग के दौरान सभी में तेजी दिखी थी, लेकिन बाजार बंद के समय यह घटकर 26 शेयरों पर आ गई। वहीं, मार्केट बंद के समय चार शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जिनमें टाटा स्टील (0.41%), इंडिगो (0.24%), एचसीएल टेक (0.19%) और टाइटन (0.04%) शामिल हैं।

उछाल वाले शेयरों की बात करें तो इटरनल में सबसे अधिक 2.31 फीसदी की तेजी दिखी। यह मार्केट बंद के दौरान हरे निशान में 327.60 के लेवल पर दिखा। इसके अलावा कोटक बैंक में 1.65 फीसदी, आईटीसी में 1.63 फीसदी, बजाज फाइनेंस में 1.53 फीसदी, एक्सिस बैंक में 1.46 फीसदी, इन्फोसिस में 1.18 फीसदी, पावरग्रिड में 1.07 फीसदी और भारती एयरटेल में 0.96 फीसदी की तेजी दिखी।

सेंसेक्स आज गुरुवार को 500 अंकों से अधिक की तेजी के साथ खुला था और हरे निशान में 77,468.45 पर कारोबार कर रहा था। बीते सत्र में यह लाल निशान में गिरावट के साथ 76,909.68 पर बंद हुआ था। निफ्टी उछाल के साथ 24,225.45 के लेवल पर खुला था। बीते कारोबारी सत्र में यह गिरावट के साथ 24,078.30 पर बंद हुआ था।

सुबह 9 बजकर 46 मिनट पर सेंसेक्स में 0.72 फीसदी की तेजी दिखी थी। यह 550.59 अंकों की तेजी के साथ हरे निशान में 77,460.27 के लेवल पर ट्रेड कर रहा था। वहीं, 9 बजकर 47 मिनट पर निफ्टी में 0.54 फीसदी की तेजी दिखी थी। यह 131.20 अंकों के उछाल के साथ 24,209.50 पर कारोबार कर रहा था।