Friday, April 10, 2026
Home Blog Page 3

अनंत उत्सव: बोटिंग, रंगारंग परेड और ड्रोन शो विशेष बच्चों के लिए रहा यादगार

कोटा। समाज में संवेदनशीलता और करुणा के भाव को जीवंत रूप देते हुए रियल टेम्पल्स ऑफ इंडिया द्वारा सिटी पार्क में आयोजित ‘अनंत उत्सव’ विशेष बच्चों के लिए अविस्मरणीय अनुभव बना।

संस्थापक प्रांजल अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम मे शहर के विभिन्न संस्थानों बाधित बाल विकास केंद्र, श्री करणी नगर विकास समिति, गंगा विज़न, घुमंतू छात्रावास, तेजस्वनी बालिका छात्रावास, एलबीएस दिव्यांग विद्यार्थियों, शिवालिका व मधुस्मृति सहित अन्य संगठनों से जुड़े 472 से अधिक विशेष बच्चे एवं बालिकाएं शामिल हुईं।

सिमरन बब्बर ने बताया कि सायं 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक चले इस आयोजन में विशेष आवश्यकता वाले बच्चों को एक सुरक्षित, आनंदमय और आत्मीय वातावरण प्रदान किया गया।

सिटी पार्क के प्राकृतिक सौंदर्य के बीच जब बच्चों ने बोटिंग का आनंद लिया, तो उनकी आंखों में उत्सुकता और चेहरे पर खिलखिलाहट साफ दिखाई दी। बच्चों ने पहली बार मैजिक शो, फेसबुक पेंटिंग, ब्लॉक पेंटिंग तक में जमकर उत्साह दिखाया।

मंजुल शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम में कलाकारों के साथ निकली रंगारंग परेड बच्चों के लिए किसी उत्सव से कम नहीं रही। रंग-बिरंगे परिधानों और संगीत की धुनों के बीच बच्चे स्वयं को इस उत्सव का केंद्र महसूस करते नजर आए। वहीं रचनात्मक एवं मनोरंजक गतिविधियों ने बच्चों को अपनी प्रतिभा व्यक्त करने का अवसर दिया, जिससे उनके भीतर छिपी अभिव्यक्ति को नई उड़ान मिली।

प्रांजल अग्रवाल ने बताया कि शाम ढलते ही आयोजित ड्रोन शो और आतिशबाजी ने वातावरण को आलोकित कर दिया। आसमान में सजे रंगीन दृश्यों को देखकर बच्चों के चेहरे आश्चर्य और खुशी से दमक उठे। यह दृश्य उनके लिए एक सपने के साकार होने जैसा था।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला कलक्टर पीयूष समारिया एवं विशिष्ट अतिथि पुलिस अधीक्षक तेजस्विनी गौतम ने बच्चों के साथ केक काटकर उत्सव की खुशियों में सहभागिता की।

आयोजन के दौरान बच्चों की विशेष जरूरतों का पूरा ध्यान रखा गया। प्रत्येक बच्चे के साथ प्रशिक्षित स्वयंसेवक मौजूद रहे, वहीं सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के साथ ऑन-साइट चिकित्सा सुविधा भी उपलब्ध कराई गई।

भामाशाह और सुल्तानपुर कृषि उपज मंडी में निर्माण कार्यों के लिए 12.30 करोड़ मंजूर

कोटा। भामाशाह कृषि उपज मंडी और गौण मंडी प्रांगण सुल्तानपुर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए कुल 12.30 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई है। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला की अनुशंसा पर मंडी समिति द्वारा भेजे गए प्रस्तावों को निदेशालय, जयपुर से मंजूरी मिल गई है। इससे मंडी क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं का विस्तार होगा और किसानों, व्यापारियों तथा पल्लेदारों को राहत मिलेगी।

भामाशाह मंडी प्रांगण में विभिन्न निर्माण और मरम्मत कार्यों के लिए अलग-अलग मदों में राशि स्वीकृत की गई है। इसके तहत नवीन सुलभ कॉम्पलेक्स निर्माण के लिए 70.48 लाख रूपए, भामाशाह सर्किल और पार्क की मरम्मत के लिए 57.32 लाख रुपए तथा पूर्व निर्मित तीन सुलभ कॉम्पलेक्स के जीर्णोद्धार के लिए 42.60 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं।

इसके अलावा दुकानों के पास स्थित शेड नंबर 1 और 2 में सीमेंट-कंक्रीट, इंटरलॉकिंग, फर्श और रैंप निर्माण के लिए 74.99 लाख रुपए, यार्ड नंबर 1 और 2 की चारदीवारी, कार्यालय द्वार, मुख्य सड़क के डिवाइडर और टॉयलेट ब्लॉक्स की मरम्मत के लिए 74.98 लाख रुपए मंजूर किए गए हैं।

दुकान संख्या C-246 के पास डिवाइडर और नाले की मरम्मत के लिए 56.79 लाख रुपए तथा मंडी की बैंक बिल्डिंग के जीर्णोद्धार के लिए 73.06 लाख रुपए स्वीकृत हुए हैं।

सुल्तानपुर में बनेगा कवर्ड ऑक्शन प्लेटफॉर्म
सुल्तानपुर कृषि मंडी में भी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए कई कार्य स्वीकृत किए गए हैं। यहां 100×350 फीट के कवर्ड ऑक्शन प्लेटफॉर्म निर्माण के लिए 6.84 करोड़ रुपए, आरओ प्लांट के लिए 16 लाख रुपए और 30×40 फीट के नए सुलभ कॉम्पलेक्स निर्माण के लिए 30.24 लाख रूपए स्वीकृत हुए हैं। इसके साथ ही आरसीसी बाउंड्री वॉल और ड्रेनेज कार्य के लिए 49.41 लाख रुपए की राशि भी मंजूर की गई है, जिससे मंडी परिसर में व्यवस्था और स्वच्छता बेहतर होगी।

Kota Mandi: वायदा में तीन प्रतिशत मंदी का सर्किट लगने से धनिया 500 रुपए गिरा

कोटा। Kota Mandi Price Today: एनसीडीईएक्स पर वायदा में तीन प्रतिशत मंदी का सर्किट लगने से भामाशाह अनाज मंडी में बुधवार को धनिया का भाव 500 रुपए प्रति क्विंटल गिर गया। कमजोर लिवाली से सोयाबीन, सरसों 100 रुपये और चना 50 रुपये मंद़ी रही।

घटे भाव पर ग्राहकी निकलने से गेहूं एवरेज 50 रुपये एवं लहसुन 500 रुपए तेज बिका। एनसीडीईएक्स पर धनिया का अप्रैल वायदा 446 रुपये टूटकर 12904 रुपये, मई वायदा 452 रुपये गिरकर 13086 रुपये प्रति क्विंटल पर बंद हुआ।

मंडी में सभी कृषि जिंसों की मिलाकर करीब पौने दो लाख कट्टे और लहसुन की 8000 कट्टे की आवक रही। जिंसों के भाव रुपये प्रति क्विंटल इस प्रकार रहे –

गेहूं नया मिल लस्टर 2200 से 2325, गेहूं एवरेज टुकड़ी 2350 से 2450, बेस्ट टुकड़ी 2450 से 2750, बाजरा 1800 से 2050, मक्का लाल 1400 से 1800, मक्का सफेद 1600 से 2200, जौ नया 1900 से 2250 रुपये प्रति क्विंटल।

धान सुगन्धा 2800 से 3451,धान (1509) 3400 से 4100, धान (1847) 3200 से 4051, धान (1718-1885) 4000 से 4580, धान (पूसा-1) 3000 से 4200, धान (1401-1886) 4100 से 4450, धान दागी 1500 से 3800 रुपये प्रति क्विंटल।

सोयाबीन 5000 से 5600, सरसों 6400 से 7001, अलसी 6800 से 7300, ज्वार शंकर 1700 से 2300, ज्वार सफेद 2800 से 5000, तिल्ली 7000 से 8500 रुपये प्रति क्विंटल।

मूंग 6000 से 7000, उड़द 4500 से 8000, चना देशी पुराना 4700 से 5001, चना मौसमी नया 5100 से 5150, चना पेप्सी 5100 से 5501, चना डंकी पुराना 3500 से 4500, चना काबुली 5500 से 7500, नया चना देशी 5000 से 5200 रुपये प्रति क्विंटल।

लहसुन 3000 से 13000, मैथी पुरानी 5000 से 5800, मैथी नयी 5800 से 6200, धनिया बादामी 11000 से 11500, धनिया ईगल 11500 से 12000, धनिया रंगदार 13000 से 15000 रुपये प्रति क्विंटल।

पुणे–हजरत निज़ामुद्दीन–पुणे ग्रीष्मकालीन विशेष एक्सप्रेस का संचालन 17 अप्रैल से

कोटा। यात्रियों की ग्रीष्मकालीन अवकाश में बढ़ती आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए रेल प्रशासन द्वारा पुणे–हजरत निज़ामुद्दीन–पुणे के मध्य ग्रीष्मकालीन विशेष रेलगाड़ियों का संचालन किया जा रहा है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ जैन ने बताया कि गाड़ी संख्या 01491 (पुणे–हजरत निज़ामुद्दीन) 17 अप्रैल से 10 जुलाई तक प्रत्येक शुक्रवार को 12 फेरों में पुणे से सायं 17.30 बजे प्रस्थान कर अगले दिन शनिवार सुबह शामगढ़ 08.53 बजे, भवानी मंडी 09.13 बजे, रामगंज मंडी 09.41 बजे, कोटा जंक्शन 10.40 बजे, सवाई माधोपुर 12.03 बजे, गंगापुर सिटी जंक्शन 12.45 बजे, भरतपुर 14.33 बजे होते हुए उसी दिन सायं 18.30 बजे हजरत निज़ामुद्दीन पहुँचेगी।

इसी प्रकार गाड़ी संख्या 01492 (हजरत निज़ामुद्दीन–पुणे) 18 अप्रैल से 11 जुलाई तक प्रत्येक शनिवार को 12 फेरों में हजरत निज़ामुद्दीन से 21.25 बजे प्रस्थान कर अगले दिन रविवार को भरतपुर 01.33 बजे ,गंगापुर सिटी जंक्शन रात्रि 02.48 बजे, सवाई माधोपुर 04.03 बजे, कोटा जंक्शन 05.40 बजे, रामगंज मंडी 06.38 बजे, भवानी मंडी 07.03 बजे, शामगढ़ 07.28 बजे होते हुए उसी दिन रात्रि 23.55 बजे पुणे पहुँचेगी।

यह गाड़ी रास्ते में दोनों दिशाओं में पुणे जंक्शन, लोनावला, कल्याण जंक्शन, भिवंडी रोड, वसई रोड, वापी, सूरत, वडोदरा जंक्शन, रतलाम जंक्शन, शामगढ़, भवानी मंडी, रामगंज मंडी, कोटा जंक्शन, सवाई माधोपुर जंक्शन, गंगापुर सिटी जंक्शन, भरतपुर जंक्शन, मथुरा जंक्शन तथा हजरत निज़ामुद्दीन जंक्शन स्टेशनों पर ठहराव लेकर गंतव्य को जाएगी।

आगरा कैंट–असारवा स्पेशल सप्ताह में 5 दिन चलेगी
गाड़ी संख्या 01919/01920 आगरा कैंट–असारवा स्पेशल को अब गाड़ी संख्या 20178/20177 आगरा कैंट–असारवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस के रूप में नियमित कर दिया गया है। यह गाड़ी 8 अप्रैल 2026 से आगरा कैंट से तथा 9 अप्रैल 2026 से असारवा से सप्ताह में 5 दिन नियमित रूप से चलेगी।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक बताया कि गाड़ी संख्या 20178 आगरा कैंट–असारवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस आगरा कैंट से प्रतिदिन सोमवार एवं मंगलवार को छोड़कर 18:45 बजे प्रस्थान करेगी। कोटा मंडल के स्टेशनों पर यह गाड़ी गंगापुर सिटी पर 21:05 बजे, सवाई माधोपुर पर 21:48 बजे, केशोराई पाटन पर 23:15 बजे, अगले दिन बूंदी पर 00:08 बजे, मंडलगढ़ पर 01:38 बजे तथा चंदेरिया पर 03:05 बजे ठहराव लेते हुए असारवा जंक्शन पर उसी दिन 11:00 बजे पहुँचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 20177 असारवा–आगरा कैंट सुपरफास्ट एक्सप्रेस असारवा जंक्शन से प्रतिदिन मंगलवार एवं बुधवार को छोड़कर 15:00 बजे प्रस्थान करेगी। कोटा मंडल में चंदेरिया पर 22:40 बजे, मंडलगढ़ पर 23:28 बजे, अगले दिन बूंदी पर 00:23 बजे, केशोराई पाटन पर 01:10 बजे, सवाई माधोपुर पर 02:30 बजे तथा गंगापुर सिटी पर 03:20 बजे ठहराव लेते हुए आगरा कैंट 07:15 बजे पहुँचेगी।

सेंसेक्स 2946 अंक चढ़कर 77563 पर बंद, निवेशकों को 15 लाख करोड़ का फायदा

नई दिल्ली। Stock Market Closed: अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर का एलान दुनिया के साथ-साथ भारतीय शेयर बाजार के लिए भी राहत लेकर आया। बुधवार को घरेलू बेंचमार्क सूचकांक लंबी छलांग लगाकर बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स में 2,946.32 अंक यानी 3.95 फीसदी तेजी के साथ 77,562.90 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी50 इंडेक्स भी 873.70 अंक यानी 3.78% उछलकर 23,997.35 पर पहुंच गया। इस तेजी से बीएसई लिस्टेड कंपनियों का मार्केट कैप 15 लाख करोड़ रुपये की तेजी के साथ 444 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। 

तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 3 प्रतिशत से ज्यादा की बढ़त लेकर 77,290 पर खुला। जबकि मंगलवार को यह 74,616 अंक पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान यह 77,635 अंक तक चढ़ गया था। अंत में यह 2946.32 अंक या 3.95 प्रतिशत की जोरदार तेजी के साथ 77,562.90 पर बंद हुआ।

इसी तरह, नैशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 (निफ़्टी-50) भी बड़े उछाल के साथ 23,855 अंक पर खुला। एक दिन पहले यह 23,121 पर बंद हुआ था। कारोबार के दौरान यह 24,025 अंक के हाई तक गया। अंत में 873.70 अंक या 3.78 फीसदी की जोरदार तेजी लेकर 23,997.35 पर बंद हुआ।

टॉप गेनर्स एंड लूजर्स
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 29 तेजी के साथ खुले। इंडिगो के शेयरों में सबसे ज्यादा 9 फीसदी तेजी आई है। एलएंडटी, बजाज फाइनेंस, एक्सिस बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति, अल्ट्रा सीमेंट, बजाज फिनसर्व, टाइटन प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ, टेक महिंद्रा, सन फार्मा, पावर ग्रिड के शेयर गिरावट में बंद हुए।

ब्रोडर मार्केट में निफ्टी मिडकैप और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स क्रमशः 4.03 प्रतिशत और 4.39 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुए। सेक्टर के हिसाब से निफ्टी रियल्टी और निफ्टी ऑटो ने सबसे बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं, निफ्टी आईटी सबसे कम बढ़त के साथ पिछड़ता नजर आया।

अमेरिका और ईरान के बीच सीजफायर की घोषणा से दुनिया भर के शेयर बाजारों ने राहत की सांस ली। इसका असर भारतीय शेयर बाजार में भी दिखा। कच्चे तेल की कीमतों में बड़ी गिरावट और रुपये में मजबूती का निवेशकों के रुख पर पॉजिटिव असर पड़ा। इसके अलावा इंडेक्स हैवी एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, एलएंडटी और रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) के शेयरों में तेजी से भी बाजार को सपोर्ट मिला।

50MP OIS कैमरे वाला सैमसंग का यह वाटरप्रूफ फोन 4000 रुपये सस्ता हुआ

नई दिल्ली। Samsung Galaxy A35 5G: AI फीचर्स से लैस Samsung Galaxy A35 5G फोन में 50MP का OIS कैमरा दिया गया है, जिससे फोटो और वीडियो काफी स्टेबल और क्लियर आते हैं। यानी शूट करते समय हाथ थोड़ा हिल भी जाए, तब भी फोटो धुंधली नहीं होती।

इसके अलावा इसमें Google का पॉपुलर Circle to Search फीचर भी मिलता है, जिससे आप स्क्रीन पर किसी भी चीज को घेरकर तुरंत सर्च कर सकते हैं। जानिये कैसे आप इस डील का फायदा उठा सकते हैं:

जबरदस्त ऑफर
अभी इस फोन पर ई-कॉमर्स साइट Amazon पर जबरदस्त ऑफर चल रहा है। लॉन्च के समय इसका 128GB वेरिएंट 30,999 रुपए था, लेकिन फिलहाल यह करीब 26,990 रुपए में मिल रहा है। यानी सीधे 4,009 रुपए तक की बचत हो रही है। अच्छी बात यह है कि यह डिस्काउंट बिना किसी खास शर्त के मिल रहा है। अगर आप Amazon Pay से पेमेंट करते हैं, तो आपको करीब 809 रुपए का कैशबैक भी मिल सकता है, जिससे कीमत और कम हो जाएगी।

अगर आपके पास पुराना फोन है और उसे एक्सचेंज करना चाहते हैं तो पुराने फोन पर आपको 15,000 तक की अतिरिक्त छूट भी मिल सकती है। लेकिन ध्यान रहे कि एक्सचेंज छूट पूरी तरह आपके पुराने पर निर्भर है। यह डील उन लोगों के लिए फायदेमंद है, जो कम कीमत में एक भरोसेमंद 5G फोन लेना चाहते हैं।

स्पेसिफिकेशन

  • डिस्प्ले: Samsung Galaxy A35 5G में 6.6 इंच का FHD+ Super AMOLED डिस्प्ले दिया गया है।
  • प्रोसेसर : यह फोन Exynos 1380 प्रोसेसर पर चलता है, जिससे रोजमर्रा के काम और मल्टीटास्किंग स्मूद तरीके से हो जाते हैं।
  • कैमरा सेटअप: इसमें ट्रिपल रियर कैमरा मिलता है, जिसमें 50MP का मेन कैमरा OIS सपोर्ट के साथ आता है। इसके अलावा 8MP का अल्ट्रा-वाइड कैमरा और 5MP का मैक्रो कैमरा दिया गया है। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए 13MP का फ्रंट कैमरा मौजूद है, जो अच्छी क्वालिटी की फोटो देता है।
  • बैटरी: इसमें 5000mAh की बड़ी बैटरी दी गई है। साथ ही यह 25W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट करता है, जिससे फोन जल्दी चार्ज हो जाता है।
  • प्रोसेसर : सिक्योरिटी और बिल्ड क्वालिटी की बात करें तो इसमें इन-डिस्प्ले फिंगरप्रिंट सेंसर दिया गया है। साथ ही IP67 रेटिंग मिलती है, जिससे यह फोन धूल और हल्के पानी से सुरक्षित रहता है। इसके अलावा फोन के फ्रंट और बैक दोनों साइड पर Gorilla Glass Victus+ प्रोटेक्शन दिया गया है, जो इसे गिरने और खरोंच से बचाता है।

वित्त वर्ष 2027 में जीडीपी 6.9% ग्रोथ और महंगाई 4.6% रहने का अनुमान: रिजर्व बैंक

नई दिल्ली। RBI MPC 2026: रिजर्व बैंक ऑफ़ इंडिया ने बुधवार को अपनी मौद्रिक नीति का ऐलान करते हुए वित्त वर्ष 2026-27 के लिए जीडीपी ग्रोथ रेट 6.9 प्रतिशत रहने का अनुमान जताया है। गवर्नर के मुताबिक, 2025-26 में यह दर 7.6 प्रतिशत रहने का अनुमान है, यानी नए वित्त वर्ष में ग्रोथ थोड़ी नरम रह सकती है।

तिमाही आधार पर ग्रोथ का अनुमान
केंद्रीय बैंक के अनुसार FY27 में ग्रोथ का ट्रेंड धीरे-धीरे मजबूत होगा

  • Q1 में 6.8 प्रतिशत
  • Q2 में 6.7 प्रतिशत
  • Q3 में 7 प्रतिशत
  • Q4 में 7.2 प्रतिशत

महंगाई का अनुमान 4.6%
RBI ने पूरे वित्त वर्ष 2026-27 के लिए महंगाई दर 4.6 प्रतिशत रहने का अनुमान लगाया है। गवर्नर ने कहा कि फिलहाल महंगाई नियंत्रण में है और लक्ष्य के आसपास बनी हुई है, लेकिन आगे जोखिम बढ़े हैं।

तिमाही आधार पर महंगाई का अनुमान

  • Q1 में 4 प्रतिशत
  • Q2 में 4.4 प्रतिशत
  • Q3 में 5.2 प्रतिशत
  • Q4 में 4.7 प्रतिशत

महंगाई पर बढ़ते जोखिम

  • RBI गवर्नर ने कहा कि कच्चे तेल की कीमतों में तेजी, ऊर्जा लागत का दबाव और मौसम से जुड़े जोखिम खाद्य कीमतों को प्रभावित कर सकते हैं। इससे महंगाई पर दबाव बढ़ सकता है।
  • मौद्रिक नीति के तहत RBI ने अपना रुख ‘न्यूट्रल’ रखा है। यानी आगे जरूरत के हिसाब से ब्याज दरों में बदलाव की गुंजाइश बनी रहेगी।
  • गौरतलब है कि फरवरी 2025 से अब तक RBI कुल 125 बेसिस प्वाइंट की कटौती कर चुका है। इस बार भी बाजार की उम्मीदों के अनुरूप दरों में कोई बदलाव नहीं किया गया।

अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत
RBI का कहना है कि वैश्विक चुनौतियों के बावजूद भारतीय अर्थव्यवस्था की बुनियाद मजबूत बनी हुई है और आगे भी आर्थिक गतिविधियों में स्थिरता बनी रहने की उम्मीद है।

MPC: रीपो रेट में आरबीआई ने नहीं किया बदलाव, ब्याज दर 5.25% पर बरकरार

नई दिल्ली। आरबीआई ने एक बार फिर नीतिगत ब्याज दर रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया है। इसे 5.25 फीसदी पर स्थिर रखा गया है। आरबीआई के गवर्नर संजय मल्होत्रा ने मॉनीटरी पॉलिसी कमेटी की मीटिंग में लिए गए फैसलों की जानकारी देते हुए आज यह घोषणा की। इस फाइनेंशियल ईयर में एमपीसी की यह पहली बैठक थी।

साथ ही ईरान युद्ध शुरू होने के बाद यह आरबीआई की एमपीसी की पहली मीटिंग थी। मौद्रिक नीति समिति ने ‘तटस्थ’ रुख कायम रखने का फैसला किया। आरबीआई ने फरवरी में भी रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं किया था। इससे पहले 2025 में इसमें कुल मिलाकर 125 आधार अंक की कटौती की गई थी।

अर्थशास्त्रियों का अनुमान था कि आरबीआई रेपो रेट को यथावत रख सकता है। लेकिन माना जा रहा था कि पश्चिम एशिया में सीजफायर से आरबीआई गवर्नर रेट कट की चौंकाने वाली घोषणा कर सकते हैं। मगर आरबीआई की एमपीसी ने इसे यथावत रखने का फैसला किया।

जीडीपी ग्रोथ अनुमान
आरबीआई गवर्नर ने चालू वित्त वर्ष की पहली द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा पेश करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया संकट से आपूर्ति श्रृंखला प्रभावित हुई, लेकिन कई अन्य देशों की तुलना में भारत की आर्थिक बुनियाद मजबूत बनी हुई है। अर्थव्यवस्था की दिशा बताने वाले प्रमुख आंकड़ों से पता चलता है कि आर्थिक गतिविधियों की स्थिति बेहतर है।

फाइनेंशियल ईयर 2027 में रियल जीडीपी ग्रोथ रेट 6.9 फीसदी रहने का अनुमान है। इस फाइनेंशियल ईयर की पहली तिमाही में ग्रोथ रेट 6.9 फीसदी रहने का अनुमान है। दूसरी तिमाही में यह 6.8 फीसदी और तीसरी तिमाही में 6.7 फीसदी रह सकती है। पिछले फाइनेंशियल ईयर में इसके 7.6 फीसदी रहने का अनुमान है।

काबू में महंगाई
मल्होत्रा ने कहा कि हेडलाइन काबू में है और सेंट्रल बैंक के 4 फीसदी के टारगेट से नीचे है। इस फाइनेंशियल ईयर में महंगाई के 4.6 फीसदी रहने का अनुमान है। पहली तिमाही में यह 4 फीसदी, दूसरी तिमाही में 4.4 फीसदी, तीसरी तिमाही में 5.2 फीसदी और चौथी तिमाही में 4.7 फीसदी रह सकती है। ऊर्जा कीमतों में हालिया उछाल मुद्रास्फीति के लिए एक जोखिम के रूप में उभरा है। निकट भविष्य में खाद्य कीमतों का परिदृश्य अनुकूल बना हुआ है।

हर राज्य का कृषि रोडमैप बनाने के लिए रीजनल कृषि कॉन्फ्रेंस व्यवस्था शुरू: चौहान

जयपुर। अब पूरे देश को विभिन्न एग्रो–क्लाइमेटिक जोनों में बाँटकर हर राज्य के लिए अलग कृषि रोडमैप बनाया जाएगा। सभी किसानों को फार्मर आईडी से जोड़कर खाद, बीज, फसल बीमा और मुआवजा वितरण की पूरी प्रणाली को पारदर्शी और लक्षित किया जाएगा।

राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन–तिलहन के अंतर्गत 2024–25 में 429.89 लाख टन के रिकॉर्ड उत्पादन और उत्पादकता में हुई बढ़ोतरी को और आगे बढ़ाते हुए तिलहन का क्षेत्र 29 मिलियन हेक्टेयर से 33 मिलियन हेक्टेयर और उत्पादन 39.2 मिलियन टन से 69.7 मिलियन टन तक ले जाने का लक्ष्य तय किया गया है।

जबकि दलहन मिशन के तहत बीज उत्पादन, दाल मिलों की स्थापना, नई बीज किस्मों को सीड चेन में लाने तथा इच्छुक किसानों से 100 प्रतिशत खरीद के माध्यम से देश को दालों में भी मजबूत आत्मनिर्भरता की ओर ले जाया जाएगा। केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को जयपुर में आयोजित रीजनल कृषि कॉन्फ्रेंस में यह जानकारी दी।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बताया कि यह देश की पहली रीजनल कॉन्फ्रेंस है, जिसमें ICAR के वरिष्ठ वैज्ञानिक, कृषि विशेषज्ञ, प्रगतिशील किसान, FPOs, नेफेड, NCCF और बीज से लेकर बाजार तक काम करने वाली सभी संस्थाएँ एक मंच पर आई हैं जबकि पहले खरीफ और रबी के लिए केवल राष्ट्रीय स्तर पर एक कॉन्फ्रेंस होती थी जिसमें समय की कमी के चलते विस्तार से चर्चा नहीं हो पाती थी।

उन्होंने कहा कि अब देश को पाँच एग्रो–क्लाइमेटिक जोनों में बाँटकर पाँच रीजनल कॉन्फ्रेंस आयोजित की जाएँगी, जिनमें हर राज्य की जलवायु, मिट्टी, पानी और उपलब्ध संसाधनों के आधार पर अलग कृषि रोडमैप तैयार किया जाएगा और उसी के अनुसार यह तय होगा कि किस इलाके में कौन–सी फसल, कौन–सी किस्म और कौन–सी कृषि पद्धति सर्वोत्तम होगी।

फार्मर आईडी
केन्द्रीय कृषि मंत्री ने बताया कि सभी राज्यों में फार्मर आईडी बनाने का काम तेज गति से चल रहा है और विश्वास जताया कि लगभग तीन महीने में सभी किसानों की एकीकृत पहचान तैयार हो जाएगी, जिससे किसान को हर योजना का लाभ सीधे और सटीक रूप से मिल सकेगा। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश में फार्मर आईडी के आधार पर खाद वितरण का जो मॉडल लागू है, उसी तर्ज पर पूरे देश में व्यवस्था की जाएगी, जिसमें किसान को लाइन में नहीं लगना पड़ेगा, उसकी जमीन और फसल के अनुसार आवश्यक मात्रा में खाद मिलेगा, नकली या ब्लैक मार्केटिंग रोकी जा सकेगी और टेनेंट/बटाईदार किसानों को भी मालिक की स्वीकृति के आधार पर फार्मर आईडी से खाद व अन्य सुविधाएँ मिलेंगी; यही आईडी आगे फसल बीमा, फसल–क्षति मुआवजा और अन्य लाभों का भी आधार बनेगी।

राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन
उन्होने बताया कि राष्ट्रीय खाद्य तेल मिशन–तिलहन के अंतर्गत 2024–25 में तिलहन का उत्पादन रिकॉर्ड स्तर 429.89 लाख टन तक पहुँच गया है, जो 2023–24 में 396.69 लाख टन था। उन्होंने कहा कि उत्पादकता 2023–24 के 1314 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर से बढ़कर 2024–25 में 1412 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर हो गई है, जो किसानों के लिए एक बड़ी उपलब्धि है और यह संदेश देती है कि सही नीति, बीज, तकनीक और प्रोत्साहन से देश तिलहन में आत्मनिर्भरता की ओर तेज़ी से बढ़ रहा है।

केन्द्रीय कृषि मंत्री ने बताया कि 2025–26 में 1076 वैल्यू चेन क्लस्टरों के माध्यम से 13.35 लाख हेक्टेयर अतिरिक्त क्षेत्र को तिलहन के अंतर्गत लाया गया है, 60 बीज केंद्र स्थापित किए गए हैं, 50 बीज भंडारण इकाइयों को मंजूरी दी गई है और 400 तेल मिलें स्थापित हो चुकी हैं, जबकि कुल 800 तेल मिलें स्थापित करने का लक्ष्य है, ताकि उत्पादन से लेकर प्रोसेसिंग और बाजार तक पूरी श्रृंखला मजबूत हो।

तिलहन में आत्मनिर्भरता के लक्ष्य
केन्द्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि तिलहन में आत्मनिर्भरता के लिए 10,103 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है, ताकि किसानों को तकनीक, बीज, सिंचाई, प्रोसेसिंग और मार्केटिंग के क्षेत्र में पूरा सहयोग मिल सके। उन्होंने बताया कि लक्ष्य यह है कि तिलहन का क्षेत्र 29 मिलियन हेक्टेयर से बढ़ाकर 33 मिलियन हेक्टेयर किया जाए, उत्पादकता 1353 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर से बढ़ाकर 2112 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर की जाए और कुल उत्पादन 39.2 मिलियन मैट्रिक टन से बढ़ाकर 69.7 मिलियन मैट्रिक टन तक ले जाया जाए, ताकि खाद्य तेलों में आयात पर निर्भरता में निर्णायक कमी लाई जा सके और किसानों को उच्च मूल्य वाली फसलों से अधिक आय मिले।

दलहन मिशन:100% खरीद
उन्होने बताया कि दलहन मिशन के तहत सभी राज्यों को बीज उत्पादन में अधिकतम वृद्धि करने के लिए कहा गया है, ताकि दालों के लिए गुणवत्तापूर्ण बीज किसान के पास पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो सके। उन्होंने कहा कि अरहर, उड़द, मसूर आदि दालों में बीज उत्पादन बढ़ाने के लिए किसानों को प्रति क्विंटल सहायता दी जाएगी- तुर में 4500 रुपये प्रति क्विंटल, तुर–उड़द में 2000 रुपये प्रति क्विंटल और चना में 1800 रुपये प्रति क्विंटल की मदद दी जा रही है, ताकि किसान अच्छे बीज तैयार करने के लिए प्रेरित हों।

केंद्रीय कृषि मंत्री श्री चौहान ने बताया कि किसानों को सब्सिडी पर बीज वितरण के लिए भी राज्यवार लक्ष्य तय किए गए हैं- मध्य प्रदेश के लिए 3,10,870 क्विंटल, राजस्थान के लिए 2,45,000 क्विंटल, महाराष्ट्र के लिए 87,500 क्विंटल और गुजरात के लिए 40,000 क्विंटल दलहन बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित है। उन्होंने कहा कि नई दलहन किस्मों को शीघ्रता से सीड चेन में लाने पर विशेष जोर दिया गया है; राजस्थान में 79, गुजरात में 58, मध्य प्रदेश में 63 और महाराष्ट्र में 58 नई दाल किस्मों की पहचान और उपयोग पर काम हो रहा है।

एमसीएक्स पर चांदी 13000 रुपये उछली, सोना भी तेज, जानिए आज एक भाव

नई दिल्ली। Gold Price Today: डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमले दो हफ्तों के लिए टालने का ऐलान किया है। इस फैसले के बाद एमसीएक्स पर चांदी की कीमत 6% या 13,000 रुपये से अधिक बढ़कर 2,44,770 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई, जबकि एमसीएक्स पर सोने की कीमत 2.4% या 3600 रुपये से अधिक बढ़कर 1,53,944 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई।

इंटरनेशनल मार्केट में भी स्पॉट गोल्ड 2.3% चढ़कर 4,811.66 डॉलर प्रति औंस तक पहुंच गया, जबकि अमेरिकी गोल्ड फ्यूचर्स 3.3% की तेजी के साथ 4,840 डॉलर प्रति औंस के स्तर पर बंद हुए।

विशेषज्ञों के मुताबिक, यह तेजी फिलहाल “रिलीफ रैली” है। ब्लूमबर्ग ने एक्सपर्ट ताई वोंग के हवाले से बताया है कि सोने के लिए 4,930 डॉलर और 5,000 डॉलर के स्तर अहम रेजिस्टेंस बने रहेंगे। हालांकि, आगे की चाल इस बात पर निर्भर करेगी कि ईरान इस युद्धविराम का पालन करता है या नहीं।

चांदी और अन्य धातुओं में भी तेजी
सोने के साथ-साथ अन्य कीमती धातुओं में भी उछाल देखने को मिला। स्पॉट सिल्वर 4.3% बढ़कर 76.08 डॉलर प्रति औंस पहुंच गई। प्लैटिनम 2.4% चढ़ा, जबकि पैलेडियम में 2.1% की बढ़त दर्ज की गई।